भाजपा की सरोज कंवर बनीं जयपुर डिप्टी मेयर, कांग्रेस के सलमान मंसूरी को 33 वोट से हराया
समझें क्या है पूरा मामला
- जयपुर नगर निगम को मिली पहली महिला डिप्टी मेयर, सरोज कंवर ने रचा इतिहास।
- भाजपा की सरोज कंवर ने कांग्रेस के सलमान मंसूरी को 33 वोट से हराया।
- सरोज को 91 और सलमान को मिले 58 वोट, भाजपा का कब्जा मजबूत।
- अब जयपुर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर दोनों पद भाजपा के पास।
- पहली बार पार्षद बनीं सरोज कंवर सीधे पहुंचीं डिप्टी मेयर की कुर्सी तक।
भाजपा की सरोज कंवर जयपुर नगर निगम की नई डिप्टी मेयर चुनी गई हैं। उन्होंने कांग्रेस के सलमान मंसूरी को 33 वोट से हराया दिया। सरोज को 91 और सलमान को 58 वोट मिले। इस जीत के साथ सरोज जयपुर की पहली महिला डिप्टी मेयर बन गई हैं। अब निगम में मेयर और डिप्टी मेयर, दोनों पद भाजपा के पास हैं।
91 बनाम 58 का मुकाबला
डिप्टी मेयर पद के लिए दोपहर 2:30 बजे से निगम मुख्यालय में मतदान हुआ। जिसमें कुल 149 पार्षदों ने वोट डाले। भाजपा की सरोज कंवर को 91 वोट मिले। कांग्रेस के सलमान मंसूरी को 58 वोट मिले। सरोज ने 33 वोट के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
निगम में किसके कितने पार्षद
जयपुर नगर निगम में कुल 150 पार्षद हैं। इनमें भाजपा के 78 और कांग्रेस के 57 पार्षद हैं। 15 पार्षद निर्दलीय चुने गए हैं। सरोज को भाजपा के अपने संख्याबल से 13 वोट ज्यादा मिले। सलमान को कांग्रेस के संख्याबल से एक वोट ज्यादा मिला। यानी निर्दलीय पार्षदों का बड़ा हिस्सा भाजपा के साथ रहा।
मेयर चुनाव से भी बड़ी जीत
एक दिन पहले शुक्रवार को मेयर का चुनाव हुआ था। उसमें भाजपा के सुनील कोठारी जीते थे। उन्होंने कांग्रेस की सुनीता मावर को 29 वोट से हराया था।कोठारी को 89 और मावर को 60 वोट मिले थे। डिप्टी मेयर चुनाव में भाजपा का आंकड़ा दो वोट और बढ़ गया। वहीं कांग्रेस के वोट दो कम हो गए। अब जयपुर नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर, दोनों पद भाजपा के पास हैं।
कौन हैं सरोज कंवर
सरोज कंवर वार्ड नंबर 90 से पार्षद चुनी गई हैं। यह उनका पहला चुनाव था। पार्षद चुनाव में उन्होंने कांग्रेस की ममता को 2,208 वोट से हराया था। सरोज भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री रणजीत सिंह सोडाला की पत्नी हैं। रणजीत सिंह रावणा राजपूत समाज के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।
ओबीसी और महिला चेहरे पर दांव
भाजपा ने डिप्टी मेयर पद के लिए सोच-समझकर उम्मीदवार चुना। पार्टी ने ओबीसी और महिला चेहरे पर दांव लगाया। यह दांव सफल रहा। पहली बार पार्षद बनकर सीधे डिप्टी मेयर बनना सरोज के लिए बड़ी उपलब्धि है।
कौन हैं सलमान मंसूरी
कांग्रेस के सलमान मंसूरी वार्ड नंबर 137 से पार्षद हैं। यह वार्ड हवामहल विधानसभा क्षेत्र में आता है। वे दूसरी बार पार्षद चुने गए हैं। पार्षद चुनाव में सलमान ने भाजपा के रहीम मंसूरी को 1,980 वोट से हराया था। उनकी बहन भी पहले पार्षद रह चुकी हैं। अनुभव के बावजूद संख्याबल के आगे सलमान टिक नहीं सके।
प्रदेश में भाजपा का दबदबा
डिप्टी मेयर चुनाव में प्रदेशभर में भाजपा का दबदबा दिखा है। कोटा में भाजपा के विवेक राजवंशी निर्विरोध डिप्टी मेयर बने। वहां कांग्रेस ने चुनाव का बहिष्कार किया था। इससे पहले सात नगर निगमों में हुए डिप्टी मेयर चुनाव में छह पद भाजपा ने जीते थे। अब जयपुर की जीत के साथ पार्टी की पकड़ और मजबूत हुई है।
ये खबर भी पढे़ं:-
जोधपुर में बाड़ेबंदी के बाद पार्षदों को मिले मोबाइल, चेहरे पर आई ख़ुशी
RCA Election: पूर्व-मौजूदा चिकित्सा मंत्री के बेटे अध्यक्ष की रेस में, 6 पद के लिए 33 नामांकन
राजस्थान में पंचायत चुनाव से पहले MLA भाटी का EWS दांव, क्या हैं इसके सियासी मायने?
दादा ने किया केस, पोते के समय तक चल रही सुनवाई, 63 साल पुराने मुकदमे पर हाईकोर्ट सख्त