दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कार ड्रेन में गिरी, 4 साल के बच्चे समेत 2 की मौत

Jageshwar prasad | Jun 15, 2026, 11:13 IST
राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कार ड्रेन में गिर गई
राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार रात कार 15 फीट गहरी ड्रेन में गिर गई। 4 साल के शौर्य की मौके पर मौत, 70 वर्षीय बांके बिहारी दाधीच ने अस्पताल में दम तोड़ा। तीन घायल।

समझें क्या है पूरा मामला

  • दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसा, कार पलटने से दो लोगों की मौत।
  • 4 साल के मासूम शौर्य शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
  • 70 वर्षीय बांके बिहारी दाधीच ने अस्पताल में तोड़ा दम।
  • कार बूंदी के इंद्रगढ़ से कोटा आ रही थी, एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित हुई।
  • धमाके की आवाज सुन दौड़े ग्रामीण और की बचाव कार्य में मदद।

राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। मेहंदी माइनर के नजदीक रात करीब 8 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी और एक्सप्रेसवे से करीब 15 फीट नीचे बनी ड्रेन में जा गिरी। कार के परखच्चे उड़ गए।



इस हादसे में 4 साल के मासूम शौर्य शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। 70 वर्षीय बुजुर्ग बांके बिहारी दाधीच ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीन अन्य लोग घायल हुए हैं जिनका इलाज जारी है।



बूंदी से कोटा आ रहे थे

सुल्तानपुर थाना अधिकारी दौलत साहू ने बताया कि कार में सवार लोग बूंदी जिले के इंद्रगढ़ से कोटा आ रहे थे। कार में पांच लोग सवार थे। कोटा की पार्श्वनाथ कॉलोनी निवासी नंदेश कुमार दाधीच, उनके पिता बांके बिहारी, मां कमलेश और उनके दोस्त विजय कुमार शर्मा अपने 4 वर्षीय बेटे शौर्य शर्मा के साथ थे।



अचानक कार का संतुलन बिगड़ा। वह विपरीत दिशा में घूमती हुई डिवाइडर के बीच खाली जगह से एक्सप्रेसवे के नीचे जा गिरी। जहां हादसा हुआ वहां मेहंदी माइनर है जहां नीचे रास्ता और नहर है।



दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कार पलटने से दो लोगों की मौत


धमाके की आवाज से दौड़े ग्रामीण

हादसे के समय इतनी तेज धमाके की आवाज आई कि आसपास के ग्रामीण एक्सप्रेसवे पर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम, 108 एम्बुलेंस और दीगोद व सुल्तानपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।



मासूम शौर्य नहीं बचा, दादा ने भी तोड़ा दम

4 वर्षीय शौर्य शर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायलों को तुरंत स्वामी विवेकानंद नगर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान 70 वर्षीय बांके बिहारी दाधीच की भी मौत हो गई।



शेष तीन घायलों का इलाजजारी है। पुलिस ने दोनों शवों को सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।



ये भी पढ़ें:-

कूनो से निकला चीता बंध बारैठा से किया गया रेस्क्यू, वापस कूनो भेजा गया



राजस्थान में 9 साल बाद बढ़ी लाइसेंस फीस, होटल-रेस्टोरेंट-जिम होंगे महंगे



बीज में रिश्वतखोरी: रिमांड के बाद आरोपियों को भेजा जेल, एसीबी को मिले अहम सबूत



बीमा कंपनी को 2 लाख रुपए 9 प्रतिशत ब्याज सहित देने के आदेश, 25 हजार का जुर्माना



Tags:
  • कोटा
  • दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे
  • दर्दनाक हादसा
  • घायलों का इलाज
  • दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसा