नंबर आए शानदार तो मिला हेलिकॉप्टर से सैर का तोहफा, प्रिंसीपल ने खुद के खर्चे पर किया सपना साकार

Ashish Bhardwaj | Mar 13, 2026, 16:13 IST
Photograph: (the sootr)
क्या आपने सुना है कि स्कूल के टेस्ट में अच्छे नंबर लाने का इनाम हेलिकॉप्टर से सैर हो सकता है। राजस्थान के नागौर में सरकारी स्कूल के एक प्रिंसिपल ने खुद के खर्च पर छात्राओं का हेलिकॉप्टर में बैठने का सपना पूरा कर दिखाया।

News In Short

  • अच्छे अंक लाने पर सरकारी स्कूल की छात्राओं को मिली राइड।
  • स्कूल प्रिंसिपल राजेंद्र ढ़ाका ने निजी खर्च पर की हेलिकॉप्टर राइड की व्यवस्था।
  • नागौर में हेलिकॉप्टर राइड की अनुमति नहीं मिली तो चौमू में करवाई सवारी।

News In Detail

जागेश्वर प्रसाद @ जयपुर



राजस्थान के नागौर जिले में एक सरकारी स्कूल की तीन छात्राओं का अनोखा सपना उस समय साकार हो गया, जब स्कूल प्रशासन ने उन्हें हेलिकॉप्टर की सवारी करवाई। पढ़ाई में अच्छे अंक लाकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली इन छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए स्कूल के प्रिंसिपल राजेंद्र ढ़ाका ने यह खास पहल की। उन्होंने खुद के खर्चे पर इन छात्राओं को हेलिकाप्टर से सैर करवाई।



टॉप तीन छात्राओं को मिला मौका

स्कूल के प्रिंसिपल राजेंद्र ढ़ाका ने बताया कि बोर्ड परीक्षा से पहले स्कूल में एक टेस्ट आयोजित किया गया था। इसमें तीन छात्राओं ने सबसे अधिक अंक हासिल किए। बातचीत के दौरान जब छात्राओं से उनके सपने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने जीवन में एक बार हेलिकॉप्टर में बैठने की इच्छा जताई। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली इन छात्राओं के लिए यह सपना काफी बड़ा था।



प्रिंसिपल ने खुद के खर्च पर करवाई हेलिकॉप्टर राइड

प्रिंसिपल ने छात्राओं की मेहनत और उत्साह को देखते हुए उनका सपना पूरा करने का फैसला किया। उन्होंने अपने खर्च पर हेलिकॉप्टर राइड की व्यवस्था करवाई। जब छात्राएं पहली बार हेलिकॉप्टर में बैठीं तो उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।



चौमू में कराई गई हेलिकॉप्टर राइड

प्रिंसिपल के अनुसार शुरुआत में नागौर में ही हेलिकॉप्टर राइड कराने की योजना बनाई गई थी, लेकिन वहां अनुमति नहीं मिलने के कारण छात्राओं को चौमूं ले जाया गया, जहां उन्हें हेलिकॉप्टर से सैर करवाई गई।



छात्राओं का सपना हुआ सच

हेलिकॉप्टर की सवारी के बाद छात्राओं ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनका सपना इतनी जल्दी पूरा हो जाएगा। यह अनुभव उनके लिए जीवनभर यादगार रहेगा। छात्राओं ने कहा कि अब वे और भी अधिक मेहनत से पढ़ाई करेंगी और भविष्य में अपने परिवार व गांव का नाम रोशन करेंगी।



पढ़ाई के लिए प्रेरित करना

प्रिंसिपल का कहना है कि इस तरह की पहल का मकसद बच्चों को बड़े सपने देखने और पढ़ाई के लिए प्रेरित करना है। उनका मानना है कि सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने पर सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी किसी भी मुकाम तक पहुंच सकते हैं।



ये भी पढे़:-

सर्किट हाउस में ठहरना अब महंगा, प्राइवेट कैटेगरी के किरायों में किया बड़ा बदलाव



31 मार्च तक सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक, सरकार ने जारी किए आदेश



राजस्थान में दुर्लभ “स्टोन मैन सिंड्रोम” बीमारी का पहला मामला, मांसपेशियां धीरे-धीरे बन जाती हैं हड्डी



पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल की तलाश जारी, सलमान खान के पनवेल फार्म हाउस पहुंची एसीबी की टीम



Tags:
  • हेलिकॉप्टर
  • सरकारी स्कूल
  • बोर्ड परीक्षा
  • नागौर
  • अच्छे अंक लाने पर