राजस्थान ग्रामीण बैंक का पुराना डोमेन बना खतरा, एडल्ट कंटेंट से फिशिंग तक का जोखिम

Ashish Bhardwaj | Jul 19, 2026, 14:28 IST
ग्रामीण बैंक पर साइबर खतरा
राजस्थान ग्रामीण बैंक के पुराने डोमेन पर एडल्ट कंटेंट दिखने का मामला सामने आया है। भविष्य में इससे ठगी की आशंका बताई जा रही है। आधिकारिक वेबसाइट से बैंकिंग सेवाएं लेने की सलाह दी जा रही है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • राजस्थान ग्रामीण बैंक के पुराने डोमेन पर साइबर सुरक्षा खतरा सामने आया।
  • एक्सपायर डोमेन किसी अन्य पक्ष ने रजिस्टर कर लिया।
  • वेबसाइट को दूसरी साइट पर रीडायरेक्ट कर अश्लील सामग्री दिखाई जा रही है।
  • विशेषज्ञों ने फिशिंग और बैंकिंग ठगी की आशंका जताई।
  • ग्राहकों को सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट से बैंकिंग सेवाएं लेने की सलाह दी गई।

उदयपुर बड़ौदा राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, जिसे अब राजस्थान ग्रामीण बैंक कहा जाता है, के पुराने आधिकारिक डोमेन से जुड़ा एक गंभीर साइबर सुरक्षा मामला सामने आया है। बैंक का पुराना डोमेन समय पर रिन्यू नहीं हो पाया, जिसके बाद यह किसी अन्य पक्ष के नियंत्रण में चला गया।



अब इस डोमेन को दूसरी वेबसाइट पर रीडायरेक्ट कर वहां अश्लील सामग्री दिखाई जा रही है। इससे आशंका है कि भविष्य में इसी डोमेन का इस्तेमाल ग्राहकों को फर्जी बैंकिंग वेबसाइट पर भेजकर साइबर ठगी के लिए किया जा सकता है।



27 जून को दोबारा हुआ रजिस्टर

जांच में सामने आया कि बैंक का यह पुराना डोमेन 27 जून को दोबारा पंजीकृत किया गया था। इसके कुछ ही दिन बाद 2 जुलाई को इस पर एडल्ट कंटेंट अपलोड कर दिया गया।



तकनीकी जांच में इस डोमेन के संचालन का संबंध तुर्की के इस्तांबुल शहर से जुड़ता दिखाई दिया है। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि डोमेन पर यह कब्जा हैकिंग के जरिए हुआ या किसी ने इसे वैध तरीके से रजिस्टर कर लिया।



विशेषज्ञ बोले, फिशिंग का बढ़ सकता है खतरा

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ और डिजिटल फॉरेंसिक इन्वेस्टिगेटर श्याम चंदेल ने इस पूरे मामले पर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि जब कोई डोमेन एक्सपायर होने के बाद समय पर रिन्यू नहीं होता, तो साइबर अपराधी ऐसे डोमेन को खरीदकर उनका दुरुपयोग करने लगते हैं।



चंदेल के मुताबिक शुरुआत में ऐसे डोमेन पर एडल्ट या अन्य आपत्तिजनक सामग्री दिखाई देती है। लेकिन बाद में इसी डोमेन पर फिशिंग वेबसाइट बनाकर बैंकिंग जानकारी चुराने और ठगी करने का प्रयास किया जा सकता है।



उन्होंने आगाह किया कि किसी भी बैंक की वेबसाइट खोलने से पहले उसके यूआरएल की पुष्टि करना बेहद जरूरी है। ऐसा न करने पर ग्राहक आसानी से झांसे में आ सकते हैं। इससे बैंक से जुड़े उपभोक्ताओं के खातों में सेंधमारी का खतरा भी बढ़ जाता है।



सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट का करें इस्तेमाल

साइबर विशेषज्ञों ने बैंक ग्राहकों को स्पष्ट चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि बैंकिंग सेवाओं के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट www.rgb.bank.in का ही इस्तेमाल करें।



विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि वेबसाइट का यूआरएल ध्यान से जांचने के बाद ही लॉग-इन करें। साथ ही पुराने या किसी भी संदिग्ध डोमेन का इस्तेमाल करने से पूरी तरह बचें।



ये खबर भी पढे़:-

जॉब स्कैम का शिकार हो रहे बेरोजगार, 93% लोगों को मिले फर्जी ऑफर



जनता के वाहन फैला रहे है प्रदूषण, अफसरों के लिए सब माफ



बोर्ड की चूक से अटके 38 हजार विद्यार्थी, 37 दिन बाद भी नहीं मिली मार्कशीट



हाई कोर्ट में कल पेश होगी पंचायत-निकाय चुनाव योजना, सरकार ने की उच्च स्तरीय बैठक



Tags:
  • साइबर सुरक्षा
  • आधिकारिक वेबसाइट
  • बैंकिंग सेवाएं
  • राजस्थान ग्रामीण बैंक