T20 मैच में भारत की जीत का जश्न मनाने पर खूनी संघर्ष, पथराव और फायरिंग में युवती गंभीर घायल

Ashish Bhardwaj | Mar 09, 2026, 18:12 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले में टी20 फाइनल मैच में भारत की जीत का जश्न मनाने को लेकर दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से पथराव और फायरिंग की सूचना है।

News In Short

  • राजस्थान के किशनगढ़ बास में दो समुदायों के बीच T20 विश्व कप फाइनल के दौरान हिंसक झड़प हुई।
  • भारतीय टीम के समर्थन में खुशी मनाने पर राय सिख परिवार पर हमला किया गया।
  • हमलावरों ने पथराव और फायरिंग की, जिसमें एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
  • पुलिस ने मामले की पुष्टि की और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी है।
  • घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया, और पुलिस बल तैनात किया गया है।

News In Detail

सुनील जैन​@अलवर



राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़ बास थाना क्षेत्र में दो समुदायों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। यहां बाधोड़ा घुमकड़ गांव में भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रहे T20 विश्व कप फाइनल के दौरान भारतीय टीम का समर्थन करने और जीत का जश्न मनाने पर दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई। आरोप है कि एक विशेष समुदाय के लोगों ने राय सिख परिवार पर केवल इसलिए हमला कर दिया, क्योंकि वे टीम इंडिया की सफलता पर खुशियां मना रहे थे। इस हमले में पथराव के साथ-साथ फायरिंग की भी खबर है। इसमें एक युवती के सिर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई है।



​इंडिया का गुणगान क्यों करते हो

घटना रविवार रात करीब 10:30 बजे की है। पीड़ित भारत सिंह के परिवार ने बताया कि घर के अंदर मोबाइल नेटवर्क कम होने के कारण परिवार के युवा और सदस्य छत पर बैठकर मैच देख रहे थे। मैच के एक रोमांचक मोड़ पर, जब भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने एक ओवर में लगातार दो विकेट चटकाए, तो परिवार के सदस्यों ने खुशी में तालियां बजाईं और नारेबाजी की।



​पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक धर्म विशेष के परिवार के लोगों ने इस पर आपत्ति जताई और गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद तब और गहरा गया जब हमलावरों ने कथित तौर पर कहा, पाकिस्तान का गुण गाओ, इंडिया का गुणगान क्यों करते हो? जब राय सिख परिवार ने इसका कड़ा विरोध किया और कहा कि वे जिस देश में रहते हैं, उसी की जयकार करेंगे, तो मामला खूनी संघर्ष में बदल गया।



​15-20 लोगों ने बोला हमला, छत से की फायरिंग

​बहस के कुछ ही देर बाद करीब 15 से 20 लोग लाठी-डंडों और पत्थरों से लैस होकर पीड़ित के घर के बाहर पहुंच गए। हमलावरों ने घर पर पथराव शुरू कर दिया। वहां के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक हमलावर छत पर चढ़ गया और वहां से फायरिंग कर दी।



गोली 30 वर्षीय भजनो बाई के सिर को छूती हुई निकल गई, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं। इस हमले में युवती के मामा रिंकू सहित परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए।



​अस्पताल में भर्ती, युवती की हालत नाजुक

घायल युवती को तुरंत किशनगढ़ बास के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि युवती के सिर पर 9 टांके आए हैं और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।



घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। खैरथल-तिजारा के पुलिस अधीक्षक (SP) मनीष चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें प्राप्त हुई हैं।



पथराव की पुष्टि, आरोपी फरार

एसपी ने बताया कि युवाओं द्वारा मैच के दौरान तालियां बजाने और शोर मचाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पथराव की पुष्टि हुई है, जिसमें महिला घायल हुई है। हालांकि, फायरिंग के दावों की पुलिस अभी गहनता से जांच कर रही है। घटना के बाद से बाधोड़ा घुमकड़ गांव में भारी तनाव व्याप्त है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।



पुलिस कर रही जांच

खेल के मैदान की प्रतिद्वंद्विता का इस तरह सांप्रदायिक रंग लेना और हिंसा में तब्दील होना चिंता का विषय है। फिलहाल, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, जिससे दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके और गांव में शांति व्यवस्था बहाल की जा सके।



ये भी पढ़े:-

पहली बार सरकारी अस्पताल में AI आधारित स्मार्ट कॉक्लियर इम्प्लांट, उदयपुर की 3 साल की बच्ची को मिली नई उम्मीद



उदयपुर फाइल से जयपुर तक हड़कंप, हनीट्रैप के दलदल में धंस रही राजनीति, जानिए ऐसे नेताओं की पूरी कुंडली



दुबई में फंसे भारतीयों के लिए राजस्थानी व्यवसायी बना फरिश्ता, आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया पर ऐसे की सराहना



टी 20 वर्ल्ड कप: जीत के जश्न में जयपुर की मॉडल अदिति भी, पहली बार ईशान के साथ आईं नजर





Tags:
  • जसप्रीत बुमराह
  • दो समुदायों के बीच विवाद
  • अलवर
  • T20 विश्व कप फाइनल
  • खैरथल-तिजारा