राजस्थान निकाय चुनाव में RPI की एंट्री, रामदास अठावले ने खोले चुनावी पत्ते

Saurabh Mishra | Aug 03, 2026, 19:01 IST
रामदास अठावले ने अपनी पार्टी RPI के राजस्थान निकाय चुनाव में उतरने की बात कही।
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने राजस्थान सरकार से भूमिहीन गरीबों को 5 एकड़ जमीन देने की मांग की। उन्होंने यूसीसी और 2029 चुनाव पर भी बड़े बयान दिए।

समझें क्या है पूरा मामला

  • केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने राजस्थान सरकार से भूमिहीनों को 5 एकड़ जमीन देने की मांग की।
  • उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू होने से मुसलमानों की गरीबी मिटेगी।
  • अठावले ने भरोसा जताया कि 2029 में नरेंद्र मोदी ही फिर से देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
  • उनकी पार्टी आरपीआई राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव लड़ेगी।
  • अठावले ने छात्र आंदोलन और राहुल गांधी के संसद में दिए बयान पर भी पलटवार किया।

जयपुर. राजस्थान में पंचायत-निकाय चुनाव से पहले रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) ने भी तैयारी तेज कर दी। जयपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने पार्टी के पहली बार राज्य में चुनाव लड़ने का ऐलान किया और भूमिहीन गरीबों को 5 एकड़ जमीन देने की वकालत की। इसके साथ ही उन्होंने यूसीसी को लेकर भी बड़ा बयान दिया।



राजस्थान में चुनाव लड़ेगी आरपीआई

अठावले ने बताया कि उनकी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (Republican Party of India) राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ गठबंधन होने के कारण प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के साथ सीटों पर चर्चा कर तय किया जाएगा कि किन निकायों में भाजपा का समर्थन करना और किन सीटों पर आरपीआई अपने प्रत्याशी उतारेगी।



भूमिहीन गरीबों को जमीन देने की मांग

अठावले ने कहा कि राजस्थान सीएम से उनकी मांग है कि गरीबी हटानी है तो गांव के गरीब खेत मजदूरों को 5 एकड़ जमीन देनी चाहिए। उनका मानना है कि इससे भूमिहीन लोग शहर की तरफ पलायन नहीं करेंगे। गांव में रोजगार न मिलने की वजह से ही लोग मजदूरी के लिए शहर आते हैं।



उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार को हर जाति और वर्ग के भूमिहीन ग्रामीण को पांच एकड़ जमीन फ्री देने का कार्यक्रम शुरू करना चाहिए। इसके लिए पहले एक एक्सपर्ट कमेटी बनाकर पात्र परिवारों का सर्वे कराया जाए। अगर सरकार के पास जमीन नहीं है तो उसे खरीदकर दी जाए।



अठावले ने भूदान आंदोलन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिनके पास ज्यादा जमीन है, वे भी गरीबों को जमीन दान कर सकते। उन्होंने बताया कि वे जल्द ही राजस्थान सीएम भजनलाल शर्मा को इस बारे में चिट्ठी लिखेंगे।



यूसीसी पर अठावले का बयान

समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code) पर बोलते हुए अठावले ने कहा कि यूसीसी मुसलमानों के विरोध में नहीं। उनके अनुसार जनसंख्या नियंत्रण के लिए यूसीसी बहुत जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि इससे मुसलमानों का विकास होगा और उनकी गरीबी मिट सकती।



अठावले ने यह भी कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश को भी यूसीसी लागू करना चाहिए। उनका मानना है कि ऐसा करने से इन देशों की गरीबी भी दूर हो सकती है। उन्होंने सुझाव दिया कि वहां के प्रधानमंत्रियों को इस बारे में चिट्ठी लिखी जानी चाहिए।



2029 में मोदी फिर बनेंगे पीएम

अठावले ने भरोसा जताया कि 2029 में नरेंद्र मोदी ही देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी शारीरिक रूप से फिट और मजबूत हैं। उनके मुताबिक मोदी ने देश के विकास के लिए बड़ा काम किया है।



उन्होंने दावा किया कि 2029 का चुनाव एनडीए जीतेगी और चौथी बार सरकार बनाएगी। अठावले ने कहा कि राहुल गांधी, ममता बनर्जी और अखिलेश यादव में एनडीए को हराने की ताकत नहीं है।



छात्र आंदोलन पर भी बोले अठावले

अठावले ने छात्र आंदोलन को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि छात्रों को इकट्ठा करने का बड़ा काम हुआ है, लेकिन हिंसा से कुछ हासिल नहीं होता। उनके मुताबिक हिंसक तरीके से चलने वाले आंदोलन लंबे समय तक नहीं टिकते।



उन्होंने कहा कि सरकार ने छात्रों की मांगें मान ली हैं और पेपरलीक मामलों में कार्रवाई भी हुई है। अठावले ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने छात्र आंदोलन को बिगाड़ने की कोशिश की।



राहुल गांधी के बयान पर पलटवार

संसद में दिए गए एक बयान का जिक्र करते हुए अठावले ने राहुल गांधी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि संसद में इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल उचित नहीं है। अठावले ने यह भी कहा कि विपक्ष की तरफ से गंभीर आरोप लगाकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।



FAQ

  1. सवाल 1: केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास अठावले ने राजस्थान सरकार को क्या सुझाव दिया ?
    जवाब: अठावले ने गांवों के भूमिहीन गरीबों को 5 एकड़ जमीन फ्री देने का सुझाव दिया। उनका मानना है कि इससे शहरों की तरफ पलायन रुकेगा।
  2. सवाल 2: अठावले ने यूसीसी पर क्या कहा?
    जवाब: उन्होंने कहा कि यूसीसी मुसलमानों के विरोध में नहीं है। उनके अनुसार इससे मुसलमानों की गरीबी मिट सकती है।
  3. सवाल 3: क्या अठावले की पार्टी राजस्थान में निकाय चुनाव लड़ेगी?
    जवाब: हां, आरपीआई राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव लड़ेगी। पार्टी कुछ जगहों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी और बाकी जगह बीजेपी को सहयोग देगी।




यह खबरें भी पढ़ें...



रामदास अठावले का विवादित बयान: न्यायपालिका को संसद का सम्मान करना चाहिए



राजस्थान निकाय चुनाव 2025 : आ गई शहरी सरकार के चुनाव की तारीख, UDH मंत्री ने किया खुलासा



राजस्थान भाजपा ने पंचायत-निकाय चुनाव समिति 8 दिन में बदली, घनश्याम तिवाड़ी की छुट्टी



अजेय कुमार बने राजस्थान भाजपा में संगठन महामंत्री, ढाई साल से खाली था यह पद



Tags:
  • राजस्थान
  • रामदास अठावले
  • केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले
  • राजस्थान में पंचायत-निकाय चुनाव