एसीबी ने 2.63 लाख नकदी के साथ पकड़ा था, अब कृषि विभाग ने किया सस्पेंड
समझें क्या है पूरा मामला
- भ्रष्टाचार के आरोप में कृषि आयुक्तालय के तीन अधिकारी निलंबित।
- महेश, चंदराम और भगवान सहाय सस्पेंड, बाड़मेर-जैसलमेर-प्रतापगढ़ भेजे।
- एसीबी की कार्रवाई में इनसे 2.63 लाख संदिग्ध नकदी बरामद हुई थी।
- निरीक्षण के नाम पर की थी वसूली, एसीबी ने जयपुर-दिल्ली हाइवे पर पकड़ा था।
- खाद-कीटनाशक फैक्ट्रियों का निरीक्षण कर लौट रहे थे, रास्ते में पकड़े गए थे।
राजस्थान का कृषि विभाग इन दिनों भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर लगातार सुर्खियों में है। कुछ दिनों पूर्व एसीबी ने तीन कृषि अधिकारियों की गाड़ी से 2.63 लाख रुपए की संदिग्ध नकदी बरामद की थी।
इसके बाद की कार्रवाई में अब विभाग ने भी इन तीनों को निलंबित कर दिया है। अधिकारियों पर निरीक्षण के नाम पर औद्योगिक इकाइयों से वसूली करने का आरोप है। तीनों का मुख्यालय बाड़मेर, जैसलमेर और प्रतापगढ़ कर दिया गया है।
तीनों अधिकारी निलंबित
राजस्थान सरकार के कार्मिक विभाग ने आदेश जारी किए हैं। विभाग की संयुक्त सचिव बिंदु करुणाकर ने तीनों कृषि अधिकारियों के निलंबन का आदेश दिया है। निलंबित अधिकारियों में महेश कुमार मीना, चंदराम गुर्जर और भगवान सहाय यादव शामिल हैं।
निलंबन अवधि में महेश कुमार मीना का मुख्यालय बाड़मेर होगा। चंदराम गुर्जर को जैसलमेर और भगवान सहाय यादव को प्रतापगढ़ भेजा गया है। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी जारी है।
एसीबी ने हाइवे पर पकड़ा
एसीबी की टीम ने इन अधिकारियों की गाड़ी की दिल्ली-जयपुर हाइवे पर शाहपुरा के पास रुकवाकर तलाशी ली थी। उस समय ये भिवाड़ी-कोटपूतली में फैक्ट्रियों का निरीक्षण करके लौट रहे थे। अधिकारियों के पास 2.63 लाख रुपए की संदिग्ध नकदी मिली थी।
एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर स्पेशल इंवेस्टिगेशन यूनिट ने गोपनीय सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की थी। टीम ने रास्ते में गाड़ी रुकवाई और अधिकारियों की तलाशी ली थी।
निरीक्षण के नाम पर वसूली
एसीबी को शिकायत मिली थी कि जयपुर कृषि आयुक्तालय की टीम भिवाड़ी-कोटपूतली में खाद और कीटनाशक इकाइयों का निरीक्षण कर रही है। आरोप था कि निरीक्षण का भय दिखाकर वे इकाइयों से अवैध वसूली कर रहे थे।
सूचना के आधार पर एसीबी की विशेष अनुसंधान इकाई के एएसपी महावीर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। शाहपुरा पुलिया पर निगरानी रखी गई। संदिग्ध वाहन को रुकवाकर उसमें सवार अधिकारियों और चालक की तलाशी ली गई।
ये भी पढ़ें:-
कृषि विभाग की टीम पर फिर छापा, एसीबी ने हाईवे पर पकड़ी काली कमाई
बीज में रिश्वतखोरी: रिमांड के बाद आरोपियों को भेजा जेल, एसीबी को मिले अहम सबूत
फलोदी विधायक के पीए ने किसे दिए 60 लाख, एसीबी अब खोलेगी राज
एसीबी ने ट्रैफिक एसआई को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से लेता था पैसे