बालकनाथ ने इंजीनियर से कहा—तुम जेईएन हो या नाई, सैन समुदाय बोला, विधायक का रवैया गलत, मांगें माफी
News In Short
- तिजारा विधायक महंत बालकनाथ ने टपूकड़ा में इंटरलॉकिंग टाइल्स के काम का किया निरीक्षण ।
- विधायक ने जेईएन से काम की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और मिलीभगत का लगाया आरोप।
- विधायक ने इंजीनियर को फोन कर फटकारा और बोले, तुम जेईएन हो या नाई...।
- जातिसूचक संबोधन से विवाद खड़ा हो गया। सैन समुदाय ने इसकी निंदा की है।
- सैन समुदाय ने कहा, विधायक अपना रवैया सुधारे और मांगे माफी।
News In Detail
राजस्थान में तिजारा के भाजपा विधायक महंत बालकनाथ ने शुक्रवार रात टपूकड़ा कस्बे में चल रहे इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने के काम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने काम की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई और मोबाइल फोन पर जेईएन (Junior Engineer) को फटकारा। वे इतने तैश में आ गए कि उन्होंने इंजीनियर से कहा कि तुम जेईएन हो या नाई...। विधायक के इस जातिसूचक संबोधन से विवाद हो गया। सैन समुदाय ने विधायक के रवैये को गलत बताया है।
क्यो है पूरा मामला
टपूकड़ा के गोपाली चौक से गांधी चौक तक लगभग एक किलोमीटर लंबे रूट पर इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने का काम चल रहा है। अब तक केवल 200 मीटर तक ही काम पूरा हो पाया है। स्थानीय लोगों ने इस काम की गुणवत्ता को लेकर विधायक महंत बालकनाथ से शिकायत की थी। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे।
इंजीनियर को ऐसे फटकारा
विधायक महंत बालकनाथ ने काम की गुणवत्ता को चेक किया और पाया कि टाइल्स बिछाने से पहले किया गया निर्माण सही नहीं था। उनका कहना था कि 4 इंच तक सीमेंट और कंक्रीट होना चाहिए था, लेकिन जब उन्होंने निरीक्षण किया तो वह अनुपस्थित था।
इस पर विधायक ने टपूकड़ा पालिका के जेईएन छोटेलाल मीणा को फोन किया और उन्हें फटकारते हुए सवालिया लहजे में बात की। विधायक ने पूछा, तुम इतने दिन से क्या कर रहे थे? तुम नाई हो या जेईएन, तुमने बीटेक किया है या कुछ और?
विधायक ने कहा, तुम पढ़े-लिखे हो, तुम्हें यह काम अच्छे से आना चाहिए था। जेईएन ने जवाब दिया कि वह बीटेक किए हुए हैं, तो विधायक ने कहा कि उन्होंने 4 इंच की स्पेस की बात की, लेकिन वह तो वहां नहीं है।
विधायक ने मिलीभगत का आरोप लगाया
विधायक ने जेईएन से कहा, आप यहां काम मॉनिटर कर रहे थे, तो ये सब कैसे हुआ? क्या आप भी इसमें शामिल थे? उन्होंने ठेकेदार पर भी आरोप लगाया कि वह चोरी कर रहा था। विधायक ने कहा कि उन्होंने 200 मीटर तक काम किया और उन्होंने कई बार काम का निरीक्षण किया, लेकिन किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया।
सैन समुदाय की तीखी प्रतिक्रिया
इंजीनियर को फटकारने का वीडियो वायरल हो गया है। इसमें विधायक की ओर से जातिसूचक शब्द कहे जाने पर सैन समुदाय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सैन समुदाय ने कहा कि विधायक का इस तरह जातिसूचक संबोधन गलत है। उन्होंने एक समुदाय को गलत से पेश किया है। इसके लिए विधायक को माफी मांगनी चाहिए।
जेईएन छोटेलाल मीणा का बयान
मामले पर जेईएन छोटेलाल मीणा ने कहा कि टपूकड़ा में इंटरलॉकिंग टाइल्स का काम अलवर की ईआई फर्म द्वारा किया जा रहा है। कांट्रैक्टर की तरफ से कुछ हल्का काम किया जा रहा था, जिसे विधायक ने निरीक्षण के दौरान पकड़ा। जेईएन ने कहा कि जिन कमियों की पहचान की गई है, उन्हें ठीक किया जा रहा है।
ये भी पढे़:-
रणथंभौर में टेरिटरी संघर्ष में 9 साल में 9 बाघों की मौत, हो रही है क्षमता से अधिक संख्या
नीट यूजी परीक्षा के लिए चलेंगी एग्जाम स्पेशल ट्रेनें, 3 मई को है एग्जाम
राजस्थान के सीनियर IPS पर रेप का केस दर्ज, शादी का झांसा देकर ज्यादती का आरोप
राजस्थान में गायब हुए आईजी कालूराम रावत, पुलिस ने जारी किया नोटिस