विधायक से मारपीट मामले का मामला उलझा, अब इंजीनियर ने एमएलए पर लगाए ये आरोप
News In Short
- श्रीगंगानगर विधायक जयदीप से मारपीट के मामले में आया नया मोड़।
- अब आरयूआईडीपी इंजीनियर ने विधायक पर लगाए मारपीट करने के आरोप।
- विधायक और उनके समर्थकों पर जातिसूचक गाली देने और पिटाई का लगाया आरोप।
- इससे पहले विधायक ने अधिकारियों पर हाथापाई और थप्पड़ मारने का लगाए थे आरोप।
- मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस और प्रशासन ने कदम उठाने की घोषणा की।
News In Detail
राजस्थान में श्रीगंगानगर के भाजपा विधायक जयदीप बिहानी से मारपीट करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस विवाद में अब आरयूआईडीपी (RUIDP) के सहायक अभियंता जगनलाल बैरवा ने विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अभियंता बैरवा ने भाजपा विधायक जयदीप बिहानी और उनके समर्थकों पर बुरी तरह पिटाई और जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगाया है, जबकि विधायक ने भी अधिकारियों पर मारपीट का आरोप लगाया है।
बैरवा का आरोप: विधायक ने किया हमला
सहायक अभियंता बैरवा के अनुसार उन्हें फोन करके जनसुनवाई के लिए विधायक सेवा केंद्र बुलाया गया था। वह एलएंडटी (L&T) के प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज और इंजीनियर सोहराम के साथ वहां पहुंचे। बैरवा का कहना है कि जैसे ही वे सेवा केंद्र पहुंचे, वहां विधायक अपनी गाड़ी में बैठे थे। बिना कुछ कहे-सुने उन्होंने उन पर थप्पड़ जड़ दिया।
बैरवा ने आरोप लगाया कि विधायक ने जातिसूचक गालियां दीं। साथ ही उनके समर्थकों ने उन्हें नीचे गिराकर लात-घूंसों और पाइपों से पीटा। बैरवा के मुताबिक इस हमले में उनकी एक आंख को गंभीर चोटें आई हैं। उनके शरीर पर चोटों के निशान हैं।
विधायक ने आरोपों को बताया गलत
विधायक जयदीप बिहानी ने पहले अधिकारियों पर मारपीट का आरोप लगाया था। उनका कहना है कि वह विधायक सेवा केंद्र में पेयजल समस्या को लेकर बैठक ले रहे थे। इसमें आरयूआईडीपी के एईएन जगनलाल बैरवा और एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर को बुलाया गया था।
विवाद बढ़ने पर अधिकारियों ने तैश में आकर विधायक के साथ हाथापाई की और यहां तक कि उनके चेहरे पर थप्पड़ मारा। इससे उनका चश्मा भी टूट गया। विधायक ने कहा कि इस घटना से अफरा-तफरी मच गई थी और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।
बैरवा ने आरोपों को किया खारिज
बैरवा ने विधायक और उनके समर्थकों द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि वह स्वयं विधायक से मारपीट क्यों करेंगे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करके विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराने की गुहार की है। बैरवा का कहना है कि यह पूरी घटना साजिश का हिस्सा हो सकती है।
इससे पहले विधायक ने लगाए थे आरोप
इससे पहले विधायक ने बताया था कि श्रीगंगानगर में पिछले एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह चरमराई हुई थी। करनपुर रोड और पुरानी आबादी जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में बूंद-बूंद पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची थी। इसी संकट के समाधान के लिए विधायक जयदीप बिहानी ने आरयूआईडीपी और एलएनटी कंपनी के अधिकारियों को अपने कार्यालय में जनसुनवाई के लिए बुलाया था।
विधायक का आरोप है कि अधिकारी पिछले कई दिनों से फोन पर संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे थे। जब वे कार्यालय पहुंचे, तो विधायक ने उनसे 550 करोड़ रुपये की जल योजना में हो रही देरी और जनता की परेशानी पर कड़ाई से सवाल पूछे। इसी बहस के दौरान अधिकारियों ने अपना आपा खो दिया और अचानक विधायक पर लात-घूंसे चला दिए।
ये भी पढे़:-
राजस्थान में डिजिटल जनगणना की हुई शुरूआत, CM भजनलाल ने भरा पहला फॉर्म
जयपुर में बढ़ रहा है गाड़ी मॉडिफिकेशन का अवैध कारोबार, सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवाल