मामा का मैजिक ही कहिए इसे... 6 महीने में 10 बोर्ड, 12 लोक बनाने का ऐलान कर चुके शिवराज, जहां दौरा; वहां नई घोषणा

author-image
Pratibha Rana
एडिट
New Update
मामा का मैजिक ही कहिए इसे... 6 महीने में 10 बोर्ड, 12 लोक बनाने का ऐलान कर चुके शिवराज, जहां दौरा; वहां नई घोषणा

रवि दीक्षित, BHOPAL. चुनावी नाव में सवार हो चुकी सरकार घोषणाओं में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नित नए ऐलान कर रहे हैं। जाति, धर्म और समाज के हिसाब से घोषणाएं प्लान की जा रही हैं। सीएम की बीते छह माह की सिर्फ समाज के बोर्ड बनाने की घोषणाएं ही 10 से ज्यादा हैं। वे 12 धार्मिक लोक बनाने का ऐलान कर चुके हैं। अब सरकार छिंदवाड़ा जिले के जामसांवली में 'श्री हनुमान लोक' बनाने जा रही है। 24 अगस्त को इसका थ्रीडी वीडियो लेआउट जनता के सामने पेश किया जा चुका है।



उधर, सामान्य, ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग को साधने के लिए अलग-अलग योजनाएं लाने का दावा किया जा रहा है। जिस समाज का जितना बड़ा वोट बैंक है, उस हिसाब से दांव खेला जा रहा है। सरकार का पूरा फोकस बड़े वोट बैंक को साधने पर है। लिहाजा, धार्मिक और सांस्कृतिक घोषणाओं का दौर भी तेज है। इसे दूसरे शब्दों में ऐसे कह सकते हैं कि जहां मुख्यमंत्री दौरा कर रहे हैं, वहां नया ऐलान हो रहा है। 23 अगस्त को ही उन्होंने शहडोल में एयरपोर्ट बनाने की बात कही। नगर निगम और कॉलेज खोलने की बात कही। 



500 रुपए में मिलेगा सिलेंडर!



अब 29 अगस्त को महिलाओं को लेकर राजधानी भोपाल में फिर बड़ा आयोजन होने जा रहा है। सीएम शिवराज अपनी हर सभा में यह प्रचारित कर रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि रक्षाबंधन से पहले सीएम 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का ऐलान कर सकते हैं। खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग के अफसर इसे लेकर युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं। वहीं सीएम ने 'मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना' की राशि को एक हजार रुपए से बढ़ाकर 1250 रुपए या इससे ज्यादा देने की भी घोषणा की हैं।



10 से ज्यादा बोर्ड, अध्यक्ष को मंत्री का दर्जा 



शिवराज की सभाओं के विश्लेषण से पता चलता है कि वे अब तक मध्यप्रदेश विश्वकर्मा कल्याण बोर्ड, मध्यप्रदेश रजक कल्याण बोर्ड, मध्यप्रदेश स्वर्ण कला बोर्ड, मध्यप्रदेश तेल घानी बोर्ड, परशुराम कल्याण बोर्ड, वीर तेजाजी कल्याण बोर्ड, मध्यप्रदेश महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड, मध्यप्रदेश कुश कल्याण बोर्ड, मां अहिल्या देवी कल्याण बोर्ड, जय मीनेश कल्याण बोर्ड बनाने का ऐलान कर चुके हैं। इन बोर्ड के अध्यक्ष को मंत्री का दर्जा दिया जाएगा। इससे पहले सरकार पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग का गठन कर चुकी है। सामान्य वर्ग कल्याण आयोग का पुनर्गठन किया जा चुका है। यहां किन्नर समुदाय को ओबीसी में पहले ही शामिल किया जा चुका है।   



महाकाल लोक के बाद और भी...



शिवराज उज्जैन में महाकाल लोक के बाद प्रदेश के अन्य धार्मिक स्थलों पर भी ऐसे 'लोक' बनाने की बात कह चुके हैं। इनमें से सलकनपुर में देवी लोक का काम शुरू हो गया है। ओंकारेश्वर में ओंकारेश्वर लोक, दतिया में पीताम्बरा लोक, इंदौर के पास जानापाव में परशुराम लोक, अमरकंटक में नर्मदा दिव्य लोक, इंदौर में अहिल्या लोक, चित्रकूट में राम वनगमन पथ लोक, मंदसौर में बाबा पशुपति नाथ लोक, आगर में बाबा बैजनाथ लोक, ओरछा में राम राजा लोक, भोपाल में महाराणा प्रताप लोक, पन्ना में जुगल किशोर सरकार लोक बनाने की घोषणा की जा चुकी है। इसी क्रम में सागर में 100 करोड़ रुपए से संत रविदास का मंदिर और संग्रहालय बनाया जाएगा। 12 अगस्त को पीएम नरेंद्र मोदी इसकी आधारशिला रख चुके हैं। 



अमरकंटक में सैटेलाइट सिटी



ओंकारेश्वर में ओंकार पर्वत पर आदि शंकराचार्य की विशाल प्रतिमा स्थापित की जा रही है। सिलसिला यहीं नहीं थमता। अब शिवराज ने अमरकंटक में मैकल पर्वत के नीचे सैटेलाइट सिटी बसाने की घोषणा की है। इसके पीछे वे तर्क देते हैं कि देश संविधान से चलता है, लेकिन धर्म उसका आधार होता है। प्राचीन काल में भी शासक वर्ग पनघट, मंदिर, धर्मशाला एवं सार्वजनिक प्रयोजन के निर्माण कराते थे। राज्य सरकार भी विकास के विभिन्न कार्यों के साथ विभिन्न धर्म-स्थलों का विकास करा रही है।

 


Elections in Madhya Pradesh Chief Minister Shivraj Singh Chouhan MP News मध्यप्रदेश में सरकार की पूरी तैयारी एमपी न्यूज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मप्र में सरकार की घोषणाएं मध्यप्रदेश में चुनाव full preparation of government in MP announcements of government in MP