/sootr/media/post_banners/5b235437135943d6eee50821cda268acd31a9c8464fb8307b2a6963d1e370c8f.jpeg)
अल्ताफ अहमद, बैतूल। मुलताई नगर पालिका में अध्यक्ष का पद पर हुए निर्वाचन को शून्य करने के बाद प्रदेश शासन ने अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए वर्षा गड़ेकर को आगामी आदेश तक नगर पालिका का अध्यक्ष घोषित किया है। इस फैसले की खबर आने के बाद वर्षा के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थक और परिचित वर्षा को बधाइयां देने पहुंचने लगे।
- यह भी पढ़ें
नगरीय विकास एवं आवास, उपसचिव ने जारी किए आदेश
मध्य प्रदेश शासन नगरीय विकास एवम आवास विभाग के उप सचिव आरके कार्तिकेय ने मंगलवार आदेश जारी करते हुए वर्षा गढ़ेकर को आगामी आदेश तक अथवा अध्यक्ष के निर्वाचित होने तक नगर पालिका परिषद मुलताई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। आदेश में उल्लेख किया है कि न्यायालय प्रथम जिला न्यायाधीश मुलताई द्वारा 13 जून को नगर पालिका अध्यक्ष के निर्वाचन को अवैध एवम शून्य घोषित कर दिया था। जिसके चलते नगर पालिका मुलताई में अध्यक्ष का पद रिक्त हो गया था। राज्य शासन द्वारा मध्य प्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 37 ( 2) में निहित शक्तियों के तहत वर्षा गढ़ेकर को आगामी आदेश तक नगर पालिका अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
जनता के लिए मूलभूत सुविधाओं का विकास पहली प्राथमिकता
द सूत्र से बातचीत में वर्षा गड़ेकर ने बताया कि प्रदेश शासन के इस फैसले से वे काफी खुश हैं। नगर पालिका अध्यक्ष का पद रिक्त होने से क्षेत्र के विकास कार्यों पर असर पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के लिए मूलभूत सुविधाओं का विकास करना ही उनकी पहली प्राथमिकता होगी।