इस्लामाबाद. पाकिस्तान के सियालकोट में मिलिट्री बेस पर सिलसिलेवार धमाके हुए हैं। चारों तरफ आग की लपटें दिखाई दे रही हैं। जानकारी के मुताबिक, विस्फोट की आवाज पंजाब प्रांत के छावनी क्षेत्र के पास सुनी गईं। द डेली मिलाप के संपादक ऋषि सूरी ने एक ट्वीट में कहा कि उत्तरी पाकिस्तान में सियालकोट सैन्य अड्डे पर कई धमाके हुए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह एक गोला बारूद भंडारण क्षेत्र (गोडाउन) है। चारों तरफ भयंकर आग है। धमाके की वजहों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
भारी नुकसान की आशंका: धमाके के बाद पाकिस्तान में दहशत का माहौल है। धमाके में अभी कितना नुकसान हुआ है इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन जिस तरह से सिलसिलेवार धमाके हुए हैं, उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि भारी जान-माल के नुकसान की आशंका है। इस धमाके के पीछे किसका हाथ है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पाकिस्तान में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बलूच विद्रोहियों द्वारा अक्सर सैन्य अड्डों को निशाना बनाया जाता रहा है।
सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर: धमाके के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। इन वीडियो में देखा जा सकता है कि मिलिट्री बेस के ऊपर से आग की लपटें हवा में फैल गई हैं। चारों तरफ धुआं ही धुआं नजर आ रहा है।
— MariA RazAa (@RazaaMaria) March 20, 2022