एलिजाबेथ द्वितीय का हुआ निधन, 7 दशक से संभाल रहीं थी ब्रिटेन की शाही परंपरा, 1952 में ब्रिटेन की महारानी बनी थीं

author-image
Shivasheesh Tiwari
एडिट
New Update
एलिजाबेथ द्वितीय का हुआ निधन, 7 दशक से संभाल रहीं थी ब्रिटेन की शाही परंपरा, 1952 में ब्रिटेन की महारानी बनी थीं

DELHI. ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया। एलिजाबेथ यॉर्क के ड्यूक प्रिंस अल्बर्ट और उनकी पत्नी लेडी एलिजाबेथ बोवेस-लियोन की बड़ी बेटी थीं। एलिजाबेथ का 21 अप्रैल 1926  को जन्म हुआ था। क्वीन एलिज़ाबेथ का पूरा नाम एलिजाबेथ एलेक्जेंडरा मैरी विंडसर था। बकिंघम पैलेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि दोपहर बाल्मोरल में रानी एलिजाबेथ का निधन हुआ। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के बाद अब उनके बेटे चार्ल्स (उम्र 73 साल) स्वतः ब्रिटेन के राजा होंगे।




— The Royal Family (@RoyalFamily) September 8, 2022



1952 में ब्रिटेन की महारानी बनी थीं



ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के शासन के 70 साल पूरे हो गए थे। वह 1952 में ब्रिटेन की महारानी बनी थीं। इस खास मौके पर देश भर में चार दिवसीय प्लैटिनम जुबली समारोह का आयोजन किया गया था। हालांकि, महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने इस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया था। वह सार्वजनिक कार्यक्रमों में कम ही दिखती थीं।



पीएम मोदी ने जताया दुख 



महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को हमारे समय की एक दिग्गज के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में गरिमा और शालीनता का परिचय दिया। उनके निधन से आहत हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और ब्रिटेन के लोगों के साथ हैं।




— Narendra Modi (@narendramodi) September 8, 2022



राहुल गांधी ने महारानी के निधन पर जताया दुख



कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महारानी के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर ब्रिटेन के लोगों और शाही परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। उनका एक लंबा और गौरवशाली शासन था, उन्होंने अत्यंत प्रतिबद्धता और सम्मान के साथ अपने देश की सेवा की।



ब्रिटेन की सरकार से लेकर विपक्ष तक चिंतित था



पीएम ट्रस ने कहा था कि बकिंघम पैलेस की इस खबर से पूरा देश चिंतित है। इस समय मेरी और पूरे देश की शुभकामनाएं महारानी और उनके परिवार के साथ हैं। हम उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। इस बीच, हाउस ऑफ कॉमन्स के अध्यक्ष सर लिंडसे हॉयल ने संसद में ऊर्जा विधेयकों पर जारी चर्चा को रोक दी थी। इस दौरान सांसदों को महारानी के स्वास्थ्य के बारे में बताया गया। विपक्षी दल लेबर पार्टी के नेता कीर स्टारर ने ट्वीट किया था कि देश के अन्य लोगों के साथ मैं बकिंघम पैलेस की खबर से बहुत चिंतित हूं। मेरी दुआएं इस समय महारानी और उनके परिवार के साथ हैं।



लंदन ब्रिज इज डाउन



नियम के तहत महारानी के निधन के बाद प्रधानमंत्री लिज ट्रस को एक फोन कॉल के जरिए जानकारी दी जाएगी। एक सरकारी अधिकारी उन्‍हें कोड के जरिए हालात की जानकारी देगा। यह अधिकारी उन्‍हें कहेगा, 'लंदन ब्रिज इज डाउन'। इसके बाद एक न्‍यूजफ्लैश के जरिए प्रेस एसोसिएशन वायर पर उनके निधन की खबर का ऐलान किया जाएगा। फिर शाही परिवार सारी तैयारियों में जुट जाएगा। उनकी आंखों को बंद किया जाएगा और प्रिंस चार्ल्‍स को नया राजा घोषित कर दिया जाएगा। उनके भाई-बहन उनके हाथों को चूमेंगे। कुछ इसी तरह से उनके निधन की घोषणा भी हुई।



10 दिनों बाद अंतिम संस्‍कार



महारानी का अंतिम संस्‍कार उनके निधन के 10 दिन बाद होगा। पीएम की तरफ से सबसे पहला बयान दिया जाएगा। सरकार के सभी मंत्रियों को निर्देश दिए जाएंगे कि पीएम के बयान से पहले वो कुछ न कहें। रक्षा मंत्रालय की तरफ से गन सैल्‍यूट दिया जाएगा और देशभर में एक मिनट का मौन रखा जाएगा। नए राजा प्रिंस चार्ल्‍स के साथ पीएम ट्रस दर्शकों को संबोधित करेंगी और इस संबोधन को देशभर में टेलीकास्‍ट किया जाएगा।

 


Queen Elizabeth Death Britain Queen Elizabeth Queen Elizabeth Death News Queen Elizabeth Died Queen Elizabeth Death Confirmed Queen Elizabeth Death News Live