तुर्किए-सीरिया भूकंप में अब तक 33 हजार से ज्यादा लोगों की मौत, चारों तरफ मलबा; लगातार निकाले जा रहे शव

author-image
Rahul Garhwal
एडिट
New Update
तुर्किए-सीरिया भूकंप में अब तक 33 हजार से ज्यादा लोगों की मौत, चारों तरफ मलबा; लगातार निकाले जा रहे शव

इंटरनेशनल डेस्क. तुर्किए और सीरिया में भूकंप से तबाही का मंजर जारी है। चारों तरफ मलबा है और उसमें से लगातार शवों को निकाला जा रहा है। भूकंप से अब तक 33 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। दोनों देशों में मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। शवों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। लोग अपनों की तलाश कर रहे हैं।



तुर्किए में 113 बिल्डिंग कॉन्ट्रैक्टर्स गिरफ्तार



तुर्किए में भूकंप से प्रभावित शहरों में बिल्डिंग कॉन्ट्रैक्टर्स के खिलाफ जांच की गई। इसके बाद 113 बिल्डिंग कॉन्ट्रैक्टर्स को गिरफ्तार किया गया। भूकंप से कई इमारतें भरभराकर ढह गईं थीं और हजारों लोगों ने जान गंवाई।



अंताक्या शहर में 12 मंजिला इमारत गिरी थी



तुर्किए के एक शहर अंताक्या में 12 मंजिला इमारत ढह गई थी। भूकंप के दौरान इस इमारत में करीब 1 हजार लोग मौजूद थे। हादसे के 6 दिन बाद भी यहां से शवों को लगातार निकाला जा रहा है। मलबे में दबे शवों की पहचान करना बेहद मुश्किल हो रहा है। रेस्क्यू टीम मलबे से शवों को निकालकर बॉडी बैग में भर रही है। परिजन इन बैग को खोलकर अपनों की तलाश कर रहे हैं।



मौतों का आंकड़ा दोगुना होने की आशंका



UN की मदद भेजने वाली इकाई के चीफ मार्टिन ग्रिफिथ्स के मुताबिक तुर्किए और सीरिया में मौतों का आंकड़ा दोगुना हो सकता है। जैसे-जैसे मलबे को हटाया जाएगा और शव बरामद होंगे। तुर्किए में 29 हजार 605 से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। वहीं सीरिया में 3 हजार 553 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन ने सीरिया को 110 टन मेडिकल सप्लाई देने का ऐलान किया है।



भूकंप के 5 झटकों से दहला था तुर्किए



तुर्किए में 6 फरवरी भूकंप का पहला झटका सुबह 4 बजकर 17 मिनट पर आया था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.8 मापी गई थी। भूकंप का एपी सेंटर दक्षिणी तुर्किए का गाजियांटेप था। इससे पहले की लोग इससे संभल पाते कुछ देर बाद ही भूकंप का एक और झटका आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.5 थी। भूकंप के झटकों का ये दौर यहीं नहीं रुका। इसके बाद 6.5 तीव्रता का एक और झटका लगा। इन झटकों ने मालाटया, सनलीउर्फा, ओस्मानिए और दियारबाकिर समेत 11 प्रांतों में तबाही मचा दी। इसी दिन शाम 4 बजे भूकंप का एक और यानी चौथा झटका आया। बताया जा रहा है कि इस झटके ने ही सबसे ज्यादा तबाही मचाई। इसके ठीक डेढ़ घंटे बाद शाम साढ़े 5 बजे भूकंप का 5वां झटका आया था।



1999 में भूकंप से हुई थी 18 हजार लोगों की मौत



तुर्किए की भौगोलिक स्थिति की वजह से यहां पर अक्सर भूकंप आते रहते हैं। 1999 में आए भूकंप में 18 हजार लोगों की मौत हो गई थी। वहीं अक्टूबर 2011 में आए भूकंप में 600 से ज्यादा लोगों ने जान गंवाई थी।


तुर्किए सीरिया भूकंप Turkiye Quake News Why Turkiye Quake Prone Turkiye Earthquake India Relief Turkiye Syria Earthquake Death Toll Turkiye Syria Earthquake तुर्किए में क्यों आते हैं भूकंप तुर्किए भूकंप भारत मदद तुर्किए सीरिया भूकंप मौतें
Advertisment