चीन ने नक्शे में अरुणाचल और अक्साईचिन को अपना हिस्सा बताया, राउत बोले- सरकार सर्जिकल स्ट्राइक करें

author-image
The Sootr CG
एडिट
New Update
चीन ने नक्शे में अरुणाचल और अक्साईचिन को अपना हिस्सा बताया, राउत बोले- सरकार सर्जिकल स्ट्राइक करें

New Delhi. चीन ने 28 अगस्त को अपना ऑफिशियल मैप जारी कर बवाल मचा दिया है। चीन ने नक्शे में भारत के अरुणाचल प्रदेश, अक्साई चीन, ताइवान और विवादित दक्षिण चीन सागर को अपने क्षेत्र में दिखाया है। इसको लेकर देश में सियासी घमासान शुरू हो गया है। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने मोदी सरकार को निशाने पर लिया तो वहीं कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने चीन को निशाने पर लेकर प्रधानमंत्री मोदी और चीन की मुलाकात पर सवाल उठाए हैं। 





हिम्मत है तो चीन पर सर्जिकल स्ट्राइक करें





शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बात सच निकली। राउत ने कहा, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने हाल ही में कहा था कि लद्दाख के पैंगोंग घाटी में चीन ने घुसपैठ की है। मतलब राहुल गांधी ने लद्दाख दौरे पर चीन को लेकर जो बातें कही थीं, वो सही हैं। राउत ने आगे कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लिया था। इस दौरान उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को बधाई दी थी। उसके बाद चीन का ये नक्शा आता है। अगर केंद्र सरकार में हिम्मत है तो वह चीन पर सर्जिकल स्ट्राइक करे। 





चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग जी20 बैठक में आएंगे, मोदी सरकार आत्मनिरीक्षण करे





कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने चीन के दावे को बेतुका बताया है। तिवारी ने कहा है कि चीनी मैप मानक मानचित्र नहीं हैं। ये चीन-भारत सीमा विवाद के इतिहास से मेल नहीं खाते। ऐसे में चीन का दावा बेतुका है। आज असली मुद्दा यह है चीनियों ने थिएटर स्तर पर कई बिंदुओं पर वास्तविक नियंत्रण रेखा का उल्लंघन किया है। तिवारी ने कहा- सितंबर में होने वाले G20 मीटिंग में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग आ रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में केंद्र की मोदी सरकार को गंभीरता से आत्मनिरीक्षण करना चाहिए कि क्या जिनपिंग की मेजबानी करना भारत के स्वाभिमान के अनुरूप होगा। चीन ने एलएसी के साथ 2000 वर्ग किलोमीटर भारतीय क्षेत्र पर अवैध कब्जा कर रखा है, जिसे खाली करने की जरूरत है। संक्षेप में कहें तो, चीनी मानचित्र बेतुके हैं, वे चीन के इतिहास के साथ मेल नहीं खाते हैं।





अप्रैल 2023 : चीन ने अरुणाचल के 11 जगहों के बदले थे नाम 





चीन ने इससे पहले अप्रैल 2023 में अपने नक्शे में अरुणाचल प्रदेश की 11 जगहों के नाम बदल दिए थे। चीन ने पिछले 5 साल में तीसरी बार ऐसा किया है। इसके पहले 2021 में चीन ने 15 जगहों और 2017 में 6 जगहों के नाम बदले थे।





भारत ने कहा : नाम बदलने से हकीकत नहीं बदलेगी 





भारतीय विदेश मंत्रालय ने चीन की इस हरकत पर पलटवार किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा,  हमारे सामने चीन की इस तरह की हरकतों की रिपोर्ट्स पहले भी आई हैं। हम इन नए नामों को सिरे से खारिज करते हैं। अरुणाचल प्रदेश भारत का आतंरिक हिस्सा था, हिस्सा है और रहेगा। इस तरह से नाम बदलने से हकीकत नहीं बदलेगी।





ईटानगर के नजदीकी इलाके का नाम भी बदला





चीन ने कभी अरुणाचल प्रदेश को भारत के राज्य के तौर पर मान्यता नहीं दी। वो अरुणाचल को ‘दक्षिणी तिब्बत’ का हिस्सा बताता है। उसका आरोप है कि भारत ने उसके तिब्बती इलाके पर कब्जा करके उसे अरुणाचल प्रदेश बना दिया है।





चीन के नक्शे में पांच पहाड़ी क्षेत्र और दो नदियां 





चीन के सरकारी अखबार 'ग्लोबल टाइम्स' के मुताबिक सोमवार को चीन की सिविल अफेयर मिनिस्ट्री ने 11 नाम बदले जाने को मंजूरी दे दी। यह सभी इलाके जेंगनेन (चीन के दक्षिण राज्य शिजियांग का हिस्सा) में आते हैं। इनमें से 4 रिहायशी इलाके हैं। इनमें से एक इलाका अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर के बेहद करीब है। 5 पहाड़ी क्षेत्र और दो नदियां हैं। चीन ने इन इलाकों के नाम मन्दारिन और तिब्बती भाषा में रखे हैं।





​​नाम बदलने के पीछे क्या दावा है चीन का?





2021 में चीन ने अरुणाचल प्रदेश की 15 जगहों के नाम बदले थे। इनमें से 8 रिहायशी इलाके थे, 4 पर्वत, 2 नदियां और एक पहाड़ों से निकलने वाला रास्ता था। चीन अरुणाचल के इलाकों के नाम क्यों बदलता है इसका अंदाजा वहां के एक रिसर्चर के बयान से लगाया जा सकता है। 2015 में चाइनीज एकेडमी ऑफ सोशल साइंस के रिसर्चर झांग योंगपान ने ग्लोबल टाइम्स को कहा था, 'जिन जगहों के नाम बदले गए हैं वो कई सौ सालों से हैं। चीन का इन जगहों का नाम बदलना बिल्कुल जायज है।



Official map of China Arunachal Pradesh Aksai Chin in the map of China political tussle Shiv Sena's Raut's statement चीन का ऑफिशियल मैप चीन के नक्शे में अरुणाचल प्रदेश अक्साई चीन सियासी घमासान शिवसेना के राउत का बयान