Weather Update: एमपी में दशहरे पर बिगड़ेगा मौसम का मिजाज, 14 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें CG और राजस्थान के हाल

Aman Vaishnav | Oct 19, 2026, 07:00 IST
मध्य प्रदेश में दशहरे पर आंधी-बारिश का अलर्ट जारी, छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना
मौसम विभाग ने पश्चिमी मध्य प्रदेश में 20 अक्टूबर को तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इधर छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्से में हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। वहीं राजस्थान में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

मध्यप्रदेश का मौसम (MP Weather Update)

मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में दशहरे के दिन यानी 20 अक्टूबर को आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के 14 जिलों में चेतावनी दी है। इससे पहले रविवार को इंदौर, सीहोर और शाजापुर में तेज बारिश हुई।



आज 15 जिलों में बारिश का अनुमान

आज सोमवार 19 अक्टूबर को भी प्रदेश के 15 जिलों में बारिश होने का अनुमान है। इनमें भोपाल, उज्जैन, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, देवास, सीहोर, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर और दमोह शामिल हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 20 से 22 अक्टूबर तक पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी हिस्से में मौसम साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है।



दशहरे पर इन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक 20 अक्टूबर को दशहरे के दिन इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, शाजापुर, हरदा और बैतूल में बारिश हो सकती है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।



क्यों बदल रहा है मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी मध्य प्रदेश के ऊपर से एक ट्रफ गुजर रही है। इसके अलावा चक्रवाती परिसंचरण यानी साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर भी बना हुआ है। इन दोनों मौसमी सिस्टम के कारण प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर शुरू हुआ है। अगले चार दिनों तक पश्चिमी हिस्से में बारिश होने का अनुमान है।



मानसून लौट चुका फिर भी हो रही बारिश

बता दें कि मध्य प्रदेश से इस बार 3 अक्टूबर को ही मानसून लौट चुका है। हालांकि मौसम के सिस्टम सक्रिय होने से बारिश का दौर फिर शुरू हो गया है। पिछले एक सप्ताह से प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में आंधी-बारिश देखने को मिल रही है। पिछले चार दिनों में कई जिलों में तेज बारिश भी हुई है। सोमवार को भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।



मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक, पिछले 10 साल के आंकड़ों को देखें तो अक्टूबर में बारिश, गर्मी और ठंड तीनों का असर रहता है। इस बार भी ऐसा ही मौसम देखने को मिल रहा है। अक्टूबर की शुरुआत में मौसम साफ हो गया था और तेज धूप निकलने लगी थी।



हालांकि रात के समय ठंडक महसूस हो रही है। वहीं कई जिलों में बारिश भी हो रही है।



छत्तीसगढ़ का मौसम (CG Weather Update)

छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम में ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली भी गिर सकती है। अगले 5 दिनों तक दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव होने का अनुमान नहीं है।



मौसम विभाग के अनुसार, 19 अक्टूबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली गिरने की आशंका भी है। 20 अक्टूबर को भी कुछ जगहों पर ऐसा ही मौसम रह सकता है।



अगले 24 घंटे में कितना गिरेगा तापमान?

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि अगले 24 घंटे के बाद रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इससे रात में थोड़ी ठंडक बढ़ सकती है।



रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

रायपुर में अगले 24 घंटे तक आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने शहर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।



21 अक्टूबर से मौसम रहेगा साफ

मौसम विभाग के अनुसार 21 से 24 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम सूखा रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश गरज-चमक और बिजली गिरने को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।



राजस्थान का मौसम (Rajasthan Weather Update)

राजस्थान में बारिश का दौर अब कमजोर पड़ने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक, 19 अक्टूबर से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इससे पहले पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई थी।



पिछले 24 घंटों में टोंक जिले के नगरफोर्ट में सबसे ज्यादा 23 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं पश्चिमी राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सूखा रहा।



बाड़मेर में सबसे ज्यादा तापमान

राजस्थान में सबसे ज्यादा तापमान बाड़मेर में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 18 अक्टूबर को जयपुर, कोटा, अजमेर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई थी। हालांकि अब बारिश का दौर ज्यादा लंबा चलने की संभावना नहीं है।



पश्चिमी राजस्थान में अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम शुष्क रह सकता है। वहीं 23 और 24 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके असर से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।



राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, 19 अक्टूबर को जयपुर, कोटा, अजमेर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है। कहीं-कहीं बादल गरजने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।



बारिश की गतिविधियां पहले के मुकाबले कमजोर पड़ सकती हैं। ऐसे में ज्यादातर इलाकों में धूप निकलने और मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश जिलों में फिलहाल बारिश की संभावना कम है।



मौसम विभाग ने 19 अक्टूबर के लिए पूरे प्रदेश में भारी बारिश का कोई बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया है। ऐसे में लोगों को तेज बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।



Tags:
  • मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट
  • मध्यप्रदेश का मौसम
  • MP Weather Update
  • छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट
  • छत्तीसगढ़ का मौसम
  • CG Weather Update
  • राजस्थान मौसम रिपोर्ट
  • राजस्थान का मौसम
  • Rajasthan Weather Update
  • Weather Update