सम्मान: पुनीत को मरणोपरांत कर्नाटक रत्न पुरस्कार से नवाजा जाएगा, पिता भी हो चुके सम्मानित

author-image
एडिट
New Update
सम्मान: पुनीत को मरणोपरांत कर्नाटक रत्न पुरस्कार से नवाजा जाएगा, पिता भी हो चुके सम्मानित

साउथ इंडियन सिनेमा में लाखों दिल पर राज करने वाले पुनीत राजकुमार को मरणोपरांत कर्नाटक रत्न पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है। राजकुमार के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सीएम बसवराज बोम्मई ने ये ऐलान किया। पुनीत राज्य का यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान पाने वाले 10वें शख्स होंगे। आखिरी बार 2009 में डॉ. वीरेंद्र हेगड़े को समाजसेवा के लिए यह अवॉर्ड दिया गया था। पुनीत का निधन 29 अक्टूबर को 46 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से हुआ था।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में हुआ ऐलान

कर्नाटक के CM बसवराज बोम्मई ने यह घोषणा कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से हुए श्रद्धांजलि कार्यक्रम 'पुनीत नामाना' के दौरान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई लोगों के साथ चर्चा के बाद मैंने पुनीत राजकुमार को मरणोपरांत कर्नाटक रत्न से सम्मानित करने का फैसला लिया है।

पिता भी हो चुके हैं सम्मानित
कन्नड़ सिनेमा पर राज करने वाले पुनीत, डॉ. राजकुमार के 5 बच्चों में सबसे छोटे थे। दिलचस्प बात यह है कि पुनीत के दिवंगत पिता को भी 1992 में कवि कुवेम्पु के साथ कर्नाटक रत्न पुरस्कार दिया गया था।

समाधि स्थल को डेवलप करेंगे
सीएम ने ये भी कहा कि ‘एक्टर का नाम अमर करने के लिए बहुत सारे सुझाव आए हैं। सरकार की भी इच्छा एक ही है। उनका अंतिम विश्राम स्थल उनके माता-पिता डॉ. राजकुमार और पर्वतम्मा राजकुमार की तरह डेवलप किया जाएगा।

Karnataka Ratna Award honour Puneeth Rajkumar