/sootr/media/media_files/lTeq0u8E2vijUrvG7QgX.jpg)
मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में आज ज्येष्ठ मास कृष्ण पक्ष की पंचम तिथि को सुबह 4 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। भगवान महाकाल का सबसे पहले जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद, फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन किया। इसी के साथ आज महाकाल मंदिर के दर्शन करने फिल्म अभिनेत्री राशि खन्ना ( rashi khanna ) और वाणी कपूर ( Vaani Kapoor ) भी पहुंची।
भस्म आरती में शामिल हुई
अभिनेत्री राशि खन्ना और वाणी कपूर श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल की सुबह होने वाली भस्म आरती में शामिल हुई। भस्म आरती समाप्त होने के बाद बॉलीवुड एक्ट्रेस वाणी और राशि ने गर्भ ग्रह की चौखट से भगवान महाकाल का आशीर्वाद भी लिया। इस दौरान महाकाल मंदिर के पुजारियों ने उनका पूजन पाठ संपन्न कराया। दोनों अभिनेत्री भस्म आरती के दौरान भगवान शिव का जाप करती हुई नजर आईं। जानकारी के मुताबिक दोनों ही एक्ट्रेस भस्म आरती के लिए अल सुबह 3 बजे ही मंदिर परिसर में पहुंच गई थीं।
दर्शन के लिए लगातार आ रहे सेलिब्रिटी
महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन में हर दिन फिल्म स्टार्स, सिलेब्रिटी, उद्योगपति और राजनेता दर्शन करने पहुंचते हैं। पिछले कुछ समय से मंदिर में बॉलीवुड एक्टर मनोज वाजपेयी, रवीना टंडन ( Raveena Tandon ), परिणीति चोपड़ा ( Parineeti Chopra ) , सिंगर जुबिन नौटियाल, क्रिकेटर केएल राहुल, उमेश यादव, सिंगर शहनाज अख्तर, एक्टर गोविंदा, हेमा मालिनी, मशहूर गायक हंसराज रघुवंशी, बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा, एक्टर अंशुमन खुराना, कॉमेडियन भारती, सुनील शेट्टी, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ( Virat Kohli and Anushka Sharma ) भी भगवान महाकाल के दर्शन करने आ चुके हैं।
दर्शनार्थियों की बढ़ गई संख्या
जानकारी के मुताबिक जब से उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर परिसर में महाकाल महालोक का निर्माण हुआ है, तब से दर्शनार्थियों की संख्या कई गुना बढ़ गई है। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के मुताबिक महाकालेश्वर मंदिर में सामान्य रूप से प्रतिदिन लगभग 1.5 लाख से 02 लाख भक्त दर्शन के लिए आ रहे हैं, वहीं विशेष पर्व के दिनों व अवकाश के दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है।