पूर्व सीएम कमलनाथ ने फिर साधा बीजेपी सरकार पर निशाना, कहा यह सूट-बूट और लूट की सरकार, भारत जोड़ो यात्रा लाएगी बदलाव

author-image
Vivek Sharma
एडिट
New Update
पूर्व सीएम कमलनाथ ने फिर साधा बीजेपी सरकार पर निशाना, कहा यह सूट-बूट और लूट की सरकार,  भारत जोड़ो यात्रा लाएगी बदलाव

संजय गुप्ता, INDORE.  पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मंगलवार को इन्दौर में भारत जोड़ो यात्रा की जानकारी देने के लिए प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि यह यात्रा ‘एकजुट भारत’ के जज्बे से ओत-प्रोत होकर शुरू की गई है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार को लेकर कहा कि यह सूट- बूट और लूट की सरकार है जिसने आम आदमी का जीना दूभर कर दिया है। राहुल की यात्रा का उद्देश्य है कि आमजन के बीच जाकर देश की एकता और अखंडता, देश के संविधान, देश के लोकतंत्र एवं संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती के लिए और जन-जन के मुद्दों को राष्ट्रीय फलक पर रखते हुए जनता के बीच जाया जाए ताकि हमारा भारत ‘एकजुट भारत’ की राह पर निरंतर बढ़ सके। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को यात्रा मप्र में प्रवेश करेगी।



वर्तमान शासक नफरत और भेदभाव को दे रहे बढ़ावा



कमलनाथ ने कहा कि आज देश में ऐसी परिस्थितियां हैं कि भारत को संविधान की भावना के विपरीत शासित किया जा रहा है। लोकसभा और विधानसभाओं में जनहित के मुद्दों पर आवाज उठने नहीं दी जा रही। संवैधानिक संस्थाओं पर अनैतिक दबाव है।



एक लाख नौकरी का वादा दस साल में भी पूरा नहीं हुआ



कमलनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज से 10 साल पहले प्रदेश में हर वर्ष एक लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था लेकिन दस सालों में भी एक लाख लोगों को रोजगार नहीं दे पाए हैं। वहीं प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि जनता जागृत है जनता को पता है उन्हें क्या करना है 2023 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश एक बार फिर कांग्रेस की सरकार के साथ पटरी पर आएगा। पहले भी प्रदेश की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताया था वह कांग्रेस की सरकार बनाई थी लेकिन उन्होंने धन और बल पर कांग्रेस की सरकार गिराई थी अब एक बार फिर जनता प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने वाली है इसीलिए बीजेपी के नेताओं को भी लग गया है कि 11 महीनों में जितना लूट सकते हैं उतना लूटो।



ग्लोबल समिट को लेकर यह बोले 



प्रदेश में होने वाले इन्वेस्टर सम्मिट को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि मैंने कोई इन्वेस्टर समिट नहीं की। मैंने प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए उद्योग नीति में बदलाव किए थे जिससे उद्योगपतियों में भी प्रदेश में उद्योग लगाने का मन बनाया था। मैं जो काम करता हूं वह प्रदेश की जनता की भलाई के लिए करता हूं, ना ही कोई दिखावे के लिए। बीजेपी की सरकारें जनता को गुमराह कर केवल खुद की ब्रांडिंग के लिए इवेन्ट आयोजित करने में लगी है।



राहुल गांधी की यात्रा को मिलेगी पूरी सुरक्षा

  

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की सुरक्षा को उन्होंने कहा कि मैं कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिला था और भारत जोड़ो यात्रा को लेकर सुरक्षा को लेकर भी चर्चा की थी उन्होंने आश्वासन दिया है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की सुरक्षा पूर्ण रूप से कर दी जाएगी।



मप्र में यात्रा को लेकर भारी उत्साह



कमलनाथ ने दावा किया कि मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा को लेकर अत्यधिक उत्साह है। प्रदेश की आम जनता राहुल गांधी के साथ यात्रा में चलने को लेकर उत्साहित है। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के साथ यात्रा की तैयारी को अंतिम स्वरूप दे रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से 15 से अधिक उपयात्रायें चल रही हैं। ये सभी उपयात्राऐं राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में अलग-अलग स्थानों पर जुड़ जाएंगी।



महापुरुषों से जुड़े स्थानों और ऐतिहासिक धर्मस्थलों पर जाएंगे राहुल



कमलनाथ ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी मध्यप्रदेश की धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विरासतों एवं जननायकों से जुड़े स्थानों पर पहुचेंगे। यात्रा में ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर ज्योर्तिलिंग के दर्शन, मां नर्मदा आरती, दरगाह-ऐ-हकीमी, गुरूद्वारा बुरहानपुर, संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू, संविधान दिवस का कार्यक्रम, देवी अहिल्या बाई को श्रद्धा सुमन व आराध्य टंट्या भील की जन्मस्थली पर श्रद्धासुमन अर्पित करने जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को यात्रा में प्रस्तावित किया गया है।



इन जिलों से गुजरेगी यात्रा



भारत जोड़ो यात्रा का 20 नवंबर की रात प्रदेश में प्रवेश होगा, 21 को विश्राम के बाद 22 नवंबर को बुरहानपुर से भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश में प्रारंभ होगी। मध्यप्रदेश में यात्रा बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर मालवा जिले से होकर गुजरेगी। इंदौर में राजवाड़ा स्थित देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ नुक्कड़ सभा भी प्रस्तावित है।

 


सूट-बूट और लूट की सरकार कमलनाथ का बीजेपी पर आरोप भारत जोड़ो यात्रा मप्र में former CM Kamal Nath कमलनाथ ने बीजेपी पर तंज Suit-boot ki sarkar कमलनाथ का बीजेपी पर हमला Kamal Nath attack on BJP Kamal Nath targeted BJP