JABALPUR : 'हां मैं गांधी' संदेश के साथ 3 पत्रकारों ने की पदयात्रा, महापौर बोले-अगले साल 15 अगस्त पर फहराएंगे सबसे ऊंचा तिरंगा

author-image
The Sootr CG
एडिट
New Update
JABALPUR : 'हां मैं गांधी' संदेश के साथ 3 पत्रकारों ने की पदयात्रा, महापौर बोले-अगले साल 15 अगस्त पर फहराएंगे सबसे ऊंचा तिरंगा

राजीव उपाध्याय, JABALPUR. 'हां मैं गांधी' का संदेश देते हुए तीन पत्रकारों काशीनाथ शर्मा, रविंद्र दुबे और गंगाचरण मिश्र ने रविवार को बारिश में 17 किलोमीटर की पैदल यात्रा की। इन पत्रकारों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठन, विधायक और पत्रकार भी जुड़े। ये पदयात्रा टाउन हॉल से सुबह 8 बजे शुरू हुई और तिलवारा स्थित गांधी स्मारक में संगोष्ठी के साथ समाप्त हुई। इस दौरान महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने घोषणा की कि अगले साल 15 अगस्त के पहले मध्यप्रदेश में सबसे ऊंचा तिरंगा जबलपुर में त्रिपुरी स्मारक में फहराया जाएगा।



तेज बारिश में पदयात्रा



वरिष्ठ पत्रकार काशीनाथ शर्मा, गंगाचरण मिश्र और रविंद्र दुबे ने सुबह टाउन हाल स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक लखन घनघोरिया, विनय सक्सेना, कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष दिनेश यादव, कांग्रेस नेता आलोक मिश्रा, पूर्व राज्य मंत्री कौशल्या गोंटिया, गीताशरद तिवारी, कमलेश अग्रवाल, कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष सतीश तिवारी और समाजवादी, सामाजिक संगठनों, सभी राजनीतिक दलों के सदस्यों ने बापू को पुष्पांजलि अर्पित की। डॉ. जितेंद्र जामदार ने तीनों पत्रकारों का स्वागत करते हुए पद यात्रा को रवाना किया।



रघुपति राघव राजा राम गाते हुए आगे बढ़ी यात्रा



विवेचना रंगमंच के कलाकारों ने भी पदयात्रा में भाग लिया। इस दौरान रघुपति राघव राजा राम भजन गायन करते हुए यात्री आगे बढ़े। पदयात्रा का समापन तिलवारा स्थित गांधी स्मारक में संगोष्ठी के बाद हुआ। संगोष्ठी की अध्यक्षता समाजवादी विचारक और चिंतक रघु ठाकुर ने की।



'ये पहल देश को दिखाएगी नया रास्ता'



समाजवादी विचारक और चिंतक रघु ठाकुर ने कहा कि संस्कारधानी जब खड़ी होती है तो देश को नया संस्कार, नई ऊर्जा देती है। संस्कारधानी में 52 साल पहले जनता के प्रतिनिधि शरद यादव बने थे। अब तीन पत्रकारों ने जो पहल की है वो देश को नया रास्ता दिखाएगी। तेज बारिश  थी, इसके बाद भी इस पदयात्रा पत्रकारों के साथ अन्य लोग भी शामिल हुए और लोगों ने स्वागत किया। इससे उम्मीद लगी है कि देश निर्भीक हो रहा है। युवा पीढ़ी बोलेगी। गांधी एक विचार है। हां मैं गांधी, से ये विचार तीनों पत्रकारों ने खड़ा किया है, देश में मैं जहां भी जाऊंगा, इसकी चर्चा करूंगा।



'गांधी को पढ़े'



वरिष्ठ पत्रकार रविंद्र दुबे का कहना है कि गांधी आज भी विश्व में प्रासंगिक है। गांधी के बारे में गलत प्रचारित किया जा रहा है। युवाओं को गांधी के बारे में पढ़ना चाहिए, जिससे उन्हें सही तथ्य पता चल सके। गांधी के दो सिद्धांत सत्य और अहिंसा हैं। इस पर ही चलना चाहिए। आज कट्टरता का माहौल बना है जिससे युवा वर्ग पीड़ित है। गांधी को समझने के लिए युवा वर्ग को गांधी को पढ़ना होगा।इस यात्रा का यही संदेश है।



सबसे ऊंचा तिरंगा त्रिपुरी स्मारक में लगेगा-महापौर



मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि ये देश गांधी के विचारों का देश है, अहिंसा के पुजारी का देश है। इस पद यात्रा के दौरान ये संकल्प हमने लिया है कि सबसे ऊंचा तिरंगा जबलपुर के त्रिपुरी स्मारक में लगेगा। जोकि मध्यप्रदेश में सबसे ऊंचा होगा।



'गांधी को किताबों में पढ़ें'



वरिष्ठ पत्रकार काशीनाथ शर्मा का कहना है कि युवा वर्ग गांधी को सोशल मीडिया में में नहीं बल्कि किताबों में पढ़े, इसके बाद ही कोई राय बनाए।  वर्तमान में गांधी के बारे में बहुत कुछ झूठी बातें फैलाई जा रही हैं। इससे मन विचलित था। गांधी हर घर में है, विचार में है। गांधी देश की आजादी के पुरोधा थे। इसलिए हम तीनों पत्रकारों ने सोचा कि पदयात्रा निकाली जाए और संदेश दिया जाए कि हां मैं गांधी।



'पदयात्रा मील का पत्थर'



उत्तर क्षेत्र के विधायक विनय सक्सेना ने कहा कि गांधी एक विचार है, एक दर्शन है। आजकल सोशल मीडिया में गांधी के बारे में गलत प्रचार किया जाता है। ये यात्रा उनके लिए करारा जवाब है। ये यात्रा आने वाले भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगी।



'गांधी को समझें'



वरिष्ठ पत्रकार गंगाचरण मिश्र ने पद यात्रा का उद्देश्य बताते हुए कहा कि आजकल सोशल मीडिया में गांधी के बारे में खराब टिप्पणी की जा रही है। लोग गांधी को पढ़ते नहीं हैं। गांधी एक विचार हैं। गांधी इस देश की आत्मा हैं। जो ये सोचते हैं कि गांधी आज नहीं हैं, मैं उनको चेतावनी देता हूं कि गांधी आज जनमानस हैं और जब तक जनमानस में रहेंगे ये देश टुकड़ों में नहीं बंटेगा। क्योंकि गांधी ने देश को जोड़ने का काम किया है। इसलिए गांधी को समझने के लिए उन्हें पढ़ना जरूरी है।


काशीनाथ शर्मा MP News हां मैं गांधी का संदेश देते हुए पदयात्रा 3 पत्रकारों ने की पदयात्रा जबलपुर में मार्च मध्यप्रदेश की खबरें Gangacharan Mishra Ravindra Dubey Kashinath Sharma 3 journalists march in Jabalpur message Yes I am Gandhi march in Jabalpur जबलपुर की खबरें Jabalpur News गंगाचरण मिश्र रविंद्र दुबे