यूक्रेन में फंसे इंदौर के 60 स्टूडेंट, बोले- कल क्या होगा पता नहीं; ये एडवाइजरी

author-image
Aashish Vishwakarma
एडिट
New Update
यूक्रेन में फंसे इंदौर के 60 स्टूडेंट, बोले- कल क्या होगा पता नहीं; ये एडवाइजरी

कीव. रूस और यूक्रेन के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। दोनों देशों के बीच जंग की संभावना जताई जा रही है। ऐसे हालातों के बीच यूक्रेन में करीब 20 हजार भारतीय स्टूडेंट और नागरिक हैं। इनमें मध्यप्रदेश के भी सैंकड़ों स्टूडेंट शामिल हैं। अकेले इंदौर शहर के करीब 60 स्टूडेंट वहां फंसे हुए हैं। भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें छात्रों से कहा है कि वह अस्थायी रूप से देश छोड़ दें। भारतीयों को यह सलाह दी जाती है कि वे यूक्रेन की गैर-जरूरी यात्रा टाल दें। वे यूक्रेन में अपनी मौजूदगी की जानकारी जरूर दें ताकि जरूरत पड़ने पर दूतावास उनसे संपर्क कर सके।  





रीवा और इंदौर के स्टूडेंट फंसे: मेडिकल की पढ़ाई करने के लिए शुभम जिराती यूक्रेन गए है। उन्होंने बताया कि हम यहां सुरक्षित हैं, लेकिन घर वापसी की चिंता भी बनी हुई है। पेरेंट्स बहुत परेशान हैं, वे चाहते हैं कि यहां के हालात और खराब होने से पहले बच्चे घर लौट आएं। वहीं, रीवा के प्रज्जवल भी यूक्रेन में फंसे हुए है। उन्होंने बताया कि रूस के हमले की चेतावनी के बाद से यहां के हालात बिगड़ गए हैं। टेलीकॉम व इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह से ठप हैं। घर वालों से बातचीत भी नहीं हो पा रही है। वॉट्सऐप कॉलिंग पर ही बात हो पा रही है। कल क्या होगा, यह कोई नहीं जानता। वहीं, मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने ट्वीट किया है।







— Vishvas Kailash Sarang (@VishvasSarang) February 15, 2022





यूक्रेन ने कहा जल्दबाजी न करें: यूक्रेन के राजदूत इगोर पोलिखा ने भारतीय एडवाइजरी को लेकर कहा कि छात्रों को स्थिति पर नजर रखनी चाहिए लेकिन घबराना नहीं चाहिए। तनाव कम करने के लिए सक्रिय बातचीत चल रही है। इसे ध्यान में रखते हुए, मुझे यूक्रेन से भारतीय छात्रों के बड़े पैमाने पर वापस लौटने का कोई तात्कालिक कारण नहीं दिखता है। वहीं, यूक्रेन पर रूस के संभावित हमले की आशंकाओं के बीच एक सकारात्मक खबर आई है। रूस की समाचार एजेंसियों ने रूस के रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया है कि रूस यूक्रेन की सीमा से अपने कुछ सैन्य टुकड़ियों को वापस बुला रहा है। इधर, यूक्रेन और रूस के बीच बने युद्ध जैसे हालातों के बीच फ्लाइट का किराया भी तीन गुना से ज्यादा हो गया है। छात्रों ने बताया कि 70 हजार का किराया अचानक से 2 लाख के करीब पहुंच गया है।



advisory इंदौर indian student Russia यूक्रेन में भारतीय यूक्रेन student in ukraine ukraine war Ukraine Indore foreign ministry