जबलपुर में कांग्रेस विधायक संजय यादव ने सीएम के खिलाफ छपवाए पंपलेट, पर्चों में दिया सीएम के खिलाफ आपत्तिजनक स्लोगन

author-image
Rajeev Upadhyay
एडिट
New Update
जबलपुर में कांग्रेस विधायक संजय यादव ने सीएम के खिलाफ छपवाए पंपलेट, पर्चों में दिया सीएम के खिलाफ आपत्तिजनक स्लोगन

Jabalpur. आज कर्नाटक विधानसभा चुनाव का मतदान चल रहा है, कर्नाटक के चुनाव प्रचार में अमर्यादित टिप्पणियों का बोलबाला रहा। वहां के चुनाव परिणाम कुछ भी हों लेकिन मध्यप्रदेश में भी अमर्यादित टिप्पणियों की शुरूआत धीरे-धीरे होने लगी है। ताजा मामला जबलपुर का है, जहां कांग्रेस विधायक संजय यादव ने अपने क्षेत्र में कांग्रेस की नारी सम्मान योजना के प्रचार-प्रसार के लिए कुछ पंपलेट छपवाए हैं। इनमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ कुछ स्लोगन दिए हैं, जिनमें से एक स्लोगन यह है कि ‘ कौआ बोले कांव-कांव, शिवराज शराब बिकवाए गांव-गांव’। इसके अलावा बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर भी स्लोगन दिए गए हैं। हालांकि अभी तक बीजेपी की ओर से इस स्लोगन पर आपत्ति नहीं आई है। लेकिन इस स्लोगन की सोशल मीडिया से लेकर बरगी विधानसभा क्षेत्र जो कि विधायक संजय यादव का निर्वाचन क्षेत्र है, वहां जमकर चर्चा हो रही है। 



नारी सम्मान योजना के फार्म भरवाना भी है चुनौती



प्रदेश सरकार की लाड़ली बहना योजना की काट के तौर पर कांग्रेस नारी सम्मान योजना लेकर आई है। इस योजना के फार्म कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर भरवाएंगे। हालांकि शासकीय योजना के फार्म भरवाने के लिए पूरा प्रशासनिक अमला जुटा हुआ था। ऐसे में कांग्रेस जिसका काडर इतना मेहनती नहीं माना जाता, उसके लिए घर-घर जाकर फार्म भरवाना संभव हो पाएगा इस पर प्रश्नचिन्ह लगा हुआ है। हालांकि कांग्रेस विधायक संजय यादव का कहना है कि उनके क्षेत्र के कार्यकर्ता काफी जुझारू हैं, उन्होंने दावा किया है कि पूरे जिले में कांग्रेस का जमीनी कार्यकर्ता संकल्प ले चुका है कि वह विधानसभा चुनाव में बीजेपी सरकार की चूलें हिला देगा। चाहे शहरी क्षेत्र हो या ग्रामीण इलाके हर कोई महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी से त्रस्त है। प्रचार के लिए बांटे जा रहे पंपलेट पर भी उन्होंने कहा कि यह हकीकत है, नई शराब नीति के बाद और पहले भी गांव-गांव में शराब बिक रही है। ऐसे में इस स्लोगन में क्या आपत्तिजनक हो सकता है। 




  • यह भी पढ़ें 


  • मध्यप्रदेश में लिस्टेड केस स्कीम में 10 साल पुराने केस शामिल, जज को अब 3 महीने में निपटाने होंगे 25 केस



  • लाड़ली बहना की नकल नहीं है नारी सम्मान योजना



    कांग्रेस नेता दावा कर रहे हैं कि उनकी नारी सम्मान योजना प्रदेश सरकार की लाड़ली बहना योजना की नकल नहीं है, बल्कि कांग्रेस शासित राज्यों हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ में पहले से चली आ रही है। इस योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए दिए जाने का वचन कांग्रेस नेता दे रहे हैं। जिनके फार्म कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर भरवाएंगे। हालांकि इस योजना का लाभ लेने के लिए अर्हताएं क्या होंगी, इस पर कांग्रेस ने ज्यादा कुछ क्लीयर नहीं किया है। 



    लाखों फार्म भरवाना बड़ी चुनौती



    बता दें कि लाड़ली बहना योजना के तहत पूरा प्रशासन तंत्र मिलकर 3 लाख से ज्यादा महिलाओं के फार्म भरवा पाया है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सामने लाखों फार्म भरवाने की चुनौती रहेगी। वहीं इस बात पर भी अभी से संशय किया जा रहा है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता आखिर घर-घर पहुंचकर फार्म भरवाएंगे भी या मनगढंत खानापूर्ति कर दी जाएगी। कांग्रेस के आला नेता तो दावा कर रहे हैं कि उनका हर एक कार्यकर्ता प्रदेश में कमलनाथ की सरकार बनाने कमर कस चुका है, लेकिन आने वाले महीनों में यह पता लग जाएगा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता नारी सम्मान योजना के फार्म भरवाने में कितनी दिलचस्पी लेते हैं। 


    Jabalpur News जबलपुर न्यूज़ Pamphlets printed against CM objectionable slogans against CM crow said caw-caw Sanjay Yadav Congress MLA सीएम के खिलाफ छपवाए पंपलेट सीएम के खिलाफ आपत्तिजनक स्लोगन कौआ बोले कांव-कांव संजय यादव कांग्रेस MLA