मध्यप्रदेश के सतना में ओले गिरे, मैहर समेत कई इलाकों में बारिश, शाजापुर में 68 किमी/घंटे की रफ्तार से चली हवा

author-image
Jitendra Shrivastava
एडिट
New Update
मध्यप्रदेश के सतना में ओले गिरे, मैहर समेत कई इलाकों में बारिश, शाजापुर में 68 किमी/घंटे की रफ्तार से चली हवा

BHOPAL. मध्यप्रदेश में लगातार 5वें दिन बेमौसम बारिश का दौर जारी है। गुरुवार दोपहर सतना जिले में बारिश और ओले गिरे। जिले के अमदरा क्षेत्र में चने के आकार के ओले गिरे। वहीं मैहर, परसमनिया और भटनवारा में बारिश हुई है। बता दें कि प्रदेश में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी का सिस्टम आज यानी गुरुवार को भी एक्टिव है। नीमच-मंदसौर समेत प्रदेश के 11 जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।



शुक्रवार से मौसम साफ होगा, गर्मी का असर बढ़ेगा



3 मार्च से प्रदेश में मौसम बदला था। भोपाल समेत धार, आगर, खरगोन, ग्वालियर, रतलाम, बैतूल, राजगढ़ में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी चली। आकाशीय बिजली भी गिरी। बुधवार को भी भोपाल में हल्की बूंदाबांदी हुई। मुरैना, आगर-मालवा, ग्वालियर समेत कई जिलों में ओलों के साथ बारिश भी हुई। प्रदेश में बदले मौसम की वजह से हवा की स्पीड भी बढ़ गई है। 24 घंटे के भीतर हवा की रफ्तार 68KM प्रति घंटा तक पहुंच गई। यह शाजापुर में रिकॉर्ड की गई है। शुक्रवार से मौसम साफ होगा और गर्मी का असर बढ़ेगा।



मध्य प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम



भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि चंबल संभाग के जिलों के साथ-साथ टीमकगढ़, निवाड़ी और छतरपुर जिले में कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। यहां कुछ स्थानों पर बिजली भी गिरने की आशंका है। मौसम विभाग ने इन स्थानों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले दिनों हुई बारिश की वजह से इंदौर और ग्वालियर संभाग के जिलों के अधिकतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। 



यह खबर भी पढ़ें






छिंदवाड़ा प्रदेश में सबसे कम तापमान वाला जिला रहा



हल्के बादल और बारिश के कारण उत्पन्न हुई परिस्थितियों से प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी बदलाव हुआ है। न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई है। 11.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ छिंदवाड़ा प्रदेश में सबसे कम तापमान वाला जिला रहा। वहीं 34 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ खरगौन प्रदेश का सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। प्रदेश के तापमान में आई गिरावट को आप इस तरह समझ सकते हैं कि फरवरी के अंतिम हफ्ते में प्रदेश का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पार कर गया था। हालांकि, मौसम विभाग ने शुक्रवार से प्रदेश में अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्लियस के बढ़ोतरी की संभावना जताई है। 



मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों में आज तापमान कैसा रहेगा



वहीं अगर आज के तापमान की बात करें तो राजधानी भोपाल में पारा 17 से 31 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इंदौर का पारा 19 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। जबलपुर का तापमान 15 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। ग्वालियर का तापमान 16 से 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है तो सतना का तापमान 18 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।



गुरुवार सुबह मौसम साफ था जबकि आर्द्रता 55% थी



मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1 डिग्री कम था। इसी तरह रात का तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य है। इसके पूर्व मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1 डिग्री कम था जबकि रात का न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक था। गुरुवार सुबह मौसम साफ था जबकि आर्द्रता 55% थी। मौसम वैज्ञानिक अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि गुरुवार को इंदौर व आसपास के क्षेत्रों में हल्के बादल छा सकते हैं लेकिन अब बारिश के संकेत नहीं हैं।


rain in many areas including Maihar hail fell in Satna MP News Weather of Madhya Pradesh मध्यप्रदेश का मौसम एमपी न्यूज शाजापुर में 68 किमी/घंटे की रफ्तार से हवा मैहर समेत कई इलाकों में बारिश सतना में ओले गिरे wind speed of 68 km/h in Shajapur