/sootr/media/post_banners/c5f9c27780c14f9a3753a8d502b9cf2a28cae695d36d7161eece9236c3a3f875.jpeg)
Jabalpur. जबलपुर में नगर निगम टैक्स न चुकाने वालों की आदत से काफी परेशान है, जिसके चलते अब नगर निगम ने ऐसे बकायादारों के खिलाफ सख्ती करने का मन बना लिया है। जिसके तहत अब बड़े बकायादारों की न सिर्फ संपत्ति कुर्क कराई जाएगी बल्कि उनके दोपहिया और चार पहिया वाहन भी नगर निगम जब्त कर लेगा। इस कार्रवाई के लिए निगम ने अपने कर्मचारियों के मार्फत बकायादारों के वाहनों की जानकारी भी इकट्ठी करना शुरू कर दिया है। मार्च महीने के चलते टैक्स वसूली अभियान के तहत 80 बकायादारों की संपत्ति कुर्क कर दी गई है। साथ ही बड़े बकायादारों के नल कनेक्शन भी काटे जा रहे हैं।
निगम आयुक्त स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर के 790 बड़े बकायादारों के खिलाफ कुर्की का वारंट जारी किया गया है। इनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अब संपत्ति कुर्क करने के साथ-साथ दोपहिया और चार पहिया वाहन भी जब्त कर लिए जाऐंगे। बता दें कि टैक्स वसूली का टारगेट पूरा करने के लिए नगर निगम के पास 25 दिन ही शेष रह गए हैं।
- यह भी पढ़ें
राजस्व उपायुक्त पीएन सनखेरे ने कहा कि मार्च क्लोजिंग के कारण टैक्स वसूली का टारगेट पूरा करने काफी कम दिन बचे हैं। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी सुबह से शाम तक फील्ड पर घूम रहे हैं। एक-एक करदाता के पास जाकर बकाया करों की राशि जमा कराने की कवायद चल रही है।
130 करोड़ की वसूली बाकी
नगर निगम ने इस साल 320 करोड़ रुपए टैक्सवसूली का टारगेट रखा है। 5 मार्च तक नगर निगम के खजाने में 190 करोड़ रुपए ही जमा हो पाए हैं। अब नगर निगम के सामने बाकी बचे दिनों में 130 करोड़ रुपए टैक्स वसूली करने का टारगेट है। वहीं इन बचे दिनों में शनिवार-रविवार के अलावा होली और रामनवमीं की छुट्टियां भी पड़ेंगी। ऐसे में पूरा अमला टारगेट पूरा करने में जुटा हुआ है।