/sootr/media/post_banners/74e0214af3c2a251ecfef83a58c9af2cd02956d9c3d884ac5d2ec4781747cb0d.jpeg)
भोपाल. मध्यप्रदेश में इस बार गर्मी के कुछ अलग ही तेवर देखने को मिल रहे हैं। अप्रैल में गर्मी मई-जून जैसी है। पिछले 122 साल के रिकॉर्ड में अप्रैल 2022 का पहला हफ्ता सबसे गर्म रहा। दिन का पारा 44 डिग्री पार कर गया। वहीं देश के 10 सबसे गर्म जिलों में MP के दो शहर तक आ गए। इस कारण 9 अप्रैल को दर्ज तापमान में देश के टॉप 10 गर्म शहरों में मध्यप्रदेश के राजगढ़ और दतिया रहे। हालांकि प्रदेश के बाकी शहरों में भी कुछ इसी तरह की स्थिति बनी हुई है।
बदलते मौसम के पीछे वजह
पाकिस्तान से आने वाली हवाएं 12 दिन के अंतर से आई। इस वजह से मार्च में इतनी तपन हुई और 122 साल के इतिहास में पहली बार अप्रैल में इतनी गर्मी पड़ी। अब पश्चिमी विक्षोभ अप्रैल में आया, तो उसकी पोजीशन ऐसी है कि एक तरफ आग बरस रही है, दूसरी तरफ बारिश और बिजली। अभी यह ईरान और अफगानिस्तान के ऊपर है। और उत्तर में कर्क रेखा के काफी ऊपर बना हुआ है। इस वजह से हवाएं अरब सागर से नमी नहीं ले पा रहीं। जैसा अभी तक सामान्य तौर पर होता रहा है। इसकी वजह से पश्चिमी हवाओं को गर्म हवाओं का अतिरिक्त बल मिला है।
एक ही सिस्टम का अलग-अलग असर
मौसम विभाग के मुताबिक, यह जलवायु परिवर्तन का असर है। जबलपुर डिवीजन और सिवनी में बारिश-ओले गिर रहे हैं, तो प्रदेश के दूसरे हिस्से तप रहे हैं। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ कि एक ही सिस्टम से मौसम में बड़े स्तर पर इतना बदलाव देखने को मिला हो। दो साल में प्रदेश के कई शहरों में मौसम में काफी अंतर आया है। पहले जहां नर्मदापुरम में बाढ़ आती थी, अब ग्वालियर और बुंदेलखंड के इलाके बाढ़ से प्रभावित हैं। तापमान में भी असमानता है, कहीं बहुत ज्यादा तापमान बढ़ गया है, तो कहीं गिर रहा है।
भोपाल में दिन गर्म, इंदौर में लू
भोपाल, ग्वालियर, नर्मदापुरम और जबलपुर सहित प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन का पारा बहुत ज्यादा चढ़ेगा। यहां तापमान 47 डिग्री तक पहुंच सकता है। इंदौर में दिन में निकलना मुश्किल होगा। इस बार यहां लू के दिन ज्यादा रहेंगे। 10 से भी ज्यादा दिन तक लगातार लू चलने की संभावना है।