/sootr/media/post_banners/b00641efe70d3aa7fcf896d1867423acbef436eb83850bbca528275ba0a5101e.jpeg)
DAMOH. दमोह जिले के हटा ब्लाक के ग्राम रनेह में कचौरा तालाब के पास लगे मेले में तालाब की पार पर चढ़ने के लिए बनाई जा रही सीढ़ियों की निर्माणाधीन दीवार गिर गई और करीब एक दर्जन लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद अफरा तफरी का माहोल बन गया। सभी घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और इलाज के लिए हटा सिविल अस्पताल लाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पर रनेह थाना पुलिस और नायब तहसीलदार विजय चौधरी मौके पर पहुंची। मलबे में दबे लोगों का रेस्क्यू शुरू किया गया और जेसीबी की मदद से मलवा हटाया। घायलों में 6 महिलाएं 2 बच्चे सहित कई लोग शामिल हैं। जिसमें से 5 लोग गंभीर घायल हैं। जिनको इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
निर्माणाधीन मंदिर की दीवार गिरने से ये हुए घायल
रनेह के कचोरा तालाब के पास मेले का आयोजन किया गया था। जहां मेले में रामलीला का मंचन चल रहा था। वहीं काफी भीड़ होने से निर्माणाधीन मंदिर की दीवार गिर गई। इसमें सियारानी पति भुजवल सिंह 70 वर्ष निवासी हिनमतपटी, रचना पति तुलाराम अहिरवार 38 वर्ष निवासी निवाई माफी, सुदामा बाई पति बिरजू सींग 45 वर्ष निवासी मुहरा टपरियां, मेनारानी पति बद्री प्रसाद वर्मन 40 वर्ष बिजवार, फूलबाई पति हरप्रसाद अहिरवार 60 वर्ष निवासी किरऊ पिपरिया, शांतिबाई पति आशाराम 65 वर्ष निवासी हिनमतपटी, नोनी बाई पति मोहन लाल लोधी 60 वर्ष निवासी रनेह, अंकिता पिता शारदा 5 वर्ष निवासी बिजवार, अभी पिता शारदा 3 वर्ष निवासी बिजवार घायल हो गए। जिन्हें 108 एवं जननी वाहन की मदद से सिविल अस्पताल हटा लाया गया। जहां 6 लोगों की हालत गंभीर होने के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया वहीं बाकी घायलों का इलाज सिविल अस्पताल हटा में जारी है।
मेले में भीड़ बढ़ने और नई दीवार पर चढ़ने से ढही
बताया जा रहा है कि यह कार्य ग्रामपंचायत द्वारा पंद्रह वे वित्त से तालाब पर चढ़ने सीढ़ियां बनाने का काम चल रहा था। अचानक मेले में भीड़ बढ़ गई और करीब एक सप्ताह पूर्व बनी दीवार पर सभी लोग चढ़ गए जिससे दीवार ढह गई। दीवार ढहने की जानकारी मिलते ही जेसीबी से रेस्क्यू ऑपरेशन किया गया और घायलों को निकलकर अस्पताल भेजा गया। मौके पर रनेह थाना और गैसाबाद थाना की पुलिस पहुंची। राम लीला में आज सीता स्वयंवर का मंचन होना था, लेकिन इसके पहले ही हादसा हो गया।
यह खबर भी पढ़ें
शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र में भी दीवार ढहने से 4 मजदूरों की मौत हो गई थी
दीवार गिरने से मेले में अफरा तफरी और भगदड़ का माहौल बन गया। फिलहाल घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। बता दें कि कल मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र के मूंगफली मील की दीवार के ढहने से मलबे में नीचे दबने से 4 मजदूरों की मौत हो गई थी। इस हादसे में तीन महिला सहित एक पुरूष मजदूर की मौत हुई है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मलवे में दबे सभी मजदूरों के शव को बाहर निकाल कर हादसे की पड़ताल शुरू कर दी है।