मप्र में ठिठुराने वाली ठंड नदारद, वजह- वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कमजोर और पहाड़ों पर बर्फबारी नहीं, एक्सपर्ट बोले- नए साल में ही सर्दी

author-image
Pratibha Rana
एडिट
New Update
मप्र में ठिठुराने वाली ठंड नदारद, वजह- वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कमजोर और पहाड़ों पर बर्फबारी नहीं, एक्सपर्ट बोले- नए साल में ही सर्दी

BHOPAL. दिसंबर का आखिरी हफ्ता शुरू होने वाला है, इस समय तक हाड़ कंपाने वाली ठंड आ जाती है, लेकिन इस समय तक हालात उलट हैं। सुबह-शाम की ठंडक को छोड़ दें तो मौसम से सर्दी गायब ही है। मौसम विभाग का कहना है कि ठंड के लिए अब तो अगले साल (2023 की शुरुआत) तक इंतजार करना पड़ेगा। आने वाले हफ्ते तो जोरदार ठंड के आसार नहीं हैं।



आने वाले दिनों में टेम्परेचर घटेगा नहीं, बढ़ेगा



भोपाल में मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) आ तो रहे हैं, लेकिन कमजोर हैं। पहाड़ों में बर्फबारी नहीं हो रही। नॉर्थ इंडिया (उत्तर भारत) में बीते सालों की अपेक्षा तापमान में वैसी कमी नहीं है। कोहरा (फॉग) होने के कारण दिन का टेम्परेचर कम तो हो रहा है, लेकिन तेज ठंड नहीं पड़ रही। पिछले साल दिसंबर में बारिश हुई थी। ग्वालियर में पिछले साल दिसंबर में 1.8 डिग्री सेल्सियस तापमान चला गया था, अभी 7-8 डिग्री बना हुआ है। इससे ठंड का अंदाजा लगाया जा सकता है। अभी दिसबंर में बारिश हुई थी तो तापमान में कुछ कमी हुई थी। असल मायने में इस बार मावठा गिरा नहीं। जो बारिश हुई, वो साइक्लोन (चक्रवाती तूफान) मैंडूस का असर कहा जा सकता है। 25-26 दिसंबर को फिर पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। लिहाजा तापमान अभी वैसा ही बना रहेगा, जैसा है। दो दिन के बाद तो टेम्परेचर बढ़ेगा। ठंड का दौर पूरे मध्य प्रदेश में नए साल में ही होगा।



ये खबर भी पढ़े...






दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज



भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले पांच दिनों तक दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। दिल्ली में सुबह आठ बजे पारा 7 डिग्री तक पहुंच गया था। 23 और 24 दिसंबर की रात अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम पांच डिग्री दर्ज किया गया। रविवार-सोमवार को दिल्‍ली का न्‍यूनतम तापमान गिरावट के साथ 4 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। 



पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी में शीतलहर का अलर्ट



उत्तर-पश्चिम भारत, विशेष रूप से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी और इससे सटे पूर्वी भारत के राज्य बिहार और झारखंड  में स्थिति खराब हो सकती है। घने कोहरे के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होगी। इसी तरह, अगले तीन दिनों तक पंजाब और हरियाणा और चंडीगढ़ में अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 



केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र और ओडिशा में हो सकती है बारिश 



मौसम विभाग के मुताबिक केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा सहित महाराष्ट्र में भी गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। पूर्वोत्तर भारत के बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ मध्यम कोहरा रहने की भविष्यवाणी की गई है।



कश्मीर घाटी के साथ-साथ लद्दाख में कड़ाके की ठंड



कश्मीर घाटी के साथ-साथ लद्दाख में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 4.8 डिग्री सेल्सियस और लेह में 13.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक श्रीनगर में पिछली रात के माइनस 5.5 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 0.7 डिग्री सेल्सियस तापमान ज्यादा था। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम था। पिछली रात यह माइनस 4.4 डिग्री था। पहलगाम में माइनस 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री नीचे था। यहां इस मौसम की दूसरी सबसे ठंडी रात रही। पिछली रात यह माइनस 6.8 डिग्री था। कोकरनाग में माइनस 2.8 डिग्री जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था। पिछली रात यह माइनस 3.3 डिग्री था।

 


मध्य प्रदेश में नहीं बढ़ रही ठंड देश का मौसम Cold not increase in Madhya Pradesh MP Weather update weather in country एमपी में ठंड एमपी मौसम अलर्ट mp weather alert एमपी मौसम अपडेट cold in MP