/sootr/media/post_banners/136346448d3149af9deaa5468d93e7eb7fa03590b85fe28a3dfd5f78bcba4e77.jpeg)
BHOPAL. कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर दिल्ली में सरगर्मिया तेज हो चली हैं। जैसे-जैसे कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने का वक्त नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे ही चुनाव को लेकर हलचल बढ़ती जा रही है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम अध्यक्ष पद की रेस में सबसे आगे है। इसी कड़ी में आज यानी 21 सितंबर को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से दिल्ली में उनके आवास पर मुलाकात की और दो घंटे से ज्यादा समय तक चर्चा की। दिल्ली पहुंचने पर गहलोत ने भले ही कांग्रेस अध्यक्ष के साथ सीएम बने रहने का संकेत दिया हो, लेकिन कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि यदि वे अध्यक्ष बनते हैं, तो उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ना होगा।
क्या दिग्विजय सिंह उतरेंगे मैदान में
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के चुनाव में उतरने पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि उदयपुर सम्मेलन में पार्टी ने तय किया था कि एक व्यक्ति एक पद पर ही रहेगा। अगर उन्हें अध्यक्ष बनना है तो मुख्यमंत्री का पद छोड़ना पड़ेगा। अशोक गहलोत पार्टी के अध्यक्ष और साथ ही मुख्यमंत्री पद पर नहीं रह सकते हैं।
शशि थरूर और अशोक गहलोत के बाद अब अध्यक्ष चुनाव की रेस में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह भी शामिल हो सकते हैं। एनडीटीवी से बात करते हुए दिग्विजय सिंह ने चुनाव लड़ने के सवाल पर न तो इनकार किया और न ही हामी भरी। दिग्विजय सिंह ने कहा कि कोई भी कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकता है। न किसी को रोका जा सकता है और न ही किसी को जबरदस्ती चुनाव लड़ा सकते हैं। पार्टी में पहले भी गांधी परिवार से बाहर के अध्यक्ष रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने चुनाव में उतरने के सवाल पर कहा कि देखते हैं, क्या होता है। सबको चुनाव लड़ने का अधिकार है, आपको 30 सितंबर तक पता चल जाएगा।
कोच्चि जाकर राहुल गांधी से मिलेंगे गहलोत
दिल्ली पहुंचे गहलोत ने यह भी कहा कि वह कोच्चि जाकर राहुल गांधी को इस बात के लिए मनाने का प्रयास करेंगे कि वे पार्टी अध्यक्ष का पद संभालें। उनका कहना था कि राहुल गांधी से बातचीत करने के बाद ही वे तय करेंगे कि आगे क्या करना है। गहलोत ने कहा, ‘मुझे कांग्रेस की सेवा करनी है। जहां भी मेरा उपयोग है, मैं वहां तैयार रहूंगा। अगर पार्टी को लगता है कि मेरी मुख्यमंत्री के रूप में जरूरत है या अध्यक्ष के रूप में ज्यादा जरूरत है तो मैं मना नहीं कर पाऊंगा।
शशि थरूर ने की मिस्त्री से मुलाकात
उधर, अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के इच्छुक बताए जा रहे वरिष्ठ नेता शशि थरूर भी आज कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री से मुलाकात की। थरूर समेत कई नेता कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के पात्र मतदाताओं की सूची प्रत्याशियों को देने की मांग कर चुके हैं। माना जा रहा है कि थरूर इसी सिलसिले में आज मिस्त्री से मिलने पहुंचे।