SATNA: नागौद में पूर्व मंत्री की बहू दावेदार तो रामनगर में मंत्री करीबी को बनाना चाहते हैं अध्यक्ष

author-image
Sachin Tripathi
एडिट
New Update
SATNA: नागौद में पूर्व मंत्री की बहू दावेदार तो रामनगर में मंत्री करीबी को बनाना चाहते हैं अध्यक्ष

SATNA. जिला पंचायत में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन पूर्ण होने के बाद अब सबकी निगाहें नगर निगम सतना में स्पीकर तो नगर पालिका और नगर पंचायतों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्वाचन को लेकर टिक गई है। वैसे तो नगर निगम को छोड़कर बात की जाए तो मैहर नगर पालिका समेत 11 नगरीय निकाय ऐसे हैं जिनमें अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन होना है लेकिन सबका फोकस जिले की दो नगरीय निकायों नागौद और रामनगर में है। नागौद में जहां पूर्व मंत्री व वर्तमान विधायक की बहू अध्यक्ष पद की दावेदार हैं तो रामनगर में अनारक्षित महिला की सीट पर पंचायत राज्यमंत्री अपने ओबीसी समर्थक पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष की पत्नी को अध्यक्ष बनाने की जोर आजमाइस कर रहे हैं। बहरहाल नगरीय निकायों का प्रथम सम्मिलन दो चरणों में कराया जाएगा इसके लिए तारीख की घोषणा कर दी गई है। पहले चरण में 7 अगस्त को रामनगर, उचेहरा, कोटर, कोठी, जैतवारा, बिरसिंहपुर एवं मैहर में और नागौद, चित्रकूट, अमरपाटन एवं रामपुर बाघेलान में 8 अगस्त को प्रथम सम्मिलन आयोजित किया जाएगा।



रामनगर :  जनपद अध्यक्ष के चुनाव में अपने विधानसभा की दोनों ही जनपदों में अपने समर्थकों को अध्यक्ष बनवा पाने में नाकाम रहे प्रदेश के पंचायत राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल अब रामनगर नगर पंचायत की सामान्य सीट से ओबीसी का अध्यक्ष बनाने पर अड़े हैं। वे अपने समर्थक पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राम सुशील पटेल की पत्नी सुनीता पटेल को अध्यक्ष बनाना चाह रहे हैं,जबकि यहां सुधा गुप्ता अध्यक्ष पद की प्रबल दावेदार हैं। वार्ड नम्बर 12 से निर्वाचित सुधा के चुनाव प्रचार के दौरान सांसद ने भी इन्हें अध्यक्ष पद का दावेदार बताया था। महिला के आरक्षित न्यू रामनगर नगर पंचायत के 15 वार्डों में से भाजपा के 9, कांग्रेस के 5 व एक निर्दलीय पार्षद है।



नागौद : नगर पंचायतों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्वाचन के दौर जिले की जिन दो नगर पंचायतों में सबकी निगाहें रहने वाली हैं उनमें से एक नगर पंचायत नागौद भी है। कहने के लिए तो महिला के लिए आरक्षित इस सीट पर दो महिलाएं प्रतिभा सिंह और कामांक्षा सिंह अध्यक्ष पद के लिए आमने- सामने हैं पर वास्तव में यहां सीधी लड़ाई वर्तमान और पूर्व विधायक के बीच है। एक वर्तमान विधायक की बहू हैं तो दूसरी पूर्व विधायक यादवेंद्र सिंह की।15 वार्डों वाली नगर पंचायत में निर्दलीय निर्णायक भूमिका में हैं। यहां 5 भाजपा, 6 कांग्रेस, 3 निर्दलीय व 1 बसपा का पार्षद है। फिलहाल जो तस्वीर उभर कर सामने आ रही है उसमें कांग्रेस बहुमत के करीब नजर आ रही है। कांग्रेस को अपना अध्यक्ष बनाने के लिए दो पार्षदों की आवश्यकता है और एक निर्दलीय पार्षद कांग्रेस के साथ नजर आ रहा है तो माना जा रहा है कि बसपा पार्षद का समर्थन भी कांग्रेस को मिल सकता है।



जैतवारा : तीन निर्दलीय को शामिल कर मजबूत हुई भाजपा एससी महिला के लिए आरक्षित जैतवारा नगर पंचायत में कल तक जहां निर्दलीय किंग मेकर की भूमिका में नजर आ रहे थे तो तीन निर्दलीय को पार्टी में शामिल का भाजपा मजबूत हो गई है। इसके साथ ही पार्टी से अध्यक्ष के दावेदारों की संख्या में भी इजाफा हो गया है। अध्यक्ष पद के भाजपा की तरफ से अब तीन दावेदार हो गए हैं। भाजपा में शामिल निर्दलीय रेनू डोहर के अलावा प्रभादेवी डोहर और सुखवंती डोहर भाजपा से अध्यक्ष के दावेदार हैं। 15 वार्डों वाली जैतवारा नगर पंचायत में भाजपा के 6 पार्षद थे, तीन निर्दलीय पार्षदों के शामिल होने के बाद भाजपा के पार्षदों की संख्या अब 9 हो गई है। कांग्रेस के 4,1 बसपा का तो एक निर्दलीय पार्षद है।



कोठी :  एससी महिला के लिए आरक्षित नगर पंचायत कोठी के15 में से दस वार्ड भाजपा ने जीते हैं पर स्थानीय नेताओं की आपसी टसल कहीं एकतरफा बहुमत के बावजूद भाजपा पर भारी न पड़ जाए। यहां भाजपा से अध्यक्ष पद के दो दावेदार हैं ममता कोरी और सुखवंती कोरी। इनमें से पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश कोरी की पत्नी ममता कोरी का दावा सबसे मजबूत माना जा रहा है। इसलिए कि ममता पढ़ी- लिखी और युवा हैं तो सुखवंती शिक्षा के मामले में जहां ममता से कमजोर हैं वहीं वे उम्रदराज भी हैं, बावजूद इसके स्थानीय भाजपा नेताओं का झुकाव सुखवंती की ओर नजर आ रहा है ऐसे में मजबूत दावे को दरकिनार किए जाने का यदि प्रयास किया जाता है तो यहां भाजपा को स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद नुकसान उठाना पड़ सकता है। कोठी में कांग्रेस के 4 व एक निर्दलीय पार्षद है।



बिरसिंहपुर : एससी के लिए आरक्षित 15 वार्डों वाले बिरसिंहपुर नगर पंचायत में भाजपा-कांग्रेस से ज्यादा 8 पार्षद निर्दलीय जीतकर आए हैं। निर्दलीय को साथ लेकर ही भाजपा- कांग्रेस का अध्यक्ष बन सकता है। यहां भाजपा के चार पार्षद जीते हैं तो कांग्रेस के दो और एक बसपा का पार्षद विजयी हुआ है। बिरसिंहपुर में कांग्रेस से अध्यक्ष का दावेदार भले ही अभी सामने न आया हो लेकिन भाजपा की तरफ से तीन दावेदार सामने आ चुके हैं। भाजपा की तरफ से सुनीता बुनकर,पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष धनीराम प्रजापति की पत्नी राजकुमारी प्रजापति और पुष्पा अध्यक्ष पद की दावेदार हैं।



मैहर : ज्यादा पार्षद हों पर पार्टी को अपना अध्यक्ष बनाने के लिए निर्दलीयों का सहारा लेना होगा। यहां अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से तीन दावेदार हैं गीता संतोष सोनी,शीतल नितिन ताम्रकार और गीता राजू बढोलिया तो कांग्रेस से पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष संतोष चौरसिया और निर्दलीय पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ललिता चौरसिया अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार हैं। भाजपा की तरफ सेदावेदार गीता सोनी भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला अध्यक्ष संतोष सोनी की पत्नी हैं। संतोष को सांसद का करीबी माना जाता है। संख्या बल में भले ही भाजपा की संख्या ज्यादा हो लेकिन बगैर निर्दलीय किसी का अध्यक्ष बनता नजर नहीं आ रहा है। जिले की इकलौती नगर पालिका मैहर में अध्यक्ष के लिए निर्दलीय की भूमिका अहम मानी जा रही है। 24 वार्डों वाली नगर पालिका में भाजपा के ग्यारह सदस्य कांग्रेस और निर्दलीयों की संख्या 6-6 और एक पार्षद बसपा का है।



चित्रकूट :  पिछले कार्यकाल में धार्मिक नगरी चित्रकूट में कांग्रेस का कब्जा था,लेकिन इस बार 15 में से कांग्रेस के मात्र चार सदस्य जीत कर आए हैं इससे ज्यादा 5 तो निर्दलीय पार्षद जीतकर आए हैं। ओबीसी के लिए आरक्षित धार्मिक नगरी चित्रकूट में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है,भाजपा के 6 पार्षद जीतें हैं। ओबीसी के लिए आरक्षित नगर पंचायत में सबसे ज्यादा मारामारी उपाध्यक्ष के लिए हो रही है, यहां एक दबंग अपने बेटे को उपाध्यक्ष बनाने की जुगत में है, इसके लिए कुछ पार्षदों को धार्मिक यात्रा कराई जा रही है। नगर पंचायत चित्रकूट में अभी भाजपा से जो दावेदार सामने आए हैं उनमें साधना पटेल और गुड़िया निषाद का नाम शामिल है।



उचेहरा : एससी महिला के लिए आरक्षित उचेहरा नगर पंचायत में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है। वार्डों वाले उचेहरा में 11 पार्षद भाजपा के जीत कर आए हैं। यहां दो कांग्रेस के और दो निर्दलीय पार्षद जीतकर आए हैं। उचेहरा में भाजपा से अध्यक्ष पद के लिए निरंजन प्रजापति और रवि चौधरी का नाम सामने आ रहा है तो उपाध्यक्ष के लिए मनोज शर्मा और सोमचंद ताम्रकार का नाम सामने आ रहा है।



रामपुर:   रामपुर बाघेलान जनपद के अलावा अमरपाटन जनपद में भी अपने समर्थक को अध्यक्ष बनवाने में कामयाब रहे विधायक विक्रम सिंह विक्की नगर पंचायत के चुनाव में भी अपनी विधानसभा क्षेत्र की रामपुर बाघेलान और कोटर नगरपंचायत में भाजपा को स्पष्ट बहुमत दिलवाने में कामयाब रहे हैं। अब दोनों ही नगर पंचायतों में एक बार फिर से भाजपा का अध्यक्ष होगा। ओबीसी महिला के लिए आरक्षित नगर पंचायत रामपुर बाघेलान में भाजपा की तरफ से अध्यक्षपद के दावेदार के रूप में सिंगल नाम रामसखी कचेर का सामने आया है। अध्यक्ष का पद ओबीसी महिला के खाते में जाने के बाद माना जा रहा है कि भाजपा यहां सबका साथ, सबका विकास की मूलभावना के साथ एससी अथवा एसटी वर्ग के किसी पार्षद को उपाध्यक्ष बना सकती है। यहां उल्लेखनीय है कि विधायक विक्रम सिंह विक्की के नेतृत्व में पार्टी ने 15 में से 11 वार्डों मेंजीत दर्ज की थी,जबकि कांग्रेस और निर्दलीय के खते में 2-2 वार्ड आए थे, हाल ही में कांग्रेस का एक पार्षद के भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा के पार्षदों की संख्या अब रामपुर बाघेलान में 12 हो गई है।



कोटर : रामपुर नगर पंचायत की तरह ही कोटर में भी लगातार दूसरी बार भाजपा का अध्यक्ष बनने जा रहा है। कोटर में 15 वार्डों में से भाजपा के 10, कांग्रेस का 1 ,निर्दलीय 3 और बसपा का 1 पार्षद चुनकर आया है। ओबीसी के लिए आरक्षित कोटर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की तरफ से पंकज कुशवाहा और राजमणि पटेल का नाम सामने आया है तो उपाध्यक्ष पद के दावेदारों के रूप में बबलू गौतम और प्रभाकर तिवारी का नाम लिया जा रहा है।



अमरपाटन : अनारक्षित नगर पंचायत अमरपाटन में इस बार भाजपा की बजाय कांग्रेस का अध्यक्ष बन सकता है। अध्यक्ष पद के लिए पार्टी से समर सिंह का नाम सबसे आगे है। समर के अलावा कांग्रेस से अमर आजाद जैन का भी नाम है।15 वार्डों वाली अमरपाटन नगर पंचायत में कांग्रेस के आठ, भाजपा के 6 और बसपा का एक पार्षद निर्वाचित हुआ। यहां भाजपा से दावेदारों की बात करें तो राकेश ताम्रकार और संतोष तिवारी का नाम सामने आ रहा है। अगर कांग्रेस के पार्षद एकजुट रहे तो यहां कांग्रेस अपना अध्यक्ष बना सकती है।



फैक्ट फाइल



11 निकायों में चुने जाने हैं अध्यक्ष और उपाध्यक्ष



01 नगर पालिका



10 नगर पंचायत



09 निकायों में पिछले कार्यकाल में भाजपा काबिज थी



02 पर कांग्रेस के थे अध्यक्ष



ये है स्थित



05 नगरीय निकायों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत



05 में निर्दलीयों की संख्या ज्यादा



01 में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत


Ramkhelawan patel Ramnagar news Nagod news Urban body president election सतना न्यूज़ MP News Satna News नागेंद्र सिंह Mp latest news in hindi नगर परिषद रामखेलावन पटेल रामनगर न्यूज़ मंत्री बनाम पूर्व मंत्री एमपी न्यूज़ एमपी लेटेस्ट न्यूज़ इन हिंदी नागौद न्यूज़ Minister vs Former minister Nagendra singh