जींद में आप की तिरंगा यात्रा आज, अरविंद केजरीवाल और पंजाब CM भगवंत मान पहुंचेंगे, 950 मीटर पैदल चलेंगे

author-image
BP Shrivastava
एडिट
New Update
जींद में आप की तिरंगा यात्रा आज, अरविंद केजरीवाल और पंजाब CM भगवंत मान पहुंचेंगे, 950 मीटर पैदल चलेंगे

JIND. हरियाणा में आम आदमी पार्टी बांगर की धरती जींद से अपने 2024 के चुनावों को लेकर बिगुल बजाएगी। जिसके लिए आम आदमी पार्टी जींद में पैदल तिरंगा यात्रा निकालेगी। आप ने तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकी हुई है। तिरंगा यात्रा के नाम से इस कार्यक्रम में आप के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इसमें शिरकत करेंगे।



चारों तरफ केजरीवाल और मान के पोस्टर



जींद में दोपहर बाद शुरू होने वाली आप की तिरंगा यात्रा केवल 950 मीटर की दूरी तय करेगी। इस पूरे रोड को आप नेताओं ने झंडों, होर्डिंग्स से पाट दिया है। चारों तरफ अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के ही चेहरे नजर आ रहे हैं। काफी पार्टी नेता पंजाब से भी यहां पहुंच चुके हैं। पूरी तरह से टीमों का गठन किया जा रहा है।



ये भी पढ़ें...








यात्रा की तैयारियां पूरी, नेताओं के लिए विशेष सुरक्षा दायरा होगा



शाहाबाद मारकंडा से पहुंचे आप नेता रमनदीप सिंह ने कहा कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी नेता यहां रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को हिदायत दी है कि एक दायरा बनाया जाएगा, जिसमें केवल नेता लोग होंगे। उसमें कोई भी बाहरी व्यक्ति प्रवेश नहीं करना चाहिए। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत की सुरक्षा का जिम्मा उनके सिक्योरिटी गार्ड पर रहेगा। उसमें किसी भी नेता को घुसने का प्रयास नहीं करना है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। इसके अलावा पैदल-पैदल दोनों मुख्यमंत्रियों से कुछ दूरी बनाए रखना है। जिस गति से मुख्यमंत्री चलेंगे, उसी गति से नेताओं व कार्यकर्ताओं को चलना होगा, ताकि यात्रा में कोई व्यवधान नहीं आ पाए।



प्रदेश की सियासत का केंद्र जींद



आप पार्टी ने हरियाणा में अपने आगाज के लिए प्रदेश की राजनीति का केंद्र बिंदू कहे जाने वाले जींद को यात्रा के लिए चुना है। दिल्ली व पंजाब के बाद हरियाणा में भी आप पार्टी दिल्ली मॉडल के दम पर सरकार बनाने के प्रयास में हैं। क्योंकि दिल्ली और पंजाब के मध्य में हरियाणा आता है और दोनों ही जगह आम आदमी पार्टी की सरकार है।



ऐसे में पार्टी ने हरियाणा में वर्ष 2024 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए जींद को चुना है। दिल्ली और पंजाब से उठने वाली हर आवाज हरियाणा तक पहुंचती है। जिसका फायदा हरियाणा में आम आदमी पार्टी भुनाने की पूरी कोशिश करेगी। इसके अलावा अरविंद केजरीवाल का गृह राज्य भी हरियाणा है।



हरियाणा में अब तक 2 चुनाव लड़े



आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में अब तक दो चुनाव लड़े हैं। 2022 में हुए निकाय चुनाव से पार्टी ने हरियाणा में शुरुआत की थी। इस चुनाव में पार्टी को मात्र 10.96 प्रतिशत मत ही मिले थे। वहीं दूसरा चुनाव हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनाव हैं। इस चुनाव में आप ने अच्छा प्रदर्शन किया और 13 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल किए।



हरियाणा आप के प्रधान सांसद सुशील गुप्ता नियुक्त



हाल ही में हरियाणा में आम आदमी पार्टी ने अपने संगठन की घोषणा की थी। अभी तक हरियाणा के प्रभारी बनाए गए राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता को प्रदेश का नया प्रधान नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अनुराग ढांडा को स्टेट सीनियर वाइस प्रेजिडेंट बनाया गया है। जबकि पूर्व सांसद अशोक तंवर चुनाव प्रचार कमेटी के चेयरमैन हैं।


आम आदमी पार्टी जींद में तिरंगा यात्रा पंजाब सीएम भगवंत मान Aam Aadmi Party हरियाणा न्यूज़ Arvind Kejriwal Tiranga Yatra in Jind Haryana News अरविंद केजरीवाल Punjab CM Bhagwant Mann