पत्रकार और लेखक लोकेंद्र सिंह को मिला अखिल भारतीय नारद मुनि-2021 पुरस्कार; भोपाल में संस्कृति मंत्री ऊषा ठाकुर ने किया सम्मानित

author-image
Jitendra Shrivastava
एडिट
New Update
पत्रकार और लेखक लोकेंद्र सिंह को मिला अखिल भारतीय नारद मुनि-2021 पुरस्कार; भोपाल में संस्कृति मंत्री ऊषा ठाकुर ने किया सम्मानित

BHOPAL. साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश की ओर से माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक और साहित्यकार लोकेन्द्र सिंह को ‘अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार-2021’ से सम्मानित किया गया। प्रदेश की संस्कृति मंत्री ऊषा ठाकुर, साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे और प्रख्यात अभिनेता  साहित्यकार आशुतोष ठाकुर ने उन्हें यह पुरस्कार भोपाल के रविन्द्र भवन के अंजनी सभागार में आयोजित अलंकरण समारोह में प्रदान किया। साहित्य अकादमी की ओर से यह राष्ट्रीय पुरस्कार ब्लॉग/फेसबुक/नेट में उल्लेखनीय लेखन के लिए दिया जाता है।



अगला अलंकरण समारोह साहित्य उत्सव के रूप मेंः उषा ठाकुर



इस अवसर पर संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि संस्कृति-संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम साहित्य करता है। हमारी भारतीय संस्कृति कवित्व पर आधारित है। रामायण और महाभारत हमारे सामने काव्य के रूप में ही आया है। उषा ठाकुर ने साहित्यकारों से आग्रह किया कि अपनी संस्कृति के वैज्ञानिक आधार को नई पीढ़ी को समझाने के माध्यम आपका साहित्य बनना चाहिए। मंत्री सुश्री ठाकुर ने अगला अलंकरण समारोह साहित्य उत्सव के रूप में करने की घोषणा की। 



मध्य प्रदेश केवल भू-खंड नहीं, अपितु भाव-खंड हैः आशुतोष राणा



निदेशक डॉ. विकास दवे ने कहा कि मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी का अपना विशिष्ट स्थान है, जो विभिन्न भारतीय भाषाओं में रचनाओं को सम्मानित करती है। साहित्य अकादमी ने प्रदेश के रचनाकारों का जिले अनुसार गजेटियर तैयार किया है और अपने साथ युवा रचनाकारों का बड़ा परिवार जोड़ा है। इस अवसर पर अभिनेता और साहित्यकार आशुतोष राणा ने कहा कि साहित्य अकादमी को यह आयोजन साहित्य उत्सव के रूप में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को मैं मित्र प्रदेश के रूप में देखता हूं, जो सबको अपना मित्र बना लेता है। यह प्रदेश केवल भू-खंड नहीं, अपितु भाव-खंड है। 



‘अपना वीडियो पार्क’ नाम से ब्लागिंग भी करते हैं लोकेंद्र सिंह



साहित्यकार लोकेंद्र सिंह हिन्दी ब्लॉगिंग में प्रारंभिक समय से जुड़े हैं। देश के चुनिंदा ब्लॉगर में उनकी गिनती होती है। उनके ब्लॉग ‘अपनापंचू’ पर कहानी, कविता, ललित निबंध, रेखाचित्र, यात्रा वृत्तांत के साथ ही समसामयिक विषयों पर आलेख हैं। कोरोना महामारी के बाद से उन्होंने यूट्यूब पर ‘अपना वीडियो पार्क’ नाम से वीडियो ब्लॉगिंग भी शुरू की है। यहां भी वे कविता और यात्रा वृत्तांत के साथ सामयिक विषयों पर रोचक जानकारी प्रस्तुत करते हैं। 



यह खबर भी पढ़ें



खजुराहो में हेलिकॉप्टर-एयरक्राफ्ट एक्सपो आज से, दो पायलट ट्रेनिंग सेंटर खुलेंगे, सिंधिया और वीडी शर्मा करेंगे शुरुआत



लोकेंद्र सिंह डॉक्यूमेंट्री और लघु फिल्म निर्माण में भी सक्रिय



लोकेंद्र सिंह का ब्लॉग आइटीबी की ओर से प्रतिवर्ष जारी होनेवाली सर्वश्रेष्ठ हिन्दी ब्लॉग डायरेक्टरी में शामिल रहता है। ब्लॉगिंग के साथ ही वे प्रतिष्ठित वेबसाइट/पोर्टल पर भी नियमित तौर पर लेखन करते हैं, जिनमें स्वदेश, संवाद डॉट इन, वीएसके भारत, इंडिया टुडे के आई-चौक, प्रभासाक्षी और प्रवक्ता सहित अन्य वेबसाइट शामिल हैं। अभी तक आपकी 10 पुस्तक प्रकाशित हो चुकी हैं। पिछले कुछ समय से वे डॉक्यूमेंट्री एवं लघु फिल्म निर्माण में भी सक्रिय हैं। उनकी फिल्मों को राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त हुए हैं।


MP News रविन्द्र भवन भोपाल संस्कृति मंत्री ऊषा ठाकुर पत्रकार और लेखक लोकेंद्र सिंह नारद मुनि-2021 पुरस्कार Ravindra Bhavan Bhopal Culture Minister Usha Thakur journalist and writer Lokendra Singh एमपी न्यूज Narad Muni-2021 Award