भूपेश बघेल मिस्टर ATM तो विजय शर्मा छोटा रिचार्ज, एक दूसरे पर कसा तंज

Arun Tiwari | Sept 15, 2026, 21:39 IST
छोटा रिचार्ज बनाम मिस्टर ATM
छत्तीसगढ़ में पीएम आवास योजना को लेकर भूपेश बघेल और विजय शर्मा आमने-सामने आ गए। रायपुर प्रेस क्लब की बहस के बाद भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प हुई। इसके बाद दोनों दलों ने सोशल मीडिया पर पोस्टर वार शुरू कर दिया।

Raipur : छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर राजनीतिक टकराव उस समय सड़क तक पहुंच गया, जब रायपुर प्रेस क्लब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा के बीच योजना से जुड़े आंकड़ों को लेकर तीखी बहस हुई। डिबेट खत्म होने के बाद प्रेस क्लब के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद धक्का-मुक्की और झड़प में बदल गया। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस के साथ भी कार्यकर्ताओं की झड़प हुई। इस दौरान एक एसआई का बैच और शर्ट का बटन टूटने की बात सामने आई है।मामला यहीं नहीं रुका। प्रेस क्लब के भीतर बदसलूकी के आरोपों और बाहर हुए हंगामे के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया पर भी पोस्टर वार शुरू हो गया। दोनों दलों ने एक-दूसरे पर तीखे राजनीतिक हमले किए। इस तरह पीएम आवास योजना को लेकर शुरू हुई बहस कुछ ही घंटों में राजनीतिक बयानबाजी, कार्यकर्ताओं के टकराव और डिजिटल वार में बदल गई।



आंकड़ों पर आमने-सामने हुए भूपेश और विजय शर्मा

रायपुर प्रेस क्लब में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर आयोजित परिचर्चा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मंत्री विजय शर्मा आमने-सामने थे। चर्चा का मुख्य मुद्दा पीएम आवास योजना के तहत स्वीकृत मकानों, निर्माण और राज्य में योजना की प्रगति से जुड़े आंकड़े रहे।मंत्री विजय शर्मा ने योजना के आंकड़े पेश करते हुए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाए। उन्होंने सरकार की ओर से उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर पीएम आवास योजना के क्रियान्वयन को लेकर अपनी बात रखी। दूसरी ओर भूपेश बघेल ने इन आंकड़ों की सत्यता और प्रमाणिकता पर सवाल उठाते हुए सरकार के दावों को चुनौती दी।दोनों नेताओं के बीच सवाल-जवाब और आंकड़ों को लेकर बहस का माहौल काफी गर्म रहा। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद इसका असर प्रेस क्लब परिसर के बाहर भी दिखाई दिया।



डिबेट खत्म होते ही बाहर भिड़े कार्यकर्ता

परिचर्चा खत्म होने के बाद भाजपा और कांग्रेस के समर्थक प्रेस क्लब के बाहर आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच पहले बहस और नारेबाजी हुई, जिसके बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते स्थिति झड़प में बदल गई। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को अलग करने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और कुछ कार्यकर्ताओं के बीच भी विवाद की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि झड़प के दौरान एक एसआई का बैच और शर्ट का बटन टूट गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को अलग किया।



कांग्रेस नेता ने लगाए बदसलूकी के आरोप

हंगामे के बीच कांग्रेस नेताओं ने प्रेस क्लब परिसर के भीतर उनके साथ बदसलूकी के आरोप लगाए। उनका दावा है कि जब वे प्रेस क्लब पहुंचे, तब भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष समेत 10 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता परिसर के भीतर मौजूद थे। उनके मुताबिक, उन्होंने प्रेस क्लब अध्यक्ष से फोन पर संपर्क किया और गेट पर इंतजार किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उन्हें गेट पर रोक दिया। उनका आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं के इशारे पर एक पुलिस अधिकारी ने उनके साथ बल प्रयोग किया।



भूपेश बघेल मिस्टर ATM तो विजय शर्मा छोटा रिचार्ज


हंगामे के बाद सोशल मीडिया पर पोस्टर वार

प्रेस क्लब में बहस और बाहर हुए विवाद के बाद दोनों दलों ने सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे पर हमला तेज कर दिया। भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को निशाने पर लेते हुए पोस्टर जारी किया। भाजपा के एक पोस्टर में लिखा गया तुम्हारी इनकमिंग भी जनता ने बंद कर दी है मिस्टर एटीएम, अगली बार राहुल गांधी को भेजना। दूसरे पोस्टर में भाजपा ने पीएम आवास योजना के आंकड़ों को लेकर अपने दावे को सही बताते हुए लिखा कि “हवाबाजी का बंटाधार हुआ और सही आंकड़ों के साथ भ्रम का गुब्बारा फूट गया।”



कांग्रेस का पलटवार

भाजपा के इन डिजिटल हमलों के बाद भूपेश बघेल ने भी सोशल मीडिया पर पलटवार किया। उन्होंने मंत्री विजय शर्मा पर निशाना साधते हुए लिखा अगली बार किसी समझदार को चर्चा के लिए भेजना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने तंज करते हुए कहा छोटा रिचार्ज केवल रील बनाने के लिए ही ठीक है।



पीएम आवास बना राजनीतिक टकराव का नया केंद्र

छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना लंबे समय से भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा रही है। गरीब परिवारों के मकान, योजना की स्वीकृति, निर्माण और केंद्र-राज्य की भूमिका को लेकर दोनों दल एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे हैं।प्रेस क्लब में हुई बहस ने इस पुराने राजनीतिक विवाद को एक बार फिर गरमा दिया। आंकड़ों पर नेताओं के बीच हुई बहस के बाद कार्यकर्ताओं का सड़क पर टकराव और फिर सोशल मीडिया पर पोस्टर वार ने विवाद को और बड़ा कर दिया है।



ये खबरें भी पढ़े....

पीएम आवास पर पहली बार ओपन डिबेट, प्रेस क्लब में भिड़े भूपेश बघेल और विजय शर्मा



कौन हैं भगत जिन्होंने किया पायलट को आउट, क्या भूपेश बघेल पर भारी पड़ा पंजाब का विवाद



विजय शर्मा ने दी पीएम आवास परफॉर्मेंस रिपोर्ट, बोले भूपेश सरकार ने छीने थे मकान



चुनाव का गजब परिणाम: RLP उम्मीदवार को मिले 0 वोट, नतीजा सोशल मीडिया पर वायरल





Tags:
  • भूपेश बघेल
  • पीएम आवास योजना
  • प्रधानमंत्री आवास योजना
  • सोशल मीडिया
  • विजय शर्मा