भिलाई स्टील प्लांट में टरबाइन फटा और लगी भीषण आग, कई कर्मचारी झुलसे
छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित स्टील प्लाट से बड़ी खबर सामने आई है। प्लांट के PBS-2 यूनिट में अचानक टरबाइन में जोरदार विस्फोट हो गया, जिसके बाद देखते ही देखते भीषण आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों में दहशत फैल गई।
टरबाइन ब्लास्ट के बाद आग ने लिया विकराल रूप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टरबाइन में अचानक तेज धमाका हुआ और चंद मिनटों में आग ने पूरे यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक देखा गया। हालात बिगड़ते देख कई कर्मचारियों ने पीछे के रास्तों से भागकर अपनी जान बचाई।
पांच कर्मचारी झुलसे, इलाज जारी
इस हादसे में प्लांट के दो स्थायी कर्मचारी और तीन ठेका मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सूत्रों के मुताबिक कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
फायर ब्रिगेड की टीमों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही छः से अधिक फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। प्लांट प्रबंधन और सुरक्षा टीम भी मौके पर मौजूद है और हालात पर नजर बनाए हुए है।
जांच के आदेश, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस बड़े हादसे के बाद भिलाई स्टील प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। शुरुआती तौर पर टरबाइन फेल होने को कारण माना जा रहा है, लेकिन आधिकारिक जांच के बाद ही असली वजह सामने आएगी। फिलहाल आग बुझाने और हालात सामान्य करने पर फोकस किया जा रहा है।
यह खबरें भी पढ़ें...
भिलाई स्टील प्लांट के लोहे से मिजोरम में बना देश का दूसरा सबसे बड़ा रेलवे ब्रिज
भिलाई स्टील प्लांट में ब्लास्ट... फर्नेस का डस्ट क्रिएटर फटा
भिलाई स्टील प्लांट में करीब 1500 बांग्लादेशी मजदूर... होगी जांच