छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल: कांकेर हिंसा के बाद 3 IPS समेत 98 अफसरों के तबादले, देर रात आदेश जारी
Raipur. छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने 3 IPS अधिकारियों और 95 राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों के तबादले आदेश जारी किए हैं। यह आदेश 22 दिसंबर की देर रात गृह विभाग की ओर से जारी किया गया।
बताया जा रहा है कि कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में हुई हिंसा को सरकार ने गंभीरता से लिया है। इसी के बाद कांकेर एसपी को हटाते हुए यह बड़ा कदम उठाया गया है।
कांकेर एसपी बदले, नए अधिकारियों को जिम्मेदारी
कांकेर की एसपी इंदिरा कल्याण एलेसेला (SSP) को उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह गरियाबंद के एसपी निखिल राखेचा को कांकेर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
वहीं, वेदव्रत सिरमौर की पर्यटन विभाग से प्रतिनियुक्ति समाप्त करते हुए उन्हें गरियाबंद का नया एसपी बनाया गया है।
इसके अलावा कांकेर के पूर्व एसपी को सरगुजा, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल उत्तरी रेंज का उपमहानिरीक्षक (DIG) नियुक्त किया गया है।
गृह विभाग ने जारी किया आदेश
राज्य सरकार के निर्देश पर गृह विभाग के अवर सचिव डी.एस. धुर्वे द्वारा सोमवार को तबादला आदेश जारी किया गया। सूत्रों के मुताबिक कांकेर हिंसा के बाद ही एसपी बदलने के संकेत मिल गए थे।
रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में भी बदलाव
इस फेरबदल के तहत प्रदेश के कई अहम जिलों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों को भी बदला गया है—
- दुर्ग के एडिशनल एसपी अभिषेक कुमार झा को बस्तर कैंप स्थित एसबी शाखा में ASP बनाया गया
- रायपुर ग्रामीण के एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर को राजनांदगांव का एडिशनल एसपी नियुक्त किया गया
- बेमेतरा की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति सिंह को उप सेनानी, 21वीं वाहिनी करकाभाट (बालोद) भेजा गया
- हरिश कुमार यादव को बेमेतरा का नया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनाया गया है
कांकेर में क्या हुआ था
कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र अंतर्गत बड़े तेवड़ा गांव में पिछले सप्ताह धर्मांतरण को लेकर आदिवासी और ईसाई समुदाय के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी।
जानकारी के अनुसार, गांव में धर्म परिवर्तन कर चुके एक सरपंच की मौत के बाद शव को दफनाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें चर्चों में तोड़फोड़, कई घरों में आगजनी की घटनाएं सामने आईं।
यह विवाद लगातार तीन दिनों तक चला, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस की दखल से स्थिति पर काबू पाया गया। हिंसा के बाद अब छत्तीसगढ़ सरकार ने कांकेर एसपी का तबादला कर सख्त संदेश दिया है।