गंगरेल बांध के सभी गेट खुले, अमेठी में बाढ़ का खतरा, 25 लोगों को सुरक्षित निकाला
लगातार हो रही भारी बारिश के चलते गंगरेल बांध लबालब हो गया है। बांध में पानी की आवक बढ़ने के बाद सभी 14 गेट खोलकर महानदी में पानी छोड़ा गया है। इससे नदी किनारे बसे गांवों में जलस्तर बढ़ने लगा है और बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। अमेठी गांव एक बार फिर पानी से घिर गया है।
अमेठी के 5 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर भेजा
स्थिति को देखते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर SDM दीपक निकुंज ने तत्काल कार्रवाई की। प्रशासन ने अमेठी गांव के 5 परिवारों के 25 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इनमें कमलदेव निषाद, अग्नु निषाद, काशी राम निषाद, धिराजू निषाद और तुलसी फेकर के परिवार शामिल हैं।
SDM दीपक निकुंज ने बताया कि एहतियात के तौर पर लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने के कारण महानदी और आसपास के नदी-नालों का जलस्तर और बढ़ सकता है।
12 गांवों में अलर्ट, राहत-बचाव दल तैनात
बाढ़ की आशंका को देखते हुए मलपुरी, मोहान, रीवडीह, बम्हनी, चरोदा, अमेठी, मुडियाडीह, धमनी, बल्दा कछार, रिवासरार, पिपरछेड़ी और दोनाझार समेत आसपास के गांवों को अलर्ट किया गया है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ राहत और बचाव दल तैनात किए हैं।
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत अधिकारियों को देने की अपील की है।
निचली बस्तियों में घुसा पानी
लगातार बारिश के कारण निचली बस्तियों के कई घरों में पानी घुस गया है। रुद्री और गोकुलपुर समेत कई कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। कई पुल-पुलिया और रपटों पर भी पानी आने से संपर्क प्रभावित हुआ है।
एक दिन में 90 मिमी बारिश
भू-अभिलेख शाखा के अनुसार जिले में 1 जून से अब तक 1201 मिमी औसत बारिश दर्ज की जा चुकी है। 25 सितंबर को ही जिले में करीब 90 मिमी औसत बारिश हुई।
तहसीलवार धमतरी में 1280 मिमी, कुरूद में 1186 मिमी, मगरलोड में 1141 मिमी, नगरी में 1256 मिमी, भखारा में 1153 मिमी, कुकरेल में 1141 मिमी और बेलरगांव में 1201 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
लगातार बारिश के कारण शहर में भी जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई दुकानें बंद रहीं और लोग बारिश से बचने के लिए छतरी और बरसाती के सहारे घर से निकलते नजर आए। वहीं, बांध के गेट खुलने के बाद नदी किनारे के गांवों में प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है।
ये खबरें भी पढ़ें…
बस्तर में बारिश से बिगड़े हालात: नदियां नदी उफान पर, स्कूल बंद, ट्रेन-फ्लाइट रद्द
gangrel dam News: खतरे के निशान के पास गंगरेल बांध का जलस्तर, कभी भी खुल सकते हैं रेडियल गेट
CG weather Update : छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, बंगाल की खाड़ी में बन रहा तगड़ा सिस्टम
मानसून के आखिरी दिनों में भारी बारिश का अटैक, MP-CG में स्कूल बंद, राजस्थान में भी अलर्ट