फेसबुक इंस्टाग्राम पर चालू है महादेव सट्टा, कांग्रेस बोली, उप्पल-चंद्राकर को क्यों नहीं लाई सरकार
Raipur. छत्तीसगढ़ में महादेव सट्टा एप को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर बीजेपी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी की “डबल इंजन सरकार” के संरक्षण में महादेव सट्टा एप का कारोबार खुलेआम संचालित हो रहा है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम पर आज भी महादेव सट्टा एप के विज्ञापन दिखाई दे रहे हैं, लेकिन सरकार इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही।
क्यों चल रहे हैं सट्टा के विज्ञापन:
शुक्ला ने कहा कि यदि सरकार चाहे तो सोशल मीडिया पर किसी आम नागरिक की पोस्ट तक हटवा सकती है या अकाउंट पर प्रतिबंध लगवा सकती है। फिर महादेव सट्टा एप जैसे विवादित ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के विज्ञापन कैसे चल रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार को इन विज्ञापनों की जानकारी नहीं है, या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है।
डबल इंजन से चल रहा सट्टा:
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि महादेव सट्टा एप को बीजेपी की राज्य और केंद्र सरकार दोनों का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी नेताओं ने इसी महादेव एप को मुद्दा बनाकर तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। चुनावी सभाओं में प्रधानमंत्री मोदी समेत बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने कांग्रेस सरकार को बदनाम करने की कोशिश की थी। महादेव एप को आर्थिक बर्बादी का कारण बताया था। अब वही एप खुलेआम चल रहा है और उसके विज्ञापन सोशल मीडिया पर दिखाई दे रहे हैं।
मास्टर माइंड क्यों नहीं लाये गए भारत:
कांग्रेस ने कहा कि प्रदेश और केंद्र दोनों जगह बीजेपी की सरकार को ढाई साल से अधिक समय हो चुका है। लेकिन आज तक महादेव सट्टा एप पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई जा सकी। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि आखिर इस पूरे नेटवर्क को संचालित करने वाले बताए जा रहे रवि उप्पल, सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी को अब तक गिरफ्तार कर भारत क्यों नहीं लाया गया।
बीजेपी की राजनीतिक साजिश:
कांग्रेस ने बीजेपी पर राजनीतिक षड्यंत्र रचने का भी आरोप लगाया। शुक्ला ने कहा कि शुभम सोनी का वीडियो बीजेपी ने अपने आधिकारिक हैंडल से प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता कर जारी किया था। उन्होंने पूछा कि बीजेपी के पास यह वीडियो कहां से आया था और किसके माध्यम से उपलब्ध कराया गया। कांग्रेस का दावा है कि महादेव एप मामले में बीजेपी नेताओं, ईडी और ईओडब्ल्यू के जरिए एक सुनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र रचा गया था ताकि कांग्रेस की छवि खराब की जा सके।
जांच की मांग:
कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार वास्तव में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ है, तो उसे महादेव एप के नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चल रहे इसके प्रचार को तुरंत बंद कराना चाहिए।
ये खबरें भी पढ़ें...
जिन IPS पर है महादेव सट्टा एप से जुड़े होने का आरोप, उनमें 4 करोड़पति और एक के पास कौड़ी भी नहीं
कांग्रेस के बड़े नेता चला रहे महादेव सट्टा ऐप, अकाउंट पार्षद के पास
Mahadev Satta App : पत्रकार बन... कर रहे थे सट्टे का धंधा, करोड़ों का ट्रांजेक्शन