कथावाचक ने दी आत्मदाह की चेतावनी, मंत्री राजेश अग्रवाल पर 15 लाख रुपए नहीं देने का आरोप
Raipur. छत्तीसगढ़ की सियासत में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। कथावाचक डॉ. रामानुरागी महाराज ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया है कि प्रदेश के मंत्री राजेश अग्रवाल ने उनसे श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन करवाया। लेकिन करीब 15 लाख रुपए का भुगतान अब तक नहीं किया। कथावाचक ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो वे विधानसभा के बाहर आत्मदाह कर लेंगे।
कांग्रेस ने जारी किया वीडियो:
यह वीडियो कांग्रेस नेता धनंजय ठाकुर ने सोशल मीडिया पर साझा किया। जिसके बाद मामला राजनीतिक रूप से तूल पकड़ने लगा है। जारी वीडियो में डॉ. रामानुरागी महाराज ने बताया कि 2 जनवरी से 9 जनवरी 2026 तक उन्होंने मंत्री राजेश अग्रवाल के अंबिकापुर क्षेत्र के लखनपुर गांव में भव्य श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया था। कथावाचक का आरोप है कि कथा का आयोजन मंत्री के कहने पर किया गया था। लेकिन कार्यक्रम खत्म होने के बाद उन्हें भुगतान नहीं दिया गया।
आत्मदाह की धमकी:
उन्होंने कहा कि जब भी वे भुगतान की मांग करने जाते हैं तो उन्हें टाल दिया जाता है। कथावाचक ने इसे अपने सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे विधानसभा के बाहर आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे।
मंत्री बोले जूठे आरोप:
मंत्री राजेश अग्रवाल ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि डॉ. रामानुरागी महाराज ने सांस्कृतिक आयोजन के लिए संस्कृति विभाग में आवेदन दिया था। मंत्री के अनुसार उन्होंने केवल आवेदन पर सामान्य टिप्पणी (रिमार्क) की थी, जैसा अन्य आवेदनों पर किया जाता है।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि संस्कृति विभाग की प्रक्रिया के तहत ऐसे आयोजनों के लिए भुगतान का प्रावधान नहीं होता। इसलिए विभाग ने आवेदन को खारिज कर दिया। उनका कहना है कि आवेदन निरस्त होने के बाद कथावाचक उनसे व्यक्तिगत रूप से पैसे की मांग कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दो दिन पहले विधानसभा परिसर के बाहर उनकी मुलाकात डॉ. रामानुरागी महाराज से हुई थी। उस समय उन्होंने जल्दी में होने की बात कही थी, जिसके बाद अचानक इस तरह का वीडियो सामने आ गया।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना:
मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेता धनंजय ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के कथावाचक को भुगतान के लिए इस तरह संघर्ष करना पड़ रहा है, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार दूसरे राज्यों के कथावाचकों को विशेष सम्मान देती है और उन्हें हवाई जहाज से बुलाया जाता है, लेकिन छत्तीसगढ़ के कथावाचकों का ही अपमान किया जा रहा है।
ये खबरें भी पढ़ें...
सीएम आवास के सामने आत्मदाह की चेतावनी देने वाली वृद्धा रहस्यमय ढंग से लापता...
कर्मचारियों ने दी आत्मदाह की चेतावनी तो कलेक्टर ने दिया ये बड़ा आदेश
मंत्री राजेश अग्रवाल की डिमांड फिर से ठुकराई, इस बार नहीं रहे शांत, तबादला करवा लिया बदला
8वीं पास को PA बनाना चाहते थे मंत्री राजेश अग्रवाल, सामान्य प्रशासन विभाग ने किया इनकार