रायपुर में एनएफएसएम योजना में घोटाला, कागजों में बोया चना, लाखों का गबन

Krishna Kumar Sikander | Jun 22, 2025, 13:56 IST
Scam in NFSM scheme in Raipur the sootr
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत रायपुर में चने की खेती के लिए 100 हेक्टेयर जमीन और 100 किसानों का चयन हुआ था। जांच में खुलासा हुआ कि कृषि विभाग के अधिकारियों ने 20 हेक्टेयर में चना बोया, बाकी 80 हेक्टेयर का उत्पादन कागजों में दिखाकर लाखों हड़प लिए।

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (एनएफएसएम) के तहत रायपुर में चने की खेती के लिए 100 हेक्टेयर जमीन और 100 किसानों का चयन हुआ था। मकसद था दालों का उत्पादन बढ़ाना, लेकिन योजना कागजी खेल बनकर रह गई। जांच में खुलासा हुआ कि कृषि विभाग के अधिकारियों ने सिर्फ 20 हेक्टेयर में चना बोया, बाकी 80 हेक्टेयर का उत्पादन कागजों में दिखाकर लाखों रुपये हड़प लिए। फोटो खींचकर किसानों के साथ दिखावे का खेल रचा गया।



ये खबर भी पढ़ें... कागजों पर करोड़ों की जमीन : आदिवासियों के नाम पर खनिज माफिया कर रहा मनी लॉन्ड्रिंग, कहां है ED-CBI?



चौंकाने वाले खुलासे

अभनपुर विकासखंड के तोरला, भुरका, गोरभट्टी, टीला, चंपारण जैसे गांवों में पता चला कि कई लोगों को कागजों में किसान और बीज प्राप्तकर्ता दिखाया गया, जबकि वे किसान हैं ही नहीं। एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के दो नामों से बीज वितरण दिखाया गया। उक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि उनके पास न खेत है और न ही उन्होंने बीज लिया।



ये खबर भी पढ़ें... छत्तीसगढ़ DMF घोटाला: अफसरों में बंटा करोड़ों का कमीशन, रानू साहू ने बटोरे 57.85 करोड़



किसानों के साथ धोखा

जगदीश साहू (भुरका) ने बताया कि उनकी तीन एकड़ जमीन है, लेकिन उन्हें सिर्फ एक कट्टा चना बीज मिला। रिकॉर्ड में तीन एकड़ के लिए बीज और कीटनाशक दिखाया गया। वहीं, नोहरदास ने खुलासा किया कि उन्हें निशुल्क मिलने वाला बीज 10 हजार रुपये देकर खरीदना पड़ा। उन्हें नहीं पता था कि योजना में बीज मुफ्त है।



ये खबर भी पढ़ें... 411 करोड़ का CGMSC घोटाला... हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत



अधिकारियों का फर्जीवाड़ा

अधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने चना बीज और कीटनाशक बाजार में बेच दिए। अभनपुर तहसीलदार की अगुआई वाली जांच कमेटी ने पाया कि सिर्फ 20 हेक्टेयर में चना बोया गया, बाकी खेतों में दूसरी फसलें या खाली जमीन मिली। दो कृषि विस्तार अधिकारी दोषी पाए गए, लेकिन जिला कृषि अधिकारी आर. कश्यप का कहना है कि जांच अधूरी है, क्योंकि सभी किसानों के बयान नहीं लिए गए। फाइल दोबारा जांच के लिए एसडीएम कार्यालय भेजी गई है।



ये खबर भी पढ़ें... झारखंड शराब घोटाला में छत्तीसगढ़ के कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया गिरफ्तार, ACB ने पकड़ा



कार्रवाई के लिए रिपोर्ट प्रशासन को भेजी

अभनपुर एसडीएम रवि सिंह ने बताया कि जांच में दोषी अफसरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट प्रशासन को भेजी गई है, लेकिन कार्रवाई अभी लंबित है। एनएफएसएम योजना का मकसद किसानों को सशक्त करना था, लेकिन अधिकारियों की मिलीभगत ने इसे घोटाले का अड्डा बना दिया। कागजों में चना बोकर और फर्जी किसानों के नाम पर बीज वितरण दिखाकर लाखों रुपये का गबन किया गया। किसानों के साथ धोखा और जांच में लीपापोती का यह मामला अब प्रशासन के अगले कदम का इंतजार कर रहा है।





रायपुर में एनएफएसएम योजना में घोटाला | एनएफएसएम योजना में घोटाला | एनएफएसएम योजना में कागजों में बोया चना | एनएफएसएम योजना में लाखों का गबन | Scam in NFSM scheme | Scam in NFSM scheme in Raipur | gram sown on paper in NFSM scheme | embezzlement of lakhs in NFSM scheme | chhatttisgarh



Tags:
  • एनएफएसएम योजना में घोटाला
  • रायपुर में एनएफएसएम योजना में घोटाला
  • एनएफएसएम योजना में कागजों में बोया चना
  • एनएफएसएम योजना में लाखों का गबन
  • Scam in NFSM scheme
  • Scam in NFSM scheme in Raipur
  • gram sown on paper in NFSM scheme
  • embezzlement of lakhs in NFSM scheme
  • chhatttisgarh