मध्य प्रदेश में 16 लोक बनाने का ऐलान... आज धरातल पर 7 गुम, 9 का काम कछुआ चाल से

11 अक्टूबर 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 850 करोड़ की लागत वाले इस कॉरिडोर का शुभारंभ किया था। इस प्रोजेक्ट को जबरदस्त रिस्पांस मिला। महाकाल लोक ने उज्जैन की इकॉनोमी बदलकर रख दी है। यहीं से सूबे में लोक बनाने के ऐलान का सिलसिला शुरू हुआ। 

Advertisment
author-image
Ravi Kant Dixit
एडिट
New Update
2024-08-02 at 18.55.05
Listen to this article
0.75x 1x 1.5x
00:00 / 00:00

राम, लक्ष्मण, जानकी...जय बोलो हनुमान की...। खबर की शुरुआत प्रभु के नाम के साथ...। अपार सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को अपने में समेटे मध्य प्रदेश में धर्म और राजनीति का रिश्ता किसी से छिपा नहीं है। चुनावी समर में अवाम को साधने के लिए नेता मुद्दों को धर्म की ओर मोड़ देते हैं। विधानसभा चुनाव में हुआ भी ऐसा ही। सत्तारूढ़ दल ने मध्यप्रदेश को मानो 'वोट लोक' बना दिया। जहां भी सभा होती, वहां के प्रमुख तीर्थ अथवा धर्मस्थल के विकास का ऐलान कर दिया जाता। 

कुल मिलाकर चुनाव के बीच सूबे में 16 लोक बनाने का ऐलान हुआ था। अब जब 'द सूत्र' ने इनकी ग्राउंड रियलिटी चैक की तो पता चला कि आज धरातल पर 7 गुम हो गए हैं 9 का काम चल रहा है, लेकिन इसकी चाल कछुआ जितनी ही है। इसमें भी सबसे खास बात यह है कि कई जगह काम फंड की वजह से अटका है। आधे लोक व कॉरिडोर के मामले में अब तक कुछ हुआ ही नहीं है। 

पढ़िए ये खास रिपोर्ट...

उज्जैन से हुई लोक की शुरुआत 

मध्य प्रदेश में लोक बनाने की दास्तां उज्जैन में महाकाल लोक से शुरू हुई थी। 11 अक्टूबर 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 850 करोड़ की लागत वाले इस कॉरिडोर का शुभारंभ किया था। इस प्रोजेक्ट को जबरदस्त रिस्पांस मिला। महाकाल लोक ने उज्जैन की इकॉनोमी बदलकर रख दी है। यहीं से सूबे में लोक बनाने के ऐलान का सिलसिला शुरू हुआ। 

24 अप्रैल 2023: दतिया में पीताम्बरा लोक 

पूर्व सीएम शिवराज सिंह ने दतिया में महाकाल महालोक की तर्ज पर पीतांबरा माई लोक बनाने का ऐलान किया था। इसमें वे यहां पीतांबरा माई के प्रकटोत्सव में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। 
क्या है प्लानिंग: इस लोक में माई के एक साथ कई स्वरूपों की प्रतिमाओं के साथ 10 महाविद्या, हरिद्रा गणेश, काल भैरव, बटुक भैरव, भगवान शिव, मां पीताम्बरा के प्रथम उपासक ऋषिमुनियों की प्रतिमाएं स्थापित होंगी। 

हकीकत: नियमित रूप से पीतांबरा मां के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालु अमन शर्मा कहते हैं अब तक तो धरातल पर कुछ नजर नहीं आता, पता नहीं कब तक लोक बनेगा। 

10 अगस्त 2023: नर्मदा दिव्य लोक

तत्कालीन सीएम शिवराज सिंह चौहान ने एक वर्ष पहले अमरकंटक में नर्मदा दिव्य लोक बनाने का ऐलान किया था। तब उन्होंने कहा था कि अमरकंटक को पवित्र बनाए रखने के लिए उद्गम मंदिर परिसर से दूर न्यू अमरकंटक सिटी भी बनाई जाएगी। 

क्या है प्लानिंग: नर्मदा लोक का निर्माण 100 करोड़ की लागत से किए जाने की तैयारी है। दावा किया गया था कि मां नर्मदा लोक की स्थापना के बाद लाखों लोग अमरकंटक आएंगे। 

हकीकत: वादे हैं वादों का क्या...वाली स्थिति अमरकंटक में भी है। धरातल पर अब तक कुछ नहीं हुआ है। यहां तक कि नर्मदा में मिलने वाले गंदे नालों तक को बंद नहीं किया जा सका है। 

22 मई 2023: भोपाल में महाराणा प्रताप लोक 

तब मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अपने चिर परिचित अंदाज में भोपाल में महाराणा प्रताप लोक एवं स्मारक बनाने का ऐलान किया था। इसके बाद 28 सितंबर को भोपाल में इसकी आधारशिला रखी गई। कहा गया था कि बच्चों महाराणा प्रताप की वीर गाथा भी बताई जाएगी। 
क्या है प्लानिंग: यह लोक भोपाल के टीटी नगर इलाके में बनाने की प्लानिंग है। यह करीब चार एकड़ में बनकर तैयार होगा। यहां अन्य वीरों की चित्र प्रदर्शनी लगाने की प्लानिंग है। जीवनी के प्रदर्शन के लिए इंटरपिटीशन सेंटर बनाने की तैयारी है।

हकीकत: इतिहास बदल देने का दंभ भरने वाले नेता ऐलान कर सब भूल गए हैं। इस लोक को लेकर भी धरातल पर बहुत धीमे काम चल रहा है। 

12 अगस्त 2023: सागर में संत रविदास मंदिर 

सागर के बड़तूमा में संत रविदास मंदिर-स्मारक बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 अगस्त 2023 को इसकी आधारशिला रखी थी। इस प्रोजेक्ट को बीजेपी ने प्रदेश की 54 विधानसभा सीटों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया है। इनमें 35 सीटें अनुसूचित जाति के लिए हैं। बाकी 19 सीटें सामान्य हैं, लेकिन इन पर दलित वोटर निर्णायक भूमिका में हैं।

क्या है प्लानिंग: 11.29 एकड़ जमीन पर 100 करोड़ रुपए की लागत से यह मंदिर बनाया जाना है। पूरा प्रोजेक्ट नागर शैली में होगा। कला वीथिका बनेगी। भक्त निवास के साथ कई अन्य चीजें बनेंगी।

हकीकत: एक साल में मंदिर की नींव का ही काम हो पाया है, जबकि पीएम मोदी ने ठीक एक साल पहले इसका भूमिपूजन किया था। 

 24 अगस्त 2023 श्री हनुमान लोक 

सूबे के तत्कालीन मुख्यमंत्री और अब केंद्र सरकार में कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने एक्स हैंडल पर छिंदवाड़ा जिले के जामसांवली में श्री हनुमान लोक बनाने की जानकारी दी। उन्होंने बाकायदा इसकी डिजाइन पोस्ट की। इसके बाद 24 सितंबर को इसका शिलान्यास किया। 

क्या है प्लानिंग: दावा है कि मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड 30 एकड़ में हनुमान लोक का निर्माण करेगा। इसकी लागत करीब 314 करोड़ रुपए आएगी।

हकीकत: हनुमान लोक के निर्माण को लेकर भारी भरकम प्रचार प्रसार किया गया था, लेकिन एक साल बाद भी सिर्फ ढांचे खड़े हुए हैं। 

यहां तो कुछ भी नहीं...

ग्वालियर में शनि लोक, बड़वानी में नाग लोक और पन्ना में जुगल किशोर सरकार लोक बनाने की घोषणा की गई है, लेकिन यहां तो मानो सब कुछ शून्य ही है। यहां के लोग तक ये मुद्दे भूल गए हैं। पन्ना के पत्रकार अरुण सिंह कहते हैं, अब तक जो हुआ है, वह संतोषजनक नहीं है। ऐलान तो न जाने कितने हुए थे, पर हकीकत सबको पता है। 

यहां की स्थिति फिर भी संतोषजनक 

1. मंदसौर में बाबा पशुपति नाथ लोक का काम 35 फीसदी के करीब हो गया है।
2. आगर में बाबा बैजनाथ लोक का ​निर्माण काम जारी है। सिर्फ 20% काम हो गया। 
3. सलकनपुर में देवीधाम का काम 40 फीसदी हुआ है, इसकी डेटलाइन मई 2024 है।
4. ओरछा में रामराजा लोक का काम चल रहा है। अब तक 15 फीसदी काम हुआ है।
5. इंदौर में अहिल्या लोक व जानापाव में परशुराम लोक का काम शुरू हुआ है। अभी बहुत समय लगेगा। 
6. चित्रकूट में रामपथ गमन लोक को लेकर पिछले दिनों सीएम ने समीक्षा की थी, काम में तेजी है। 
7. ओंकारेश्वर में एकात्म धाम का काम शुरुआत में काफी तेजी से चल रहा था। अब यह भी धीमा हो गया।

thesootr links

 द सूत्र की खबरें आपको कैसी लगती हैं? Google my Business पर हमें कमेंट के साथ रिव्यू दें। कमेंट करने के लिए इसी लिंक पर क्लिक करें

ravikant dixit

महाकाल लोक वोट लोक एमपी में 16 लोक मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड