डेली कॉलेज की शूटिंग चैम्पियनशिप में एमराल्ड स्कूल ने बाजी मारी, डेली कॉलेज ओवरऑल चैंम्पियन रहा
इंदौर के डेली कॉलेज में 20वीं बालक एवं 17वीं बालिका ऑल इंडिया आईपीएससी शूटिंग चैम्पियनशिप 2025 का आयोजन किया गया। इसमें देशभर के टॉप स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों में सर्वाधिक स्कोर एमराल्ड इंटरनेशनल स्कूल के यश पांडे ने 397 बनाया, तो एमराल्ड इंटरनेशनल स्कूल टीम स्कोर में भी सबसे ऊपर रहा। उसने अंडर 17 में 1179 स्कोर प्राप्त किया। हालांकि इस प्रतियोगिता में ओवरऑल चैम्पियन की बात करें तो डेली कॉलेज इसमें सबसे ऊपर रहा। डेली कॉलेज ने चैम्पियनशिप में सर्वाधिक कुल 11 मुकाबले जीते। जिसमें 5 व्यक्तिगत और टीम स्कोर में भी 6 मुकाबले जीते।
देशभर के 24 स्कूलों के 340 बच्चों ने भाग लिया
डेली कॉलेज की प्राचार्या डॉ. गुनमीत बिंद्रा ने बताया कि 20वीं बालक एवं 17वीं बालिका ऑल इंडिया आईपीएससी शूटिंग चैम्पियनशिप 2025 का आयोजन डेली कॉलेज इंदौर द्वारा 26 अप्रैल से 1 मई 2025 तक किया गया। इस चैम्पियनशिप में देशभर के 24 विद्यालयों से 340 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि आर्मी वार कॉलेज महू के कमांडर मेजर जनरल खालिद जकी रहे। उन्होंने विजेताओं को पदक और ट्रॉफी प्रदान की।
यह खबर भी पढ़ें...Career in AI : भारत में AI के लिए बंपर डिमांड, प्रोफेशनल करियर बनाने का अच्छा मौका
व्यक्तिगत स्कोर में एमराल्ड आगे
शूटिंग चैम्पियनशिप में परिणाम घोषित किए जाने के दौरान जब व्यक्तिगत स्कोर देखा गया तो उसमें एमराल्ड इंटरनेशनल स्कूल के छात्र यश पांडे ने अंडर 17 में सबसे ज्यादा अंक 397 प्राप्त किए। उसके बाद दूसरे नंबर पर जयपुर के मेयो कॉलेज के अंडर 14 के छात्र हेमवर्धन शेखावत रहे। उन्हें पीप साइट प्रतियोगिता में 379 अंक प्राप्त हुए। हालांकि इस प्रतियोगिता में सर्वाधित जीत दर्ज करवाने वाले कुल 12 छात्रों में सबसे ज्यादा छात्र डेली कॉलेज के कुल 5 रहे। उसके बाद दूसरे नंबर पर जोधपुर के आरकेकेजीपीएस स्कूल के 3 छात्र जीते।
टीम स्कोर में भी एमराल्ड नंबर 1, सबसे ज्यादा जीत डेली कॉलेज के नाम
डेली कॉलेज में आयोजित इस प्रतियोगिता में टीम स्कोर के परिणाम घोषित किए गए तो 12 स्कूल टॉप पर रहे। इनमें भी सबसे ज्यादा अंक हासिल करने वाले स्कूल में एमराल्ड इंटरनेशनल स्कूल पहले नंबर पर रहा। इस कैटेगरी में एमराल्ड ने पहली और दूसरी दोनों ही पोजिशन अपने नाम कर ली। हालांकि इसमें भी ओवरऑल चैम्पियन डेली कॉलेज ही रहा। जिस तरह से व्यक्तिगत स्कोर वाली कैटेगरी में डेली कॉलेज ने अपना दबदबा बनाए रखा ठीक उसी तरह यहां भी कुल टॉप 12 स्कूलों में से 6 तो डेली कॉलेज के ही नाम रहे। फिर दूसरे नंबर पर इंदौर के एमराल्ड इंटरनेशनल और जोधपुर का आरकेकेजीपीएस स्कूल रहा। इन दोनों ही स्कूलों ने टीम स्कोर में दो–दो पायदान हासिल किए।
यह खबर भी पढ़ें...इंदौर के डेली कॉलेज में देवास नाइट की एकतरफ जीत, छात्रों ने दिखाए घुड़सवारी के करतब
देश के इन टॉप स्कूलों ने लिया भाग
इस शूटिंग चैम्पियनशिप में डेली कॉलेज इंदौर, बीके बिड़ला सेंटर फॉर एजुकेशन पुणे, डीपीएस आरकेपुरम नई दिल्ली, एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल इंदौर, जेनेसिस ग्लोबल स्कूल नोएडा, कित्तूर रानी चन्नम्मा रेजिडेंशियल सैनिक स्कूल फॉर गर्ल्स कित्तूर, लॉरेंस स्कूल सनावर, मेयो कॉलेज अजमेर, मेयो गर्ल्स कॉलेज अजमेर, महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल जयपुर, मॉडर्न स्कूल बाराखंभा रोड, पाइनग्रोव स्कूल, राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज देहरादून, राजकुमार कॉलेज रायपुर, राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल जोधपुर, राष्ट्रीय सैनिक स्कूल अजमेर, राष्ट्रीय सैनिक स्कूल धौलपुर, द दून स्कूल देहरादून, हैदराबाद पब्लिक स्कूल बेगमपेट, पंजाब पब्लिक स्कूल नाभा, राजकुमार कॉलेज राजकोट, सिंधिया स्कूल ग्वालियर, वेल्हम गर्ल्स स्कूल देहरादून, यादवेंद्र पब्लिक स्कूल मोहाली, यादवेंद्र पब्लिक स्कूल पटियाला शामिल हैं।
डेली कॉलेज में देवास नाइट की एकतरफ जीत
इसके कुछ दिन पूर्व ही इंदौर के डेली कॉलेज में देवास कप का आयोजन किया गया, जिसमें देवास नाइट और देवास कैवेलियर टीमों ने प्रदर्शनी पोलो मैच का शानदार प्रदर्शन किया। इस मैच में देवास नाइट ने एक–एक कर 6 गोल दागे और मैच को एक तरफा कर अपने पक्ष में कर लिया। इस दौरान डेली कॉलेज के छात्रों ने घुड़सवारी के करतब भी दिखाए। डेली कॉलेज के विद्यार्थियों को घुड़सवारी और पोलो जैसे खेलों के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने के लिए घुड़सवारी और प्रदर्शनी पोलो मैच खेला गया। इसी दौरान डेली कॉलेज में घुड़सवारी सीख रहे विद्यार्थियों ने कई तरह के करतब दिखाए। इस प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे। इनमें देवास की राजमाता गायत्री राजे पुआर, डेली कॉलेज के बोर्ड के अध्यक्ष महाराज विक्रम सिंह पुआर, धीरज लुल्ला, संदीप पारीख, प्राचार्या डॉ. गुनमीत बिंद्रा, उप प्राचार्य सोमेन सिन्हाबाबू, तुषार भारद्वाज, डेली कॉलेज ओल्ड डेलियन एसोसिएशन के सदस्य, डेली कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व छात्र, डेली कॉलेज का स्टाफ, मौजूदा छात्र व अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद थे।