ईएसबी सिपाही भर्ती में धार, आलीराजपुर जैसे आदिवासी जिले वालों को सेंटर 800 किमी दूर दिए
INDORE. भोपाल के कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने एपटेक कंपनी को ऑनलाइन परीक्षा का ठेका दिया है। इस कारण नई समस्याएं खड़ी हो गई हैं। पहले, सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी के कारण कंपनी ने परीक्षा केंद्र और शहर एक महीने पहले ही लीक कर दिए थे। वहीं, इसके बाद बवाल मचने पर सुधार किया गया था।
वहीं अब सिपाही भर्ती के सेंटर 700-800 किमी दूर कर दिए गए हैं। मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने भी इस मुद्दे पर ट्वीट किया है। यह परीक्षा 7500 पदों के लिए हो रही है। वहीं, इसके लिए करीब 9 लाख 70 हजार फार्म भरे गए हैं।
धार जैसे आदिवासी जिले में यह हुआ
प्राथमिकता वाले शहर नहीं दिए गए
परीक्षा केंद्र के लिए उम्मीदवारों से उनकी प्राथमिकता वाले तीन-चार शहर भरने के लिए दिए जाते हैं। इन युवाओं ने बताया कि उन्होंने इसके लिए चिन्हित शहरों में से इंदौर, उज्जैन, भोपाल और खंडवा को चुना था। वहीं, इनमें से कुछ नहीं मिला और उन्हें रीवा, सीधी, सतना जैसे शहरों में भेजा गया है।
क्यों हुआ ऐसा?
इस संबंध में ईएसबी के अधिकारियों ने बताया कि युवाओं की समस्या और शिकायत सही है। समस्या यह है कि परीक्षा शहर तय है। वहीं उम्मीदवारों की संख्या बहुत अधिक (9.70 लाख करीब) है। ऐसे में कई उम्मीदवारों के साथ यह हुआ है कि उन्हें तय शहर नहीं मिला है।
समस्या यह है कि सॉफ्टवेयर में यह विकल्प नहीं है, कि यदि प्राथमिकता वाला शहर भरा हो, तो नजदीकी शहर दिया जाए। इस वजह से सॉफ्टवेयर रैंडम तरीके से किसी भी उम्मीदवार को उस दिन का खाली शहर और सेंटर दे देता है।
पूर्व में भी उठी थी यह समस्या
यह समस्या पूर्व में भी ईएसबी के सामने आ चुकी है। इसके लिए एक-दो बार मीटिंग भी हुई कि इसका रास्ता निकाला जाए। वहीं, ऑनलाइन परीक्षा का ठेका लेने वाली कंपनियों ने अभी सॉफ्टवेयर में इस तरह के प्रावधान नहीं किए हैं। इसके चलते लाखों युवा उम्मीदवारों को इस समस्या से जूझना पड़ रहा है।