MP-CG में उफान पर नदियां, भारी बारिश का अलर्ट; राजस्थान में बढ़ेगा पारा!

Amresh Kushwaha | Aug 23, 2026, 07:14 IST
Share
MP-CG में उफान पर नदियां, भारी बारिश का अलर्ट
MP-CG में उफान पर नदियां, भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मानसून के रौद्र रूप से नदियां उफान पर हैं। साथ ही, भारी बारिश व बिजली का अलर्ट जारी है। वहीं राजस्थान में बारिश थमने से तापमान बढ़ रहा है और गर्मी-उमस जारी है।

Weather update:मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मौसम के अलग-अलग रंग दिख रहे हैं। मध्यप्रदेश में मानसून सक्रिय है और कई जिलों में तेज बारिश जारी है। यहां कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं। छत्तीसगढ़ में भी बारिश का दौर लगातार बना हुआ है।

मौसम विभाग ने कई जगह भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। राजस्थान में बारिश की रफ्तार धीमी रही है। कई जिलों में मौसम साफ रहने से गर्मी और उमस बढ़ी है। तीनों राज्यों में मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है।

मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट - 23 अगस्त 2026

MP Weather update: (मध्यप्रदेश का मौसम):मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। यहां लो प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ सक्रिय होने से कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। शनिवार को बालाघाट, छतरपुर, नरसिंहपुर, सतना, सीधी और पन्ना समेत कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर आ गए।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जबलपुर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। राजधानी भोपाल में हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम केंद्र भोपाल ने अगले 24 घंटे के लिए कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें श्योपुर, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, डिंडौरी और सीधी शामिल हैं।

इसके अलावा भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना, सागर, पन्ना, छतरपुर समेत कई जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

सीधी में 104 करोड़ की सड़क पानी में बही

प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से कई जगह नुकसान भी सामने आया है। सीधी जिले में करीब छह महीने पहले बनी 104 करोड़ रुपए की सड़क पानी के तेज बहाव में बह गई। सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

वहीं पन्ना में तेज बहाव वाली नदी में एक डंपर बह गया। हालांकि चालक ने तैरकर अपनी जान बचा ली। यह घटना धरमपुर थाना क्षेत्र की है। कालिंजर से अजयगढ़ जा रहा डंपर शहपुरा नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया था।

सतना में नाले में बहे तीन लोग

सतना जिले के नागौद इलाके में तेज बारिश के दौरान बड़ा हादसा हुआ। ललचहा-इटमा नाले में बाइक सवार तीन लोग बह गए। इनमें दो लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए। वहीं एक व्यक्ति अभी लापता है। उसकी तलाश जारी है।

छतरपुर में नदी पार करना बनी मजबूरी

छतरपुर जिले के महाराजपुर इलाके में बारिश ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। हरपई पुरवा गांव में कुम्हेड़ नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब 250 से 300 लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई।

गांव में पुल नहीं होने के कारण लोग जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं। बच्चों को अभिभावक कंधे पर बैठाकर पार कराते हैं। बीमार लोगों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है।

नरसिंहपुर में नर्मदा का जलस्तर बढ़ा

नरसिंहपुर में लगातार बारिश और बरगी बांध के गेट खुलने से नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बरमान के रेतघाट पर बना पुल पानी में पूरी तरह डूब गया है।

वहीं नरसिंहपुर-जबलपुर को जोड़ने वाला झांसीघाट पुल भी जलमग्न होने की स्थिति में पहुंच गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।

छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट - 23 अगस्त 2026

CG Weather update: (छत्तीसगढ़ का मौसम):छत्तीसगढ़ में मानसून अभी भी सक्रिय है। 23 अगस्त को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

पिछले 24 घंटे में कई जगह हुई बारिश

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार दुर्ग में सबसे ज्यादा 16.6 मिलीमीटर बारिश हुई। राजनांदगांव में 14 मिलीमीटर पानी गिरा।

रायपुर के लालपुर में 2.8 मिलीमीटर और माना एयरपोर्ट इलाके में 4.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

तापमान की बात करें तो जगदलपुर में सबसे ज्यादा 30.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 23 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।

27 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के मुताबिक 23 से 27 अगस्त तक छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है।

23, 24 और 25 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है। वहीं 26 और 27 अगस्त को भी कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने 23 अगस्त के लिए कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है। इसके बाद 24 से 27 अगस्त तक भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट रहेगा।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। खराब मौसम में खुले स्थानों पर जाने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है।

विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।

राजस्थान मौसम रिपोर्ट - 23 अगस्त 2026

Rajsthan weather update: (राजस्थान का मौसम): राजस्थान में बारिश को लेकर मौसम विभाग के अलर्ट का असर देखने को नहीं मिला। लगातार दूसरे दिन बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन ज्यादातर जिलों में मौसम साफ रहा। शनिवार को मौसम विभाग ने 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन सिर्फ 4 जिलों में ही हल्की बारिश हुई।

बाकी जिलों में दिनभर धूप खिली रही। बारिश नहीं होने से तापमान बढ़ गया है और लोगों को गर्मी व उमस का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि मानसून की रफ्तार धीमी रहने से फिलहाल तेज बारिश की उम्मीद कम नजर आ रही है।

धौलपुर में सबसे ज्यादा बारिश

शनिवार को सबसे ज्यादा बारिश धौलपुर जिले के राजाखेड़ा में दर्ज की गई। यहां 21 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा बसेड़ी में 4 मिलीमीटर पानी बरसा।

अलवर के लक्ष्मणगढ़ में 10 मिलीमीटर और कठूमर में 5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। भरतपुर के नगर इलाके में 3 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं डूंगरपुर के चिखली में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली।

जयपुर, अजमेर, बीकानेर, जोधपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में मौसम पूरी तरह साफ रहा। कई जिलों में बारिश नहीं होने से तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री तक ऊपर चला गया।

9 शहरों में पारा 35 डिग्री के पार

बारिश नहीं होने से राजस्थान में गर्मी और उमस बढ़ गई है। शनिवार को प्रदेश के 9 शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री या उससे ज्यादा दर्ज किया गया।

गंगानगर में सबसे ज्यादा गर्मी रही। यहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। चित्तौड़गढ़, कोटा, पिलानी, सीकर, चूरू और गंगानगर समेत कई इलाकों में बारिश नहीं होने से लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मानसून की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

ये खबरें भी पढ़िए...

ढाई महीने बाद भी एमपी में मानसून की चाल पड़ी सुस्त, सामान्य से 11% कम बारिश

अगस्त का मौसम: झमाझम बारिश या सिर्फ उमस का दौर? जानें पूरे महीने का वेदर रिपोर्ट

अगस्त का मौसम: झमाझम बारिश या सिर्फ उमस का दौर? जानें पूरे महीने का वेदर रिपोर्ट

मौसम लाइव अपडेट: केरल-कर्नाटक में बारिश का कहर, लैंडस्लाइड से 11 मौतें; कई लापता

Tags:
  • छत्तीसगढ़ का मौसम
  • राजस्थान का मौसम
  • मौसम रिपोर्ट
  • मध्यप्रदेश का मौसम
  • MP Weather update
  • मौसम विभाग
  • Weather update
  • भारी बारिश
  • CG Weather Update
  • मानसून सक्रिय
  • मानसून ट्रफ
  • बिजली गिरने की चेतावनी
  • Rajsthan weather update
गूगल पर द सूत्र चुनें ! Add as a preferredsource on Google