विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे ने पत्नी पर करवाया हमला, जानें पूरा केस
मध्य प्रदेश के सतना जिले में नागौद राजघराने की बहू संयोगिता सिंह पर परसमनिया गढ़ी में एक महिला ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आरोपी महिला सुनीता परिहार ने उन पर नौ गोलियां चलाईं, जिसमें से एक गोली उनके पेट में जा लगी। गंभीर रूप से घायल संयोगिता सिंह को तुरंत रीवा के विंध्या मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमलावर महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घायल संयोगिता, पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे रूपेंद्र सिंह की पत्नी हैं। पुलिस के मुताबिक इस खूनी हमले के पीछे पारिवारिक और आपसी विवाद की बात सामने आ रही है।
बातचीत के बीच चल गई गोली
संयोगिता और रूपेंद्र के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए संयोगिता के माता-पिता, भाई और अन्य परिजन राजस्थान के उदयपुर से नागौद पहुंचे थे।
11 जून गुरुवार को परसमनिया गढ़ी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हो रही थी। बातचीत के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और विवाद बढ़ गया। इसी बीच सुनीता परिहार ने फायरिंग शुरू कर दी।
मां बोलीं, दामाद ने कहा मारो-मारो
संयोगिता की मां नरेंद्र कुमारी ने बताया कि सुनीता परिहार ने खिड़की से नौ राउंड फायर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका दामाद रूपेंद्र सिंह सुनीता को उकसाता रहा और बार-बार कहता रहा कि मारो-मारो।
नरेंद्र कुमारी के मुताबिक उनके दामाद ने पहले संयोगिता को धक्के देकर बाहर निकाला और दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद सुनीता ने खिड़की से फायरिंग की। एक गोली संयोगिता के पेट में जा लगी और वे गंभीर हालत में गिर पड़ीं।
नरेंद्र कुमारी ने यह भी बताया कि बाबा राजा और सुनीता परिहार पिछले करीब सात साल से साथ हैं। संयोगिता के ससुर के निधन के बाद से सुनीता परसमनिया गढ़ी में रहने लगी। मां का यह भी आरोप है कि पिछले साल सुनीता दो बार उनकी बेटी के गले पर हमला कर चुकी थी।
सालों से अलग रह रही थीं संयोगिता
वहीं राजपरिवार से जुड़े लोगों के मुताबिक बाबा राजा और संयोगिता के बीच लंबे समय से अनबन थी। इसी कारण संयोगिता कई साल पहले परसमनिया गढ़ी छोड़कर नागौद किले में अलग रहने लगी थीं।
हाल ही में उनके परिजन उदयपुर से नागौद पहुंचे थे। वे संयोगिता को साथ लेकर गुरुवार को परसमनिया गढ़ी गए, जहां बाबा राजा और सुनीता पहले से मौजूद थे। बातचीत ने धीरे-धीरे गोलीकांड का रूप ले लिया।
ऑपरेशन के बाद खतरे से बाहर
घायल संयोगिता को पहले सतना और फिर रीवा के विंध्या मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां रात एक बजे तक उनका ऑपरेशन हुआ। शुक्रवार सुबह दस बजे वे होश में आईं। अस्पताल के अनुसार उनकी हालत पहले से बेहतर है और डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है। हालांकि अभी भी संयोगिता डॉक्टरों की निगरानी में हैं। संयोगिता के परिजन और राजपरिवार से जुड़े लोग अस्पताल में मौजूद हैं।
गोली लगते ही भड़के परिजन
जैसे ही संयोगिता को गोली लगी, उनके परिजन आक्रोश में आ गए। गुस्साए परिजनों ने बाबा राजा की जमकर पिटाई कर दी। गढ़ी में मौजूद दूसरे लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति संभाली। काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
पुलिस ने लाइसेंसी राइफल जब्त की
पुलिस ने आरोपी सुनीता परिहार को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी राइफल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच हो रही है। फायरिंग की परिस्थितियां, गोली चलने के असली कारण और पूरे मामले की विस्तृत पड़ताल जारी है।
घटना की खबर फैलते ही परसमनिया गढ़ी और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
ये खबरें भी पढ़ें...
क्या खत्म हो जाएगा जापान का वजूद?,देश की सुरक्षा के लिए फोर्स की कमी, घटती जन्मदर बनी परेशानी का सबब
World Health Day:इंदौर हेल्थ सर्वे में 1 लाख लोगों में 32%प्रीडायबिटिक
डिलीवरी के नाम पर डर का धंधा: सिजेरियन डिलीवरी बनी 54 हजार करोड़ का व्यापार, भोपाल अव्वल
ऑपरेशन से बच्चों को जन्म दे रही शहर की माई, प्रायवेट हॉस्पिटल कर रहे कमाई