KHANDWA. पूरी दुनिया में रह रहे भारतवंशी इस समय अपने-अपने तरीकों से देश की आजादी का जश्न मना रहे हैं। इसके लिए वे पहाड़ों, जंगलों से लेकर नदी-तालाबों पर भी देश की शान तिरंगे को लहरा रहे हैं। मध्य प्रदेश के खंडवा नगर में भी तैराकों के एक ग्रुप ने बारिश के बीच नदी की तेज धारा में तिरंगा झंडा लहराते हुए तिरंगा यात्रा निकाल दी। आजादी के अम्रत महोत्सव पर पहली बार नदी के बीच लहरों पर तैरकर तैराक दल ने जब तिरंगा यात्रा निकाली थी तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तारीफ की थी।
नदी के बीचों बीच गहराई में उतरकर फहराते हैं तिरंगा
मध्यप्रदेश के खंडवा में एक तैराक ग्रुप 'लहरों के राजा' ने नदी में तिरंगा फहराने का अभियान आजादी के अमृत महोत्सव से शुरू किया था। तभी से ये हर साल नदी में तैरते हुए तिरंगा यात्रा निकालते हैं। यह यात्रा 15 अगस्त तक यूं ही हर रोज निकाली जाती है। यात्रा के दौरान तैराक दल हाथों में तिरंगा लिए तैरकर एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाते हैं। इनमें से कुछ सदस्य गहरी नदी के बीच गहराई में जाकर तिरंगा फहराते हैं। इस ग्रुप के संजय शर्मा ने बताते हैं कि देश में हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है। ऐसे में हम सभी सदस्यों ने सोचा कि तिरंगे की आन बान शान के लिए कुछ अलग करें। इसलिए हमने नदी के बीच तिरंगा फहराने का काम किया। हम लहरों के राजा परिवार के सदस्य नियमित यहां तैराकी करने आते हैं। हम पिछले तीन सालों से इस तरह की तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं।
हर साल हो रहा लोगों का इजाफा
इसी ग्रुप के एक और सदस्य युसूफ राजा ने बताया कि हमें यह विचार तीन साल पहले आया था। तभी से हम हर 15 अगस्त को लोगों को मोटिवेट करने यह यात्रा निकालते हैं। लोगों में इस यात्रा को देखते ही देशभक्ति का जोश आ जाता है। बारिश के बीच निकली इस यात्रा को लेकर युसूफ राजा कहते हैं कि हर बार यात्रा के लिए हम लोग एक्साइटेड रहते हैं। बारिश में तो इस तरह यात्रा में और भी आनंद आता है। हमारी इस यात्रा में हर साल लोगों की संख्या बढ़ रही है।
पीएम नरेंद्र मोदी दे चुके हैं शुभकामना
तीन वर्ष पहले आजादी के अमृत महोत्सव पर जब खंडवा के तैराक दल लहरों के राजा ने इस तरह पानी पर तैरते हुए तिरंगा यात्रा की शुरुआत की थी। तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी खुश हुए थे और उस समय उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर इन्हें शुभकामनाएं भी दी थी।
thesootr links
द सूत्र की खबरें आपको कैसी लगती हैं? Google my Business पर हमें कमेंट के साथ रिव्यू दें। कमेंट करने के लिए इसी लिंक पर क्लिक करें