उत्तराखंड में मिले राजस्थान के नवविवाहित दंपती के शव, छह महीने पहले हुई थी शादी
समझें क्या है पूरा मामला
- अलवर के नवविवाहित दंपती की उत्तराखंड जंगल में संदिग्ध मौत हुई है।
- दोनों छह महीने पहले शादी के बंधन में बंधे थे और अमनदीप गर्भवती थी।
- मोबाइल ठीक कराने निकले दंपती देर शाम तक घर नहीं लौटे, जिसके बाद तलाश शुरू हुई।
- जंगल में दोनों के शव और टूटा हुआ मोबाइल बरामद हुआ है।
- परिजनों ने मौत पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
सुनील जैन@अलवर
जिले के रामगढ़ क्षेत्र के नौगांवा थाना अंतर्गत गांव प्यारीबास शेखपुर में शनिवार को कोहराम मच गया। उत्तराखंड के जंगल में संदिग्ध हालात में मृत मिले नवविवाहित दंपती के शव जब गांव पहुंचे, तो पूरा इलाका गम में डूब गया।
महज छह माह पहले शादी के बंधन में बंधे सतविंदर सिंह और उनकी पत्नी अमनदीप कौर की मौत ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि अमनदीप गर्भवती थी और परिवार नए मेहमान के स्वागत की तैयारियों में जुटा था।
मोबाइल ठीक कराने निकले, फिर नहीं लौटे
परिजनों के मुताबिक सतविंदर सिंह का विवाह इसी साल जनवरी में उत्तराखंड के प्रेमनगर निवासी अमनदीप कौर से हुआ था। करीब 15 दिन पहले अमनदीप अपने मायके चली गई थी।
पत्नी को वापस लाने के लिए सतविंदर 15 जुलाई को उत्तराखंड पहुंचा। अगले दिन यानी 16 जुलाई को दोनों बाइक से मोबाइल ठीक कराने के लिए कोटद्वार जाने की बात कहकर घर से निकले थे।
रास्ते में सतविंदर ने अपने पिता मगर सिंह को फोन किया। उसने मोबाइल की डिस्प्ले खराब होने की बात बताते हुए पेटीएम के जरिए 3 हजार रुपए भेजने को कहा। पिता ने तुरंत पैसे भेज दिए और उससे आखिरी बार बातचीत भी हुई। इसके बाद देर शाम तक दोनों घर नहीं लौटे।
परिजनों ने कई बार फोन मिलाया, लेकिन दोनों के मोबाइल बंद मिले। इसके बाद परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई।
सड़क किनारे मिली बाइक, जंगल में तलाशी में मिले शव
17 जुलाई को प्रेमनगर क्षेत्र में एक व्यक्ति को सड़क किनारे चाबी लगी हुई एक बाइक खड़ी मिली, जिस पर महिला का बैग भी टंगा था। बाइक की पहचान होने पर उसने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस ने आसपास के जंगल में तलाशी अभियान शुरू किया। देर रात करीब एक बजे जंगल में दोनों के शव मिले। घटनास्थल पर दोनों का टूटा हुआ मोबाइल भी बरामद हुआ। इस पूरे घटनाक्रम ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है।
परिजनों ने जताया संदेह, मांगी निष्पक्ष जांच
शनिवार को दोनों शव नौगांवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए गए। पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों और समाज के लोगों ने इस मौत को संदिग्ध बताया। उन्होंने दोबारा पोस्टमार्टम कराने और उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग रखी।
सूचना मिलने पर नौगांवा थाना प्रभारी हरदयाल सिंह यादव पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों को कानून के मुताबिक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे, जहां गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।
गर्भवती थी अमनदीप, खुशियां बदलीं मातम में
मृतक सतविंदर स्नातक की पढ़ाई कर रहा था और परिवार को उससे बड़ी उम्मीदें थीं। वहीं अमनदीप के गर्भवती होने से दोनों परिवार आने वाली खुशियों का इंतजार कर रहे थे।
लेकिन इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में हर किसी की आंख नम है। परिजनों का कहना है कि यह मामला सामान्य नहीं लगता। उनकी मांग है कि मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
ये खबर भी पढे़:-
राजस्थान ग्रामीण बैंक का पुराना डोमेन बना खतरा, एडल्ट कंटेंट से फिशिंग तक का जोखिम
ब्लू सिटी में गुलाबी पानी बना रहस्य, अब NEERI की टीम करेगी असली जांच
जनता के वाहन फैला रहे है प्रदूषण, अफसरों के लिए सब माफ
बोर्ड की चूक से अटके 38 हजार विद्यार्थी, 37 दिन बाद भी नहीं मिली मार्कशीट