/sootr/media/media_files/2026/02/16/bhiwadi-fire-2026-02-16-17-11-20.jpg)
Photograph: (the sootr)
News in Short
भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 7 मजदूरों की मौत हुई।
फैक्ट्री में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे, जबकि इसे कपड़े बनाने के लिए आवंटित किया गया था।
प्रशासन ने सात दिनों के भीतर सभी औद्योगिक इकाइयों की जांच का आदेश दिया है, ताकि सुरक्षा मानकों की पुष्टि की जा सके।
मृतकों की पहचान के लिए DNA टेस्ट कराए जाएंगे, अधिकांश मृतक बिहार राज्य के निवासी बताए जा रहे हैं।
सुनील जैन @ ​अलवर
News in Detail
राजस्थान में भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद सरकारी मशीनरी पूरी तरह एक्शन मोड में दिख रही है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर भिवाड़ी पहुंचे मंत्री संजय शर्मा ने स्पष्ट किया है कि अब सभी फैक्ट्रियों की सघन जांच कराई जाएगी। इस जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि फैक्ट्रियां जिस काम के लिए आवंटित की गई हैं, कहीं उनके भीतर चोरी-छिपे कोई दूसरा अवैध या खतरनाक कार्य तो संचालित नहीं हो रहा है।
​अवैध पटाखा निर्माण बना काल​
घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह फैक्ट्री रेडीमेड कपड़ों के निर्माण के लिए आवंटित की गई थी, लेकिन इसे किसी अन्य व्यक्ति को किराए पर दिया गया था। नियमों को ताक पर रखकर यहाँ अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। चौंकाने वाली बात यह है कि काम के दौरान फैक्ट्री को बाहर से बंद रखा जाता था, जिसके कारण आग लगने पर मजदूरों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। इस हादसे में आठ लोगों के मरने की आशंका है, लेकिन प्रशासन ने अभी 7 मजदूरों की मौत की पुष्टि की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताई संवेदना
भिवाड़ी अग्निकांड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक संवेदना जताई है। उन्होने एक्स पर संवेदना जाहिर करते हुए लिखा "राजस्थान के भिवाड़ी में आग लगने की घटना दुखद और बहुत दुखद है।जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं।मैं घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं"
/filters:format(webp)/sootr/media/media_files/2026/02/16/narendra-modi-2026-02-16-17-04-57.jpeg)
The fire mishap in Bhiwadi, Rajasthan, is tragic and deeply saddening. My condolences to those who have lost their loved ones. I pray for the speedy recovery of those injured: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) February 16, 2026
​DNA टेस्ट से होगी मृतकों की पहचान​
प्रशासन ने निर्णय लिया है कि भिवाड़ी अग्निकांड में बरामद हुए शवों की पहचान के लिए DNA टेस्ट कराया जाएगा, जिसके बाद ही शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला पड़ोसी राज्य बिहार के मोतिहारी कलेक्टर के निरंतर संपर्क में हैं। अधिकांश मृतक वहीं के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स रेफर किया गया है।
​7 दिन का अल्टीमेटम: चप्पे-चप्पे की होगी जांच
​प्रशासन ने औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए 'विशेष जांच अभियान' की घोषणा की है। अगले सात दिन के दौरान भिवाड़ी और इसके आसपास की ​सभी औद्योगिक इकाइयों की व्यापक जांच की जाएगी। ​यह देखा जाएगा कि फैक्ट्री में संचालित गतिविधि उसके लाइसेंस और सर्टिफिकेट के अनुसार है या नहीं। साथ ही ​अग्नि सुरक्षा उपायों और श्रमिक सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा होगी।
उल्लंघन पर सख्त एक्शन
मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि ​नियमों का उल्लंघन करने वाली और अवैध रूप से संचालित इकाइयों को तुरंत सील कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रीको और प्रदूषण विभाग सहित संबंधित विभागों को विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और फैक्ट्री मालिकों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी जो नजीर बनेगी।
​फरार मालिक की तलाश जारी
​हादसे के बाद से ही फैक्ट्री मालिक फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न दें और इस दुखद घड़ी में शांति बनाए रखते हुए जांच में सहयोग करें।
यह खबरें भी पढ़िए...
राजस्थान के ऊंट-भेड़ों की आवाजाही के लिए एमपी में नया कॉरिडोर, अब आसानी से छत्तीसगढ़ तक जा सकेंगे
Weather Update : मध्यप्रदेश में सर्दी, छत्तीसगढ़ में गर्मी: राजस्थान में हल्की बारिश की संभावना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजस्थान दौरा तय, 23,500 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट की राह होगी सुगम
राजस्थान के इस बड़े रेलवे प्रोजेक्ट पर हाई कोर्ट की रोक, भूमि अवाप्ति से जुड़ा है मामला
/sootr/media/agency_attachments/dJb27ZM6lvzNPboAXq48.png)
Follow Us