जयपुर की 212 ग्राम पंचायतों में वोटिंग जारी, 11 बजे तक 19.28% मतदान; दूदू सबसे आगे
राजस्थान में गांवों की सरकार चुनने के लिए मतदान हो रहा है। जयपुर जिले की 212 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए सुबह 7 बजे वोटिंग शुरू हो गई है। सुबह 11 बजे तक जिले में 19.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा।
आठ पंचायत समितियों की 212 ग्राम पंचायतों में चुनाव
जिला निर्वाचन शाखा के मुताबिक, इन चुनावों के लिए कुल 7 लाख 43 हजार 640 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 3 लाख 84 हजार 195 पुरुष और 3 लाख 59 हजार 445 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदाता अपने गांव के सरपंच और वार्ड पंच को चुनने के लिए वोट डाले जा रहे हैं।
सरपंच पद के लिए 1,525 उम्मीदवार मैदान में
आठ पंचायत समितियों में सरपंच पद के उम्मीदवारों की संख्या अलग-अलग है। चौमूं की 34 ग्राम पंचायतों में सबसे ज्यादा 301 प्रत्याशी मैदान में हैं। जोबनेर की 28 ग्राम पंचायतों में 232, गोविंदगढ़ की 27 ग्राम पंचायतों में 210 और मौजमाबाद की 27 ग्राम पंचायतों में 185 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
किशनगढ़-रेनवाल की 26 ग्राम पंचायतों में 184, सांभर की 26 ग्राम पंचायतों में 157, दूदू की 25 ग्राम पंचायतों में 136 और झोटवाड़ा की 19 ग्राम पंचायतों में 120 उम्मीदवार सरपंच पद के लिए मैदान में हैं।
डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने परिवार के साथ डाला वोट
पहले मतदान, फिर जलपान!पंचायती राज चुनावों के प्रथम चरण के अंतर्गत आज दूदू विधानसभा क्षेत्र के अपने पैतृक गाँव श्रीनिवासपुरा स्थित आदर्श मतदान केंद्र, बूथ संख्या 92 पर सपरिवार मताधिकार का प्रयोग किया।पंचायती राज व्यवस्था में प्रत्येक मत का विशेष महत्व है, क्योंकि आपका एक-एक वोट गाँव के विकास, जनहित के कार्यों और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।मेरा सभी मतदाता भाई-बहनों से आग्रह है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। साथ ही अपने परिवारजनों एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।आइए, जागरूक मतदाता बनकर सशक्त पंचायत, समृद्ध गाँव और विकसित राजस्थान के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
— Dr Prem Chand Bairwa (@DrPremBairwa) October 24, 2026
बैलेट पेपर से मतदान, शाम को शुरू होगी गिनती
मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। इसके तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतपत्रों की गिनती शुरू की जाएगी। पहले वार्ड पंच और फिर सरपंच पद के मतों की गिनती होगी। जहां हार-जीत का अंतर कम रहेगा, वहां दोबारा गिनती की मांग से परिणाम में देरी हो सकती है।
नतीजों पर गांवों की नजर
मतगणना पूरी होने के बाद गांवों को अपने नए सरपंच और वार्ड पंच मिलेंगे। वहीं, रविवार 25 अक्टूबर को निर्वाचित वार्ड पंच अपने बीच से उपसरपंच का चुनाव करेंगे। इस चुनाव में आम मतदाता सीधे वोट नहीं डालेंगे।
By Sanjay Gupta
By Neel Tiwari
By Ashish Bhardwaj
By Manya Jain
By Arun Tiwari
By Sanjay Gupta
By Harrison Masih