सरगुजा में MLA बृहस्पति के बोल- टिकट हाईकमान तय करेगा, बाबा साहब अकेले नहीं है, सिंहदेव बोले - बिलकुल सही कह रहे हैं 

author-image
Yagyawalkya Mishra
एडिट
New Update
सरगुजा में MLA बृहस्पति के बोल- टिकट हाईकमान तय करेगा, बाबा साहब अकेले नहीं है, सिंहदेव बोले - बिलकुल सही कह रहे हैं 




Surguja। सरगुजा के रामानुजगंज बलरामपुर विधायक बृहस्पति सिंह ने कहा है कि, टिकट हाईकमान को तय करना है बाबा साहब ( टी एस सिंहदेव ) अकेले नहीं हैं।  बृहस्पति सिंह के इस बयान पर डिप्टी सीएम टी एस सिंहदेव का बेहद संक्षिप्त जवाब आया है जिसमें उन्होंने कहा है कि, वे ( बृहस्पति सिंह ) बिलकुल सही कह रहे हैं।



राजपुर में कहा था सिंहदेव ने,माफ़ नहीं करेंगे



राजपुर के कार्यकर्ता सम्मेलन में डिप्टी सीएम टी एस सिंहदेव ने विधायक बृहस्पति सिंह का बग़ैर नाम लिए यह कहा था कि, अपमान की ना माफ़ी  है और ना समझौता है। 



सिंहदेव की बात के मायने क्या हैं



इस बात के यह मायने निकाले गए कि, बलरामपुर विधानसभा में बृहस्पति सिंह के लिए टिकट की दावेदारी और चुनाव में जीत दोनों बेहद मुश्किलों में है। ध्यान इस पर भी गया है कि रामानुजगंज में डॉ अजय टिर्की की भी दावेदारी हुई है। डॉ अजय तिर्की अंबिकापुर के महापौर हैं। डॉ अजय तिर्की बीते चार चुनाव से रामानुजगंज के लिए कांग्रेस की टिकट पर दावेदारी कर रहे हैं। कांग्रेस के भीतरखाने से खबरें हैं कि, डॉ अजय तिर्की को डिप्टी सीएम सिंहदेव का भरपूर समर्थन है। 



बृहस्पति सिंह ने क्या कहा है



रामानजगंज विधायक बृहस्पति सिंह ने डिप्टी सीएम टी एस सिंहदेव के बयान के जवाब में यह कहा है कि,टिकट हाईकमान तय करता है, टिकट किसे मिलेगी यह अकेले टी एस सिंहदेव तय नहीं करेंगे।  एमएलए बृहस्पति सिंह ने याद दिलाया है कि, स्क्रीनिंग कमेटी में 18-20 मेंबर हैं जिसमें मुख्यमंत्री भी हैं। विधायक बृहस्पति सिंह ने कहा 



“छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने की उनकी (टी एस सिंहदेव) जवाबदारी है, तो जो बोले होंगे सोच समझ कर बोले होंगे और उपर हाई कमान को तय करना है हमारे बाबा साहब अकेले नहीं है।जो स्क्रीनिंग कमेटी होती है उसके 18-20 मेंबर हैं,जिसमें मुख्यमंत्री पीसीसी चीफ़ हमारे प्रदेश के प्रभारी सहित कई मिनिस्टर हैं और ये सारी सूची बन कर हमारी प्रक्रिया है दिल्ली तक जाती है।दिल्ली हाईकमान जो तय करता है,वो हम सभी नेताओं को जो मंत्री हो चाहे मुख्यमंत्री हों कार्यकर्ता हों सबको मान्य होता है, जो बोले होंगे उसका जवाब मैंने तो देखा नहीं आप लोगों के माध्यम से ही सुना जो भी बोले होंगे सोच समझ कर ही बोले होंगे, और जो हाईकमान निर्णय लेगा सोच समझ के लेगा।”



 डॉ अजय तिर्की की दावेदारी को लेकर विधायक बृहस्पति सिंह ने कहा 



“सभी नेताओं को सभी सीट में दावेदारी करने का अधिकार है।हाईकमान को तय करना है किसको कहाँ सूट करेगा, और किसको हम कहाँ पे जीता के लाएँगे। डॉक्टर तिर्की साहब महापौर हैं,बहुत सम्मानित हमारे मित्र भी हैं, दस साल से अंबिकापुर में महापौर भी हैं, और उन्होंने दावेदारी किया है। पिछले चार चुनावों से लगातार दावेदारी कर रहे हैं, कार्यकर्ता होने के नाते उनका हक़ बनता है बिलकुल उनको करना चाहिए।”



डिप्टी सीएम सिंहदेव का तल्ख़ अंदाज



विधायक बृहस्पति सिंह के इस बयान पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव की प्रतिक्रिया संक्षिप्त लेकिन बेहद तल्ख़ तेवर के साथ आई है। डिप्टी सीएम सिंहदेव ने बृहस्पति सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया में केवल 6 शब्द कहे हैं लेकिन इस दौरान उनकी भृकुटी तनी हुई थी। डिप्टी सीएम सिंहदेव ने कहा 



“वे बिलकुल सही कह रहे हैं।”


रायपुर न्यूज सरगुजा न्यूज Raipur News डिप्‍टी सीएम टीएस सिंहदेव विधायक बृहस्पति सिंह MLA brihashpati Singh Deputy CM TS Singhdeo छत्तीसगढ़ न्यूज Surguja News Chhattisgarh News