/sootr/media/post_banners/4d881d010b30bde73b582e54f3eaa8d6f3e04c9b7c7339b6c2dadb0934cb7280.jpeg)
याज्ञवल्क्य मिश्रा, Raipur. छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2022-23 का आर्थिक सर्वेक्षण विधानसभा पटल पर पेश किया है। इस सर्वेक्षण में दावा है कि, राज्य में प्रति व्यक्ति आय में 10.93 फ़ीसदी की वृद्धि हुई है।यही लुभावना दावा कृषि उद्योग और सेवा क्षेत्रों के लिए भी किया गया है। राज्य की विकास दर आठ फ़ीसदी होने की जानकारी सदन में दी गई है।
ये हैं सर्वेक्षण के आकंडे
राज्य सरकार की ओर से सदन में पेश किए गए आँकड़ों के अनुसार राज्य का जीएसडीपी 2021-22 में 2 लाख 67 हजार 6 सौ 81 करोड़ रुपए था जो वर्ष 2022-23 में 2 लाख 89 हजार 82 करोड़ रुपए अनुमानित है। राज्य की विकास दर 8 फ़ीसदी अनुमानित है।जबकि जीडीपी 2022-23 में 8 फ़ीसदी बताई गई है। जीएसडीपी में विकास दर स्थिर भावों में तीन मानकों में बेहतर होने का अनुमान है। इनमें कृषि क्षेत्र में 5.93 फ़ीसदी,उद्योग क्षेत्र में 7.83 फ़ीसदी जबकि सेवा क्षेत्र में 9.21 का अनुमान बताया गया है, तीनों में ही राष्ट्रीय स्तर से छत्तीसगढ़ का स्तर बेहतर बताया गया है।
प्रति व्यक्ति आय 10.93 फ़ीसदी बढ़ने का अनुमान
राज्य सरकार के आर्थिक सर्वेक्षण में वर्ष 2021-22 में प्रति व्यक्ति आय 1,20,704 वार्षिक थी जबकि 2022-23 में यह आय दस फ़ीसदी बढ़कर 1,33,898 होने का अनुमान जताया गया है।