Top News : खबरें आपके काम की

Manish Kumar | Jul 04, 2025, 21:33 IST
Share
thesootr-top-news-4-july
Photograph: (The Sootr)

नमस्कार, मथुरा शाही ईदगाह मस्जिद को विवादित ढांचा घोषित करने की याचिका इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खारिज कर दी। वहीं, रूस ने तालिबान सरकार को आधिकारिक मान्यता दे दी है। इस खबर के साथ ही देश-दुनिया की अन्य खबरों पर डालते हैं एक नजर...

मथुरा शाही ईदगाह मस्जिद को विवादित ढांचा घोषित करने की याचिका खारिज

मथुरा की शाही ईदगाह मस्जिद को विवादित ढांचा घोषित करने की मांग वाली याचिका को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। कोर्ट ने 23 मई को इस मामले पर फैसला सुरक्षित रखा था और अब निर्णय सुनाते हुए कहा कि मूल वाद चल रहा है, इसीलिए एक एप्लिकेशन पर विवादित ढांचा घोषित करने का कोई औचित्य नहीं है। कोर्ट का मानना था कि इस निर्णय से मूल वाद पर असर पड़ सकता है। हिंदू पक्ष के वकील महेंद्र प्रताप ने कहा कि वे इस मामले को सुप्रीम कोर्ट में ले जाएंगे। यह विवाद मथुरा में मस्जिद और मंदिर के संबंध में लंबे समय से चल रहा है।

लेफ्टिनेंट जनरल राहुल आर सिंह बोले- ऑपरेशन सिंदूर में भारत के खिलाफ थे तीन दुश्मन

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत को तीन मुख्य दुश्मनों का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान सीमा पर था। चीन ने पाकिस्तान को हथियारों की आपूर्ति की और भारतीय सेना की रणनीतिक जानकारी दी। तुर्किए ने ड्रोन और अन्य हथियारों की सप्लाई की, जिन्हें भारत के खिलाफ इस्तेमाल किया गया। ऑपरेशन सिंदूर ने भारतीय सेना को यह सिखाया कि हमें आधुनिक युद्ध की कठिनाइयों का सामना करने के लिए मजबूत एयर डिफेंस सिस्टम की आवश्यकता है। इस ऑपरेशन ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में हमें और अधिक ताकतवर सैन्य तकनीकों की ओर ध्यान देना होगा, खासकर काउंटर-रॉकेट और आर्टिलरी ड्रोन जैसी प्रणालियां। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

रूस ने तालिबान सरकार को दी आधिकारिक मान्यता, ऐसा करने वाला पहला देश बना

रूस ने अफगानिस्तान में तालिबान सरकार को आधिकारिक मान्यता दे दी है, और ऐसा करने वाला वह दुनिया का पहला देश बन गया है। यह ऐतिहासिक घोषणा काबुल में अफगान विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी और रूस के राजदूत दिमित्री झिरनोव के बीच बैठक के बाद की गई। तालिबान ने रूस के इस फैसले को बहादुरी भरा कदम बताया और कहा कि यह कदम दूसरों के लिए एक मिसाल बनेगा। तालिबान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जिया अहमद तकाल ने भी पुष्टि की कि रूस पहला देश है जिसने तालिबान की इस्लामिक अमीरात को आधिकारिक मान्यता दी है। यह घटनाक्रम अफगानिस्तान की राजनीति में एक अहम मोड़ को दर्शाता है।

मौसम पूर्वानुमान (5 जुलाई) : देशभर में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी, MP में तूफानी बरसात की आशंका

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 5 जुलाई 2025 के लिए मौसम पूर्वानुमान ( weather forecast ) जारी किया है, जिसमें देशभर में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। उत्तर भारत, पश्चिम भारत, दक्षिण भारत और पूर्व भारत के प्रमुख राज्यों में मौसम में बदलाव देखा जाएगा। तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है, साथ ही कई स्थानों पर जलभराव और फसलों को नुकसान हो सकता है। IMD ने खास तौर पर किसानों को फसल सुरक्षा की सलाह दी है। यह पूर्वानुमान सभी प्रमुख राज्यों के लिए विस्तृत जानकारी प्रदान करता है। 5 जुलाई को मध्यप्रदेश में भारी बारिश और तेज हवा के साथ गरजने वाली बारिश हो सकती है। तापमान अधिकतम 30°C से 32°C तक रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 24°C से 26°C के बीच रहेगा। आर्द्रता का स्तर 80-90% रहेगा, जिससे उमस बढ़ सकती है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

मप्र में 27% OBC आरक्षण लागू करने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली राहत, अन्य याचिकाओं पर चलेगी सुनवाई

मप्र में साल 2019 में ओबीसी को 27 फीसदी आरक्षण देने का एक्ट पास हुआ था, लेकिन इसे अभी सरकारी नौकरियों में लागू नहीं किया गया है। मामला हाईकोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। इसी मामले में 25 जून 2025 को सुप्रीम कोर्ट में मध्य प्रदेश में ओबीसी वर्ग के लिए 27% आरक्षण लागू न किए जाने के मुद्दे पर एक बेहद अहम सुनवाई हुई जिसमें सरकार से जवाब मांगा गया था। डिविजनल बेंच में यह मामला 4 जुलाई को फिर आया। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

केरल में निपाह वायरस के दो संदिग्ध मामले, 3 जिलों में अलर्ट जारी

केरल के स्वास्थ्य विभाग ने निपाह वायरस के संदिग्ध मामलों को लेकर 3 जिलों में अलर्ट जारी किया है। कोझीकोड, मलप्पुरम और पलक्कड़ जिलों में निपाह वायरस के दो संदिग्ध मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा कि इन संदिग्ध मामलों में से एक पलक्कड़ और दूसरा मलप्पुरम जिले से है। मलप्पुरम और कोझीकोड मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में टेस्टिंग के बाद वायरस की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति पर कड़ी नजर रखने का निर्णय लिया है और सख्त एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं।

एअर इंडिया पर मुआवजा देने से बचने का आरोप, 1050 करोड़ बचाने की कोशिश

अहमदाबाद में 12 जून को हुए प्लेन क्रैश के बाद एअर इंडिया पर मुआवजा देने से बचने का गंभीर आरोप लगाया गया है। ब्रिटेन की कानूनी फर्म स्टीवर्ट्स, जो 40 से ज्यादा पीड़ित परिवारों का केस लड़ रही है, ने कहा कि एअर इंडिया ने मुआवजा देने से पहले परिवारों से संवेदनशील वित्तीय जानकारी मांगी। फर्म के एडवोकेट पीटर नीनन ने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया से परिवारों का हक कम हो सकता है, और एअर इंडिया करीब 1,050 करोड़ रुपए बचाने की कोशिश कर रही है। वहीं, एअर इंडिया ने इन आरोपों को नकारा है और अपनी कार्रवाई को सही ठहराया है। 242 यात्रियों के साथ हुई इस दुर्घटना में 270 लोगों की जान गई थी, जिसमें 29 लोग मेडिकल हॉस्टल में मारे गए थे।

यूनिवर्सिटी लॉ एंट्रेंस टेस्ट: राजस्थान विश्वविद्यालय में ULET 2025 पेपर में फिर गड़बड़ी, पूरा पेज हो गया रिपीट

राजस्थान विश्वविद्यालय की ओर से शुक्रवार यानी 4 जुलाई को हुई यूलेट परीक्षा (यूनिवर्सिटी लॉ एन्ट्रेंस टेस्ट) का पेपर पूरी तरह गड़बड़ियों के भेंट चढ़ गया। गंभीर बात यह रही कि पेपर का एक पूरा पन्ना ही रिपीट हो गया। इसमें छह सवाल दोबारा आ गए। परीक्षार्थियों के अनुसार पेपर में 22वें पेज की बजाय 12वां पेज ही फिर से आ गया। इसमें जो प्रश्न 12वें पेज पर थे, वे सभी सवाल 22वें पेज पर आ गए। इसके आगे के पेज पर प्रश्न संख्या 76 के बाद सीधा 122 आ गया। इसे देखकर परीक्षार्थियों का माथा ठनक गया। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

रावतपुरा सरकार विश्विद्यालय का नया कारनामा, अवैध संस्था से 3 गुना फीस बढ़वा, छात्रों से वसूल रहा

मेडिकल कॉलेज में निरीक्षण और पॉजिटिव रिपोर्ट तैयार करने के मामले में घूस देने के आरोप में पकड़े गए रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय का एक और कारनामा सामने आया है। विश्वविद्यालय का एक फार्मेसी कॉलेज भी है। जो की श्री रावतपुरा इंस्टिट्यूट ऑफ़ फार्मेसी के नाम से भिलाई दुर्ग में संचालित है। इस फार्मेसी इंस्टिट्यूट में फीस तय करने में भी प्रबंधन ने बड़ी गड़बड़ी की थी। फीस बढ़ाने के लिए निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग से अनुशंसा कराई थी। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

MP के मेधावी छात्रों को सीएम मोहन यादव ने बांटे लैपटॉप, इन छात्रों के खाते में भेजे 25 हजार

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में मेधावी छात्रों को लैपटॉप की सौगात दी। दरअसल, 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75% या उससे ज्यादा अंक लाने वाले छात्रों को मध्य प्रदेश सरकार प्रोत्साहित करने के लिए लैपटॉप देती है। सरकार हर साल इसके लिए 25 हजार रुपए मेधावी छात्रों के खाते में ट्रांसफर करती है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

अमरनाथ यात्रा: पहले दिन 12,348 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, तीसरा जत्था रवाना

अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हो चुकी है, और पहले दिन शाम 7:15 तक 12,348 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में हिम शिवलिंग के दर्शन किए। इनमें 9,181 पुरुष, 2,223 महिलाएं, 99 बच्चे, 122 साधु, 7 साध्वी, 708 सुरक्षाबल के जवान और 8 ट्रांसजेंडर श्रद्धालु शामिल थे। कड़ी सुरक्षा के बीच दूसरे जत्थे के 5,200 तीर्थयात्री 3 जुलाई की शाम जम्मू के भगवतीनगर बेस कैंप से रवाना हुए, जबकि तीसरे जत्थे के 6,400 यात्री आज सुबह 4 बजे अमरनाथ गुफा के लिए रवाना हुए। वहीं, यात्रा के दौरान यूपी से आए एक श्रद्धालु दिलीप श्रीवास्तव की शेषनाग बेस कैंप में मौत हो गई। अब तक 3.5 लाख से अधिक तीर्थयात्री यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। यात्रा का समापन 9 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन होगा।

ठाणे में दुकानदार से मारपीट, MNS कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज

महाराष्ट्र के ठाणे में 30 जून को हुई एक घटना में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के 7 कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज की गई है। इन कार्यकर्ताओं ने एक गुजराती दुकानदार से मराठी में बात करने को कहा, और जब उसने ऐसा नहीं किया, तो उसे थप्पड़ मारे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मराठी भाषा का सम्मान होना चाहिए, लेकिन मराठी के नाम पर गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को हिरासत में लिया गया था, लेकिन बाद में उन्हें जमानत मिल गई, क्योंकि मामला जमानती धाराओं में दर्ज था।

ट्रम्प का 'बिग ब्यूटीफुल बिल' अमेरिकी संसद में पास, कम टैक्स का मिलेगा लाभ

अमेरिकी संसद के निचले सदन (हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स) ने गुरुवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रस्तावित 'बिग ब्यूटीफुल बिल' को पास कर दिया। इस बिल में टैक्स और खर्च में कटौती की गई है, जिससे अमेरिकियों को कम टैक्स देना होगा। बिल के पक्ष में 218 वोट पड़े, जबकि 214 विरोध में थे। ट्रम्प की ही पार्टी के दो सांसदों ने इस बिल के खिलाफ वोट दिया था। इस बिल को लेकर ट्रम्प और इलॉन मस्क के बीच तीखी बयानबाजी हुई थी। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि ट्रम्प इस बिल पर शुक्रवार शाम 5 बजे अमेरिकी स्वतंत्रता दिवस पर साइन करेंगे। यह बिल दो दिन पहले अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन सीनेट से भी पास हुआ था।

PM मोदी ने त्रिनिदाद में भारतीय समुदाय से कहा- 'कमला बिहार की बेटी'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार तड़के त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। उन्होंने त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर को 'बिहार की बेटी' कहकर संबोधित किया और उन्हें राम मंदिर का मॉडल, सरयू नदी का जल और प्रयागराज के महाकुंभ का जल भेंट किया। पीएम मोदी ने भारतीय प्रवासियों की यात्रा को साहसिक कदम बताया और कहा कि वे गंगा और यमुना को पीछे छोड़ आए, लेकिन रामायण को अपने दिल में साथ लाए। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि भारतीय मूल के लोगों की छठी पीढ़ी को ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड दिया जाएगा। त्रिनिदाद में मोदी का स्वागत प्रधानमंत्री कमला और उनके मंत्रिमंडल द्वारा एयरपोर्ट पर किया गया।

इटली के रोम में गैस डिपो में भीषण ब्लास्ट, 21 घायल; आसमान में धुएं का गुबार

इटली की राजधानी रोम में एक गैस डिपो और पेट्रोल स्टेशन में भीषण ब्लास्ट हुआ, जिससे 21 लोग घायल हो गए। यह हादसा सुबह लगभग 8 बजे हुआ। पहले विस्फोट के बाद गैस की गंध महसूस हो रही थी, जिसके बाद दूसरा धमाका हुआ और आसमान में आग का बड़ा गोला नजर आया। विस्फोट के बाद घटनास्थल से 300 मीटर तक मलबा फैला गया। घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। आग की लपटों को काबू करने में काफी समय लगा। स्थानीय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और इस हादसे के कारणों की खोज की जा रही है।

रूस का यूक्रेन पर 550 मिसाइल और ड्रोन से हमला, 23 लोग घायल

रूस ने शुक्रवार को यूक्रेन पर 550 मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया, जिसमें 23 लोग घायल हो गए। यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया कि इनमें से 270 मिसाइलों को हवा में नष्ट कर दिया गया, जबकि 208 शाहेद ड्रोन को इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम के जरिए जाम कर दिया गया। इस हमले का मुख्य निशाना यूक्रेन की राजधानी कीव था, जहां के कई इलाकों में अपार्टमेंट बिल्डिंग, दुकानें, स्कूल, अस्पताल और रेलवे लाइन को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा, द्निप्रो, सुमी, खार्किव और चेर्निहिव में भी हमले हुए। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि इस हमले में 14 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। यह हमला 3 जुलाई रात 10 बजे से 4 जुलाई सुबह तक जारी रहा।

top news | top news today | mp news hindi | छत्तीसगढ़ | खबरें काम की | एमपी का मौसम पूर्वानुमान | मध्य प्रदेश मौसम पूर्वानुमान



Tags:
  • मध्यप्रदेश
  • पीएम मोदी
  • मौसम पूर्वानुमान
  • राजस्थान
  • छत्तीसगढ़
  • एमपी का मौसम पूर्वानुमान
  • मोहन यादव
  • पाकिस्तान
  • चीन
  • रावतपुरा सरकार
  • मौसम
  • अमरनाथ यात्रा
  • रूस
  • तालिबान
  • top news
  • इटली
  • एअर इंडिया
  • मध्य प्रदेश मौसम पूर्वानुमान
  • mp news hindi
  • खबरें काम की
  • top news today
  • ऑपरेशन सिंदूर
गूगल पर द सूत्र चुनें ! Add as a preferredsource on Google
mp-top-news: खबरें काम की... ब्राह्मणों ने कभी शासन नहीं किया, नरोत्तम मिश्रा बोले खामोशी को कमजोरी न समझें

By Sanjay Dhiman

mp-top-news: खबरें काम की... ब्राह्मणों ने कभी शासन नहीं किया, नरोत्तम मिश्रा बोले खामोशी को कमजोरी न समझें
झाबुआ संयुक्त कलेक्टर अक्षय सिंह की नौकरी खतरे में, फर्जी जाति प्रमाणपत्र में ऐसे घिरे

By Sanjay Gupta

झाबुआ संयुक्त कलेक्टर अक्षय सिंह की नौकरी खतरे में, फर्जी जाति प्रमाणपत्र में ऐसे घिरे
बस्तर में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे CM साय, प्रभावित परिवारों से मिले, 10 हजार रुपए अतिरिक्त सहायता की घोषणा

By Arun Tiwari

बस्तर में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे CM साय, प्रभावित परिवारों से मिले, 10 हजार रुपए अतिरिक्त सहायता की घोषणा
Top News: खबरें काम की... नेपाल में पहाड़ टूटा, भूस्खलन और बाढ़ में 24 की मौत, डोनाल्ड ट्रंप का दावा- ईरान से जल्द खत्म होगी जंग

By Jitendra Shrivastava

Top News: खबरें काम की... नेपाल में पहाड़ टूटा, भूस्खलन और बाढ़ में 24 की मौत, डोनाल्ड ट्रंप का दावा- ईरान से जल्द खत्म होगी जंग
Top News: खबरें काम की... नेपाल में पहाड़ टूटा, भूस्खलन और बाढ़ में 24 की मौत, डोनाल्ड ट्रंप का दावा- ईरान से जल्द खत्म होगी जंग

By Jitendra Shrivastava

Top News: खबरें काम की... नेपाल में पहाड़ टूटा, भूस्खलन और बाढ़ में 24 की मौत, डोनाल्ड ट्रंप का दावा- ईरान से जल्द खत्म होगी जंग
Top News: खबरें काम की... नेपाल में पहाड़ टूटा, भूस्खलन और बाढ़ में 24 की मौत, डोनाल्ड ट्रंप का दावा- ईरान से जल्द खत्म होगी जंग

By Jitendra Shrivastava

Top News: खबरें काम की... नेपाल में पहाड़ टूटा, भूस्खलन और बाढ़ में 24 की मौत, डोनाल्ड ट्रंप का दावा- ईरान से जल्द खत्म होगी जंग
मंत्रालय में बड़ा फेरबदल, 38 अनुभाग अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी; वित्त-गृह समेत कई विभागों में नई तैनाती

By VINAY VERMA

मंत्रालय में बड़ा फेरबदल, 38 अनुभाग अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी; वित्त-गृह समेत कई विभागों में नई तैनाती